बिना पालक डाले घर पर बनाएं पंजाबी स्टाइल गाढ़ा सरसों का साग, नोट करें देसी घी और लहसुन के तड़के वाली रेस‍िपी

अगर आप घर पर पंजाबी स्‍टाइल में सरसों का साग बनाना चाहती हैं, तो हम आपकाे आसान तरीका बता रहे हैं।
Updated:- 2026-11-13, 15:59 IST
punjabi style sarson ka saag recipe

सर्दियों में सरसों का साग और मक्के की रोटी का नाम सुनते ही खाने का मन करने लगता है। आमतौर पर लोग साग बनाते समय उसमें पालक भी मिलाते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि सिर्फ सरसों की पत्तियों से भी गाढ़ा और स्वादिष्ट साग बनाया जा सकता है? इसके लिए आपको पालक डालने की जरूरत नहीं है।

सरसों की पत्तियों को अदरक और हरी मिर्च के साथ पकाकर, फिर मक्के के आटे से गाढ़ा किया जाता है। सबसे आखिर में देसी घी में भुना हुआ लहसुन और सूखी लाल मिर्च डालने से इसका इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाता है। ऐसे में अगर आप भी इस सर्दी घर पर पंजाबी स्टाइल में सरसों का साग बनाना चाहती हैं, तो हम आपके ल‍िए आसान रेसि‍पी लेकर आए हैं।

punjabi style sarson ka saag recipe (1)

Image Credit- adobe stock

सरसों का साग बनाने के लिए कौन-कौन सी चीजें चाहिए?

करीब आधा किलो सरसों की पत्तियों से साग बनाने के लिए आपको ये सामान चाहिए होंगे। जैसे-

  • 500 ग्राम सरसों की पत्तियां और उनके मुलायम डंठल
  • 1 इंच अदरक का टुकड़ा
  • 1 हरी मिर्च
  • करीब आधा कप पानी
  • 1 से 2 बड़े चम्मच मक्के का आटा
  • स्वाद के हिसाब से नमक
  • लहसुन के तड़के के लिए 1 से 2 बड़े चम्मच देसी घी
  • 4 से 5 लहसुन की कलियां
  • 1 साबुत सूखी लाल मिर्च

बिना पालक के कैसे बनाएं पंजाबी स्‍टाइल गाढ़ा सरसों का साग?

पंजाबी स्‍टाइल में ब‍िना पालक के सरसों का साग बनाने के ल‍िए आपको बहुत ज्‍यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप कुछ आसान स्‍टेप्‍स से सरसों का साग बना सकती हैं। इसे बनाने के ल‍िए-

  • सबसे पहले सरसों की गड्डी खोल लें। इसमें से पीली पत्तियां और मोटे और सख्त डंठल अलग कर दें। जो पतले डंठल आसानी से टूट जाते हैं, उन्हें पत्तियों के साथ रख सकती हैं। अब एक बड़े बर्तन में पानी भरकर पत्तियों को अच्छी तरह धोएं। जरूरत के हिसाब से पानी बदलकर दोबारा धो लें। जब पत्तियों से मिट्टी पूरी तरह निकल जाए, तो उन्हें छलनी में रखकर पानी सूखने दें। इसके बाद मोटा-मोटा इन्‍हें काट लें।
  • अब एक हैवी बेस वाले बर्तन में कटी हुई सरसों की पत्तियां डालें। इसमें कटा हुआ अदरक, हरी मिर्च और करीब आधा कप पानी मिला दें। बर्तन को ढककर मीड‍ियम फ्लेम पर पकने दें। बीच में ढक्कन हटाकर इन्‍हें चलाती रहें, ताकि ये अच्छी तरह से पक जाएं। अगर पानी सूखने लगे और डंठल अभी सख्त लगें, तो थोड़ा गर्म पानी डालकर कुछ देर और पका लें।
  • पत्तियां जब अच्छी तरह पक जाएं, तो गैस का फ्लेम धीमा कर दें। अब मथनी से इन्हें दरदरा मसल लें। ध्यान रखें कि साग को पूरी तरह पेस्ट जैसा नहीं बनाना है। इसमें थोड़ी पत्तियां दिखती रहेंगी, तो खाने में स्‍वाद भी अच्‍छा आएगा।
  • अब एक बड़े चम्मच मक्के के आटे को थोड़े ठंडे पानी में अच्छी तरह घोल लें। इस घोल को धीरे-धीरे साग में डालें और साथ में चलाती रहें। ऐसा करने से आटे की गांठें नहीं बनेंगी। अब इसमें स्वाद के हिसाब से नमक डालें और धीमी आंच पर पकने दें।
  • जब आटे का कच्चापन खत्म हो जाए और साग गाढ़ा होकर चम्मच पर टिकने लगे, तो समझें कि यह तैयार हो गया है। अगर साग पतला लग रहा है, तो थोड़ा और आटा पानी में घोलकर मिला सकती हैं।
  • अब बारी है साग को असली पंजाबी स्वाद देने की। इसके लिए एक छोटी कड़ाही में देसी घी गर्म करें। इसमें पतले कटे हुए लहसुन डालें और धीमी आंच पर पकाएं। जब लहसुन सुनहरे होने लगें, तो इसमें साबुत सूखी लाल मिर्च डाल दें। कुछ सेकंड बाद गैस बंद कर दें।
  • अब इस गर्म तड़के को साग के ऊपर डाल दें और अच्‍छे से म‍िक्‍स कर दें। बस ध्यान रखें कि लहसुन को बहुत ज्यादा भूरा नहीं होने देना है, वरना उसका स्वाद बदल जाएगा।
  • अगर आप इसे स्‍मोकी फ्लेवर देना चाहती हैं, तो कोयला जलाकर एक दीये में रखें और इसे साग में रखकर ऊपर से घी डालें और ढक्‍कन कुछ देर के ल‍िए बंद कर दें। इससे फ्लेवर अच्‍छे से स्‍वाद में आ जाएगा।

punjabi style sarson ka saag recipe (2)

Image Credit- adobe stock

मक्के की रोटी और गुड़ के साथ सर्व करें सरसों का साग

गरमा-गरम सरसों के साग को कटोरी में निकालें और इसके साथ तवे से उतरी मक्के की रोटी रखें। आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा मक्खन भी डाल सकती हैं। साथ में गुड़ का एक छोटा टुकड़ा रख दें।

यह भी पढ़ें- Winter Special Dishes: सर्दियां खत्म होने से पहले-पहले जरूर चख लें ये 5 लाजवाब डिशेज, वरना पूरे साल करेंगी मिस

साग बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप सरसों का साग बना रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखना होगा। जैसे-

  • पत्तियों को काटने से पहले अच्छी तरह धो लें, ताकि मिट्टी न रह जाए।
  • मोटे और सख्त डंठलों को निकाल दें, वरना साग मसलने के बाद भी रेशे आएंगे।
  • शुरुआत में बहुत ज्यादा पानी न डालें। जरूरत पड़ने पर बाद में थोड़ा गर्म पानी मिला सकती हैं।
  • मक्के के आटे को सीधे साग में डालने के बजाय पहले पानी में घोल लें।
  • लहसुन को घी में थोड़ा सुनहरा होते ही उतार लें।

इस तरह आप बिना पालक डाले घर पर गाढ़ा पंजाबी स्टाइल सरसों का साग बना सकती हैं। सर्दियों में इसे मक्के की रोटी, देसी घी और गुड़ के साथ सर्व करें। यकीन मान‍िए सामने वाले को खाते ही मजा आ जाएगा।

यह भी पढ़ें- Winter Saag Recipe:  सरसों साग की इस अलग स्टाइल से बनाएं सब्जी, बड़े चाव से खाएंगे बच्चे; पढ़ें रेसिपी

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।