तीज-त्योहार के दौरान निभाई जाने वाली ज्यादातर रस्में और परंपराओं के पीछे असल में कोई न कोई वैज्ञानिक तथ्य छुपा होता है। बात त्योहार विशेष के खान-पान की ही कर लें तो सेहत के लिहाज से भी इनका अपना महत्व है। जैसे कि होली में ठंडाई पीने और पिलाने (Drinking Thandai on Holi) का चलन काफी पुराना है और अगर आप सेहत की नजर से देखें तो पाएंगे कि यह पेय स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी होता है।
होली (Holi 2024) का त्योहार नजदीक आ रहा है, इसलिए इस आर्टिकल में हम आपको ठंडाई पीने के फायदों के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। दरअसल, हमने इस बारे में ग्रेटर नोएडा की डाइटिशियन आकांक्षा गोयल से बातचीत की और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं। हमारी डाइट एक्सपर्ट आकांक्षा गोयल बताती हैं कि असल में होली का त्योहार भागुन माह में पड़ता है, जब मौसम में तेजी से बदलाव आता है। ऐसे में य़ह पेय के रूप में ठंडाई का सेवन शरीर को मौसम के अनुसार ढ़ा़लने में मददगार साबित होता है।
यह भी पढ़ें- Thandai Recipes: होली पर ये 3 तरह की ठंडाई बनाना न भूलें
आकांक्षा गोयल आगे बताती हैं कि ठंडाई का सेवन शरीर को तरोताजा रखने के साथ ही ऊर्जा प्रदान करता है। साथ ही इस पेय को तैयार करने में ड्राई फ्रूट्स और दूसरे पौष्टिक पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है, जो शरीर को हष्ट-पुष्ट बनाने में मदद करते हैं। ऐसे में ठंडाई होली के त्योहार के मजे को बढ़ाने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। चलिए ठंडाई के सेवन से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभ (Health Benefits of Drinking Thandai) के बारे में विस्तार से जानते हैं।
होली के समय मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है, जब तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है। ऐसे में शरीर को बाहरी तापमान के अनुकूल ढालने में ठंडाई का प्रयोग काफी हद तक लाभकारी होता है। दरअसल, ठंडाई में इस्तेमाल किए जाने वाले सौंफ और इलायची जैसे खाद्य पदार्थ शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मददगार होते हैं। इस तरह से इस पेय का सेवन गर्मियों में होने वाली लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से भी बचाव करता है।
होली में त्योहार की भागदौड़ और मौज-मस्ती के कारण शारीरिक थकान भी काफी बढ़ जाती है। ऐसे में दूध और सूखे मेवे से बना ठंडाई का सेवन शरीर को आवश्यक ऊर्जा प्रदान करता है। दूध अपने आप में जहां एनर्जी का बड़ा स्त्रोत है, वहीं ठंडाई में प्रयोग किए जाने वाले नट्स और ड्राई फ्रूट्स भी शरीर को पोषण के साथ ही ऊर्जा प्रदान करते हैं।
ठंडाई का सेवन पाचन को दुरुस्त रखने में भी मददगार होता है। इसे तैयार करने में इस्तेमाल की जाने वाली सौंफ पाचन के लिए काफी लाभकारी होती है। ऐसे में होली के पकवानों को खाकर कहीं हाजमा न बिगड़ जाए, इससे बचाव में ठंडाई का सेवन लाभकारी हो सकता है।
ठंडाई में इस्तेमाल की जाने वाली ज्यादातर चीजें अपने आप बेहद पौष्टिक होती है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में सहायक साबित होती हैं। जैसे कि दूध और ड्राई फ्रूट्स जहां शरीर को शक्ति प्रदान करते हैं, वहीं सौंफ और इलायची में पाए जाने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट्स सीधे तौर पर रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। ऐसे में ठंडाई का सेवन मौसमी बीमारियों के प्रकोप से भी बचाने में सहायक हो सकता है।
बदलते मौसम में ठंडाई के सेवन से शरीर के साथ ही मन-मस्तिष्क को भी शांत रखने में मददगार होता है। इस तरह से ठंडाई पीने से मानसिक शांति के साथ ही एकाग्रता भी बढ़ती है। देखा जाए तो होली के त्योहार की भागदौड़ में अक्सर लोगों का तनाव बढ़ जाता है। ऐसे में त्य़ोहार के इस तनाव को कम करने के लिए ठंडाई का सेवन लाभकारी हो सकता है।
स्पष्ट है कि ठंडाई अपने आप में बेहद हेल्दी ड्रिंक है, जिसका प्रयोग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ ही स्किन को ग्लोइंग बनाए रखने में भी मददगार होता है। दूध और मेवे के प्रयोग के चलते इसके सेवन से शरीर का भरपूर पोषण मिलता है, जिसका असर त्वचा पर भी देखने को मिलता है। इससे त्वचा पर प्राकृतिक निखार और चमक आती है। ऐसे में ठंडाई का नियमित सेवन मुरझाए चेहरे पर भी जान डाल सकता है।
होली के मौके पर गुझिया, मठरी, पापड़ से लेकर तरह-तरह के पकवान बनते हैं। यह सभी पकवान काफी गरिष्ठ होते हैं, जो वजन के साथ ही पाचन संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में पेय के रूप में ठंडाई आपको इस तरह के पकवानों के अधिक सेवन से बचाव में सहायक हो सकता है। ठंडाई पीने से आपका पेट भरा रहेगा, जिससे आप ओवरईटिंग से बच सकते हैं।
यह भी पढ़ें- ठंडाई बनेगी ज्यादा टेस्टी अगर इस्तेमाल करेंगी ये चीजें
उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें। साथ ही अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
Image Credit- freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।