एक बात बताइए, आपको पुलाव पसंद है या बिरयानी? अच्छा, क्या आपने तहरी का मजा लिया है? जैसे बिरयानी नॉन-वेज और वेज होती है, वैसे ही पुलाव में भी कई सब्जियां डाली जाती हैं। मगर तहरी की बात अलग है।
आपको बताएं कि भारतीय खाने की विविधता और समृद्धि में बिरयानी, पुलाव और तहरी का एक विशेष स्थान है। ये तीनों व्यंजन चावल से बनते हैं, लेकिन स्वाद, पकाने के तरीके और सामग्री में इनका अपना अनूठा तरीका है।
अब अगर, आपको इनके बारे में नहीं पता, तो चिंता न करें... हम इस लेख में विस्तार से जानेंगे कि तीनों को बनाने में कौन-सी सामग्री और टेक्नीक का इस्तेमाल होता है।
बिरयानी को भारतीय व्यंजनों का शाही हिस्सा माना जाता है। इसका इतिहास मुगलकाल से जुड़ा है और यह समय के साथ भारतीय और विदेशी स्वादों का संगम बन गई। बिरयानी को आमतौर पर मांसाहारी और शाकाहारी दोनों रूपों में बनाया जाता है।
इसकी मुख्य सामग्री में चावल होता ही है, लेकिन चावल के साथ मांस की जुगलबंदी इसे खास बनाती है। चिकन और मटन को तीखे मसालों के साथ मैरीनेट किया जाता है। केसर और तले प्याज को चावल में मिलाया जाता है। मीट को पकाकर चावल में डालकर दम दिया जाता है और फिर तैयार होती है शाही बिरयानी।
बिरयानी का स्वाद गहराई लिए होता है, जिसमें मसालों का संतुलन, मांस या सब्जियों की नरमाहट और चावल की खुशबू मुख्य भूमिका निभाते हैं। यह शाही दावतों और त्योहारों की शान मानी जाती है।
इसे भी पढ़ें: बिरयानी हो जाती है चिपचिपी तो इन ट्रिक्स से बनाएं खिली-खिली
पुलाव एक सिंपल और हल्का व्यंजन है, जिसे रोजमर्रा के खाने में शामिल किया जा सकता है। उत्तर भारत में इसकी ईजाद हुई। इसमें खूब सारी सब्जियां होती हैं। आमतौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले मसाले जैसे जीरा, हल्दी, तेज पत्ता, दालचीनी आदि का इस्तेमाल होता है। कई लोग ये खड़े मसाले डालते हैं और कुछ नहीं। इसे कुकर या पॉट में पकाया जाता है, जहां चावल और सब्जियां एक साथ मसालों में मिलाई जाती हैं।
पुलाव का स्वाद हल्का और संतुलित होता है। इसमें मसाले कम होते हैं और सब्जियों का प्राकृतिक स्वाद उभरकर आता है। यह अक्सर बूंदी और खीरे के रायते, आम, लाल मिर्च का अचार या सलाद के साथ परोसा जाता है।
तहरी उत्तर भारत, विशेषकर पूर्वांचल और बिहार का प्रसिद्ध शाकाहारी व्यंजन है। इसे चावल, मौसमी सब्जियों और मसालों के साथ पकाया जाता है। तहरी का स्वाद साधारण लेकिन बेहद लाजवाब होता है, जो इसे हर उम्र के लोगों के लिए पसंदीदा बनाता है। यह व्यंजन ग्रामीण और साधारण पारिवारिक भोजन का अहम हिस्सा है। इसे अक्सर दही, अचार या पापड़ के साथ परोसा जाता है। त्योहारों, उपवास, या रोज़मर्रा के भोजन में तहरी एक खास जगह रखती है। कम सामग्री और सरल विधि के कारण यह जल्दी तैयार होने वाला और पोषक व्यंजन है।
इसमें आमतौर में मौसमी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें घी की जगह सरसों का तेल इस्तेमाल किया जाता है और अदरक-लहसुन का पेस्ट से तड़का लगाया जा सकता है। तहरी को भी कुकर में पकाया जाता है। इसमें चावल और सब्जियां साथ में पकाई जाती हैं।
तहरी का स्वाद बेहद घरेलू और सादा होता है। इसमें मसालों की मात्रा कम होती है और यह हल्की-फुल्की होती है। इसे आलू के चोखे, फ्राई की हुई हरी मिर्च, अचार और पापड़ के साथ परोसा जाता है।
इसे भी पढ़ें: साउथ इंडिया में सर्व की जाती हैं कई तरह की बिरयानी, आप भी ट्राई करें ये वैरायटीज
अब आपको यह तो पता चला होगा कि तहरी बिरयानी और पुलाव से कितनी अलग है। बिरयानी जहां शाही दावत का हिस्सा है, वहीं, पुलाव एक स्टेपल डिश है। इनमें से कौन-सा बेहतर व्यंजन है, यह आपके टेस्ट पर निर्भर करता है-
अगर शाही और गहरा स्वाद चाहिए और समय है, तो बिरयानी सबसे बेहतर विकल्प है। अगर हल्का और संतुलित भोजन चाहिए, तो पुलाव चुनें। यह रोजमर्रा के खाने के लिए परफेक्ट है। अगर सबसे जल्दी बनने वाला और साधारण व्यंजन चाहिए, तो तहरी सबसे अच्छा विकल्प है। यह हल्की भूख या कम समय में भोजन के लिए बढ़िया है।
हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।