Expert Tips: शुगर क्रेविंग से हैं परेशान? ये हेल्दी स्नैक्स करेंगे मदद

क्या आप उनमें से हैं, जो भूख लगने पर स्वीगी या जोमैटो के ऑफर्स का आंनद लेती हैं या ऑफिस की कैंटीन में जाकर नमकीन, बिस्किट या चिप्स के पैकेट से काम चलाती हैं। इसके अलावा, अगर घर में हैं, तो कभी मैगी या ब्रेड पिज्जा बनाकर अपनी बेवक्त लगती भूख को मिटाती हैं। इसके अलावा, आपको दूसरे के अपेक्षाकृत ज्यादा ही मीठा खाने की क्रेविंग होती है। अगर आप ऐसा कर रही हैं तो यह आदत सेहत के लिए नुकसानदेह है, क्योंकि अनहेल्दी स्नैक्स खाने से मोटापा बढ़ सकता है। इनमें कार्बोहाइड्रेट्स और सोडियम की मात्रा बहुत ज्यादा होती है और इन्हें रोज लेने पर डाइट रूटीन पूरी तरह से बिगड़ सकता है।
इस तरह के स्नैक्स के बजाय अगर आप इसके हेल्दी ऑप्शन चुनें, तो पूरे दिन एनर्जेटिक फील करेंगी और कैलरीज बढ़ने का खतरा या वजन बढऩे का डर भी नहीं सताएगा। इस तरह की शुगर क्रेविंग या मंचिंग को छोड़ा जा सकता है, लेकिन इसके लिए आपको छोटे-छोटे प्रयास करने होंगे और अपनी डाइट में चीनी की जगह कुछ नए विकल्पों का चुनाव करना होगा। शुगर क्रेविंग और बेवजह मंचिंग को कम करने के लिए हमने एक्सपर्ट के माध्यम से एक लिस्ट तैयार की है, जिसे आप रोजमर्रा इस्तेमाल में आजमा सकती हैं। ये हेल्दी स्नैक्स आपके लिए किस तरह फायदेमंद साबित हो सकते हैं? इस बारे में क्लाउडनाइन ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स, चंडीगढ़ की सीनियर क्लिनिकल न्यूट्रिशिनस्ट गुरप्रीत कौर बता रही हैं।
बादाम
स्वादिष्ट स्नैकिंग के लिए बादाम बढ़िया विकल्प है। 5-6 बादाम को रात में भिगोकर खाएं। इसमें लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स होता है। वहीं इसमें मौजूद फाइबर, गुड फैट, मैग्नीशियम, पोटैशियम भी है। इसमें मौजूद विटमिन ई एंटी-एजिंग गुणों से भरपूर है, जो स्किन के लिए अच्छा है। एक अध्ययन के अनुसार बादाम, भूख को नियंत्रित करता है, जो वजन कम करने में सहायक है।
बेरीज
बेरीज में फाइबर की मात्रा अधिक और चीनी की मात्रा कम होती है। एक कप बेरीज में केवल 50 से 85 कैलोरी होती है। हालांकि यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप कौन-सी बेरीज किसके साथ खा रही हैं? आप बेरीज को दही के साथ स्मूदी बनाकर खाएं। बेरीज को कॉटेज चीज के साथ मिलाकर हेल्दी प्रोटीन स्नैक के रूप में लिया जा सकता है। एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर बेरीज दिन की अच्छी शुरुआत के लिए एक शानदार विकल्प है।
हम्मस
ऑलिव ऑयल, सूखे काबुली चने और ताहिनी से बना हम्मस में विटमिन ई, एंटी-ऑक्सीडेंट्स, कैल्शियम, फाइबर के अलावा कई और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। प्लांट-बेस्ड प्रोटीन का भी यह बढ़िया स्रोत है, जिसकी वजह से शाकाहारी और वीगन डाइट फॉलो करने वालों के लिए यह शानदार विकल्प है। हम्मस में लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स है, जो चीनी को बहुत धीरे-धीरे ब्लडस्ट्रीम में छोड़ता है। हम्मस स्वादिष्ट डिप है, जो सेलेरी, गाजर, खीरा और स्वीट पेपर्स के साथ मजेदार लगता है। टोस्ट या नाचोज के साथ इसे खाएं।
केला
केला विटमिन बी 6, विटमिन सी, डाइटरी फाइबर और पोटैशियम से भरपूर होता है। इसमें मौजूद हाई पोटैशियम कन्टेंट इलेक्ट्रोलाइट्स को संतुलित बनाए रखने में उपयोगी होता है। केला फैट फ्री, कोलेस्ट्रॉल फ्री और सोडियम-फ्री भी होता है। इसमें मैग्नीशियम की भी कुछ मात्रा पाई जाती है। केला अपने नेचरल शुगर कन्टेंट के कारण स्वाद में मीठा होता है। वजन कम करना चाहती हैं तो बनाना शेक से बचें। डायबिटीक लोगों को केले के मात्रा सीमित कर देनी चाहिए।
मखाना
मखाना को आप मंचिंग स्नैक्स के तौर पर कभी भी ले सकते हैं। इसमें आप कई फ्लेवर ऐड कर सकती हैं। अगर पुदीने का फ्लेवर चाहिए तो पुदीने की पत्तियों को इस पर रोस्ट होते समय डालें। इसे खाने से एनर्जी मिलती है। इस मौसम में मुट्ठी भर सूखे भुने मखाने खा सकती हैं।
पॉप कॉर्न
अगर आप वजन कम करने के साथ हेल्दी स्नैक्स लेना चाहते हैं, तो आप नमक के साथ ताज भुने हुए पॉप कॉर्न ले सकती हैं। गर्मागर्म पॉप कॉर्न भूख भी मिटा देते हैं और लंबे समय तक पेट के भरे होने का अहसास भी देते हैं। इसे अपनी रूटीन के डाइट में भी शामिल कर सकती हैं। जब भी बाहर जाएं तो एक बोल इसका भी लेते जाएं।
हेल्दी चिप्स
बाजार में उपलब्ध चिप्स के बजाय घर के बने हेल्दी चिप्स खाना पसंद करें।
- केल चिप्स : केल हमारे यहां आसानी से नहीं मिलता है, लेकिन केल चिप्स ऑनलाइन ऑर्डर करने पर आसानी से मंगाए जा सकते हैं। केल चिप्स खाने से आपको स्वाद के साथ सेहत भी मिलती है। ये हेल्दी स्नैक्स खाने से आपको एक्स्ट्रा कैलरी इनटेक की समस्या भी नहीं होती है।
- बनाना चिप्स : केले सेहत के लिए रामबाण माने जाते हैं। पके केले जिस तरह एनर्जी का भंडार माने जाते हैं, उसी तरह कच्चा केला भी शरीर के लिए काफी अच्छा माना जाता है। कच्चे केले में फाइबर, पोटैशियम, विटमिन बी 6, विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइटोन्यूट्रिएंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। अगर आप केले के चिप्स अपनी डाइट में शामिल करती हैं, तो इससे आप लंबे समय तक ऊर्जावान बनी रहेंगी।
- बीटरूट चिप्स : चुकंदर खाने से शरीर में खून की मात्रा बढ़ती है। जिन स्त्रियों में खून की कमी होती है, उन्हें डॉक्टर खासतौर पर चुकंदर खाने की सलाह देते हैं। साथ ही चुकंदर विटमिन और मिनरल्स का खजाना है। आपको यह जानकर खुशी होगी कि चुकंदर के चिप्स सेहत के लिए बहुत फायदेमंद साबित होते हैं और इनका स्वाद भी खाने में अच्छा लगता है। इसे घर पर तैयार करें। फिर इसमें अपने स्वादानुसार अलग-अलग फ्लेवर्स में एंजॉय करें।
रोस्टेड चना
वजन कम करने वाले स्नैक्स में सबसे ज्यादा चना पसंद किया जाता है। रोस्टेड चने में प्रोटीन और फाइबर होता है। जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है। चने खाने के काफी देर तक भूख नहीं लगती, जिससे आप बार-बार खाने से बचते हैं।
रोस्टेड मटर
हेल्दी खाने का मन हो तो आप रोस्टेड मटर खाएं। मटर को धोकर सुखाएं। बेकिंग शीट पर 200 डिग्री टेंपरेचर पर 20 मिनट तक इसे बेक करें।
यह भी पढ़ें- शुगर क्रेविंग्स को रिवर्स कर सकते हैं ये मसाले, आज ही डाइट में करें शामिल
सीड्स
हेल्दी स्नैक्स के तौर पर रोस्टेड सीड खाएं। एक चम्मच मिक्स्ड सीड्स को रोजाना लिया जा सकता है। आप इन बीजों को सैलेड की टॉपिंग पर भी डाल सकती हैं।
एप्पल-पीनट बटर
हाई फाइबर से भरपूर सेब को वेट लॉस के लिए बेस्ट फूड माना जाता है। सेब और पीनट बटर का कॉम्बिनेशन हेल्दी, हाई प्रोटीन युक्त है। पीनट बटर में कैलरी और वसा अधिक मात्रा में होता है, लेकिन आपको फिक्र करने की जरूरत नहीं है क्योंकि पीनट बटर को कम चीनी वाली चीजों के साथ खा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- शुगर क्रेविंग्स को कहें बाय-बाय, अपनाएं ये देसी हर्ब्स
डिस्क्लेमर : इस लेख की जानकारी देने का मकसद यह है कि अगर आप वजन कम करना चाहती हैं तो हेल्दी तौर पर भी मंचिंग करें। इसके लिए बेवक्त भूख लगने पर आप इस तरह के हेल्दी स्नैक्स ले सकती हैं। इन्हें खाकर आपको काफी देर तक भूख लगने का एहसास नहीं होगा और इस तरह आप अपनी वेट लॉस जर्नी को अचीव कर पाएंगी।
हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक : गीतांजलि
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।