Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:28 PM IST

फिल्मों में ही नहीं, अब हकीकत में देखें हवा में लटकता बांस का पुल, जानें इस अनोखी जगह के बारे में

मेघालय के खासी हिल्स में स्थित 'यू मावरिंगखांग' ट्रेक भारत के सबसे खतरनाक और रोमांचक ट्रेक्स में से एक है। आइए जानते हैं हवा में लटकते इस अनोखे बांस के पुल की पूरी कहानी। 
Updated:- 2026-08-13, 18:46 IST
Meghalaya adventure

फिल्मों में हीरो को खतरनाक रास्तों पर चलते देखकर, कई बार हमारे मन में भी यह ख्याल आता है कि काश, हम भी अपनी जिंदगी में ऐसा ही कुछ एडवेंचर कर पाते। दुनिया में ऐसी कई जगहें मौजूद हैं, जहां आप फिल्मों में दिखाए गए कुछ सीन्स को हकीकत में महसूस कर सकती हैं। जी हां, इस लेख में हम आपको ऐसी ही एक खूबसूरत जगह के बारे में बताएंगे, जो भारत के सबसे खतरनाक और रोमांचक ट्रेक्स में से एक है।

भारत का खतरनाक ट्रेक

अगर आपको भी एडवेंचरस एक्टिविटीज करने का बहुत शौक है, तो आप मेघालय के खासी हिल्स में स्थित 'यू मावरिंगखांग' जा सकती हैं।

मेघालय के खासी हिल्स में स्थित 'यू मावरिंगखांग' ट्रेक

मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स में एक खतरनाक ट्रेक है, जिसका नाम यू मावरिंगखांग ट्रेक है। इसे भारत के सबसे डेंजरस ट्रेक्स में गिना जाता है। यह एक ऐसा अनोखा रास्ता है, जो गहरी घाटियों, विशाल चट्टानों और बहती नदियों के ऊपर से होकर गुजरता है। दरअसल यहां बांस से बना एक पतला पुल है, जो हवा में लटकता हुआ नजर आता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह ट्रेक कमजोर दिल वाले लोगों के लिए बिल्कुल नहीं है। हालांकि एडवेंचर के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है।

2 - 2026-08-13T181605.596

वाहकैन गांव और स्थानीय आदिवासियों की मेहनत से बना ट्रेक

एडवेंचर लवर्स अगर कुछ डिफरेंट और नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो उनके लिए मेघालय की खासी हिल्स में छिपा यू मावरिंगखांग ट्रेक परफेक्ट रहेगा। यू मावरिंगखांग ट्रेक की शुरुआत शिलांग और सोहरा से कुछ दूरी पर बसे वाहकैन नाम के एक छोटे और खूबसूरत गांव से होती है। सबसे खास बात यह है कि इस रोमांचक ट्रेक को बनाने का काम वाहकैन गांव के स्थानीय खासी आदिवासियों ने खुद किया है। उन्होंने अपनी पारंपरिक तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए बांस और बेत की डोरियों से इन पुलों और सीढ़ियों को तैयार किया है।  

यह भी पढ़ें- फरवरी में दोस्तों के साथ जाना चाहते हैं ट्रेकिंग पर, तो इन लोकेशन पर जा सकते हैं आप

किंग ऑफ स्टोंस तक पहुंचने का अनोखा सफर

मेघालय पर्यटन विभाग की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस ट्रेक को बनाने का मुख्य उद्देश्य एक विशालकाय पवित्र चट्टान तक पहुंचना था। इस चट्टान को स्थानीय लोग किंग ऑफ स्टोंस यानी पत्थरों का राजा कहते हैं। इस ट्रेक पर आपको पूरे रास्ते में सैकड़ों फीट गहरी खाई के ठीक ऊपर लटकते बांस के पुलों से होकर गुजरना पड़ता है। यही नहीं, कई जगहों पर बांस की संकरी सीढ़ियां भी बनाई गई हैं। इस रास्ते से गुजरते समय जब लोग नीचे उफनती नदी को देखते हैं, तो उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं।  

1 - 2026-08-13T181557.947

इस थ्रिलिंग सफर पर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान - 

अगर आपने भी यहां जाने का मन बना लिया है, तो जानें से पहले कुछ जरूरी बातों का खास ध्यान रखें -

  • स्थानीय निवासी समय-समय पर इस बांस के पुल की मरम्मत करते रहते हैं, जिस वजह से इसे काफी मजबूत माना जाता है।
  • इस ट्रेकिंग के दौरान आपको करीब 3,000 सीढ़ियां पार करनी होती हैं और इस ट्रेक को पूरा करने में लगभग 3 से 4 घंटे लग सकते हैं।
  • अगर आपको ऊंचाई से डर लगता है या खाई देखते ही आपकी दिल की धड़कनें बढ़ जाती हैं, तो यहां जाने से पहले सोच-समझकर निर्णय लें।
  • बारिश के मौसम में इन बांसों पर फिसलन काफी बढ़ जाती है, इसलिए संभलकर चलें और अच्छी ग्रिप वाले ट्रेकिंग शूज का ही इस्तेमाल करें। 

ऐसे पहुंचें यू मावरिंगखांग -

अगर आप भी यू मावरिंगखांग जाना चाहती हैं, तो इस तरह से पहुंच सकती हैं - 

  • सबसे पहले अपने घर के नजदीकी एयरपोर्ट से गुवाहाटी के गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा तक का टिकट लें।
  • आप चाहें, तो रेल मार्ग से भी गुवाहाटी रेलवे स्टेशन तक जा सकती हैं।
  • गुवाहाटी से आप सीधा शिलांग जाएं, फिर शिलांग से वाहखेन गांव पहुंचें।
  • वाहखेन गांव से आप प्राइवेट कैब या किराए की बाइक और स्कूटर लेकर यहां तक पहुंच सकती हैं।
  • शिलांग से वाहखेन जाने के लिए लगभग 2 से 2.5 घंटे का समय लगता है।

यह भी पढ़ें- भारत की इन झरने वाली जगहों पर ट्रेकिंग का मजा हो जाएगा दोगुना, बारिश में पार्टनर के साथ जा सकती हैं आप

अगर आप भी अपनी जिंदगी में लीक से हटकर कुछ ऐसा थ्रिल अनुभव करना चाहती हैं, तो मेघालय के इस हवा में लटकते बांस के पुल की सैर आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकती है। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

Image Credit:  magnific 

FAQ
 क्या यह खतरनाक बैंबू ट्रेक बच्चों या बुजुर्गों के लिए सही है?
अत्यधिक ऊंचाई, संकरे बांस के रास्तों और खड़ी खाइयों के कारण यह छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए उपयुक्त नहीं है।
मेघालय का 'उ मवरिंगखांग' ट्रेक क्यों भारत के सबसे रोमांचक ट्रेक्स में गिना जाता है?
यह ट्रेक पूरी तरह से पहाड़ियों और खाइयों के बीच हवा में लटके बांस के पुलों (Bamboo Bridges) पर बना हुआ है।
मेघालय का सबसे सुंदर गाँव कौन सा है?
मेघालय का सबसे सुंदर और प्रसिद्ध गांव मावलिननॉन्ग (Mawlynnong) है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।