Sat Sep 12, 2026 | Updated 03:45 AM IST

बीमारी के चलते शरीर में नहीं बची है जान, ताकत बढ़ाने के लिए खाएं ये चीजें

बीमारी के चलते अगर शारीरिक कमजोरी और थकान महसूस होती रहती है, तो आपको अपने आहार में उन चीजों को शामिल करना होगा जिनसे शरीर को आवश्यक ऊर्जा मिल सके।
Updated:- 2024-03-10, 10:00 IST
foods for speedy recovery

लंबी बीमारी से उबरने के बाद शरीर अक्सर कमजोर पड़ जाता है, ऐसे में शरीर की खोई हुई ताकत को वापस पाने में आहार अहम भूमिका निभाता है। पौष्टिक भोजन शरीर को आवश्यक ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे कमजोरी और थकान दूर होती है। इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे ही खाद्य पदार्थों के बारे में बता रहे हैं, जिनके सेवन से बीमारी के बाद बॉडी रिकवरी में मदद मिलती है।

दरअसल, हमने इस बारे में नोएडा के डॉ. वी. के. सिंह से बात की और उनसे मिली जानकारी आपके साथ शेयर कर रहे हैं। डॉ. वी. के. सिंह कहते हैं कि अगर खान-पान का सही ढंग से ध्यान रखें तो ज्यादातर स्वास्थ्य समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है। वहीं जब बात बॉडी रिकवरी की हो तो भोजन की इसमें अहम भूमिका होती है।

यह भी पढ़ें- बसंत के ये सुपर फ्रूट सेहत के लिए हैं वरदान, डाइट में जरूर करें शामिल

असल में हम जो भी भोजन लेते हैं, शरीर को उसी से पौष्टिकता मिलती है। इसलिए जरूरी है कि हमारे आहार में पौष्टिक चीजें शामिल हो। चलिए उन खाद्य पदार्थों के बारे में जानते हैं, जो शरीर की खोई हुई ताकत को वापस पाने में मददगार हो सकते हैं।

अंडा

Eggs for speedy recovery

शरीर को हष्ट-पुष्ट बनाने के लिए प्रोटीन की जरूरत होती है, जिसकी पूर्ति के लिए अंडे का सेवन बेहद जरूरी है। वैसे तो सोयाबीन और दूसरे शाकाहारी खाद्य पदार्थों में भी प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है। पर अंडे में पाया जाने वाले प्रोटीन को शरीर आसानी से अवशोषित कर लेता है। ऐसे में बॉडी रिकवरी में अंडे का सेवन काफी फायदेमंद साबित होता है।

डेयरी उत्पाद

दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद का सेवन शरीर के विकास के लिए बेहद जरूरी है। असल में डेयरी उत्पाद में कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन डी और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये सभी पोषक तत्व शरीर को सेहतमंद और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए आवश्यक होते हैं। इसलिए आपको दूध, दही, पनीर या दूसरे किसी भी डेयरी उत्पाद को जरूर शामिल करना चाहिए।

अनार

‘एक अनार सौ बीमार’ की कहावत तो आपने सुनी ही होगी और देखा जाए तो यह कहावत काफी हद तक सही भी है। बीमारी से निपटने में अनार का सेवन बेहद प्रभावी ढंग से काम कर सकता है। बता दें कि अनार के सेवन से जहां खून की कमी दूर होती है। वहीं अनार में पाए जाने वाले विटामिन , पोटेशियम और जिंक जैसे पोषक तत्वों के चलते यह शरीर को स्वस्थ बनाने में मददगार साबित होता है।

नट्स

Nuts for speedy recovery

नट्स और सूखे मेवे में प्रोटीन और फाइबर के साथ ही कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम जैसे खनिज तत्व पाए जाते हैं। इसलिए अगर आपने लंबी बीमारी के कारण अपनी ताकत खो दी है तो आपको नट्स का सेवन शुरू कर देना चाहिए। कोशिश करें कि हर रोज एक मुठ्ठी सूखे मेवे का सेवन जरूर करें।

नारियल पानी

नारियल पानी का सेवन भी शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है। दरअसल, इसमें शरीर के लिए जरूरी विटामिन के साथ ही एंटीऑक्सीडेंट्स, अमीनो-एसिड और एंजाइम भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ऐसे में अगर आप हर रोज नारियल पानी का सेवन करना शुरू कर देते हैं, तो इससे जल्द ही शरीर की कमजोरी दूर हो सकती है।

केला

केला में आयरन, फोलेट, पोटैशियम और  एंटीऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं, जिसके चलते केले के सेवन से शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है। इसलिए अगर बीमारी के चलते आप थकान और शारीरिक कमजोरी महसूस कर रहे हैं तो आपको रोजाना केले के सेवन जरूर करना चाहिए।

खजूर

खजूर में आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, ऐसे में इसके सेवन से शरीर में खून की कमी दूर होती है। वहीं इसमें फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जिससे पाचन मजबूत होता है। देखा जाए तो अक्सर बीमारी के बाद लोगों को कब्ज और पेट से जुड़ी दूसरी समस्याएं हो जाती हैं। ऐसे में खजूर का सेवन पाचन को दुरुस्त कर शरीर को हृष्ट-पुष्ट बनाने में मददगार होता है। इसके अलावा खजूर में पाए जाने वाले कैल्शियम, पोटेशियम, जिंक और विटामिन भी शरीर को सेहतमंद बनाते हैं।

हरी सब्जियां

हरी सब्जियों के फायदे तो हम अक्सर सुनते हैं, कि सेहतमंद रहने के लिए यह कितना जरूरी है। पर हममें से बहुत कम लोग ही हरी सब्जियां खाना पसंद करते हैं और इससे दूरी बनाने के कारण बीमार पड़ जाते हैं। ऐसे में अगर आप बीमारी से सबक सीख चुके हैं तो अब आपको अपने आहार में हरी सब्जियों को जरूर शामिल कर लेना चाहिए। हरी सब्जियों में शरीर के लिए जरूरी विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। वहीं इनमें बीटा-कैरोटीन काफी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जिससे शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता और ऊर्जा बढ़ती है।

यह भी पढ़ें- रोजाना खाना शुरू कर दें ये हरे रंग के फल, हाई ब्लड प्रेशर से लेकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से होगा बचाव

उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें। साथ ही अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

Image Credit- freepik

 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।