Shardiya Navratri 2026: 9 दिन मां दुर्गा को लगाएं इन चीजों का भोग, देखें पूरी लिस्ट और आसान रेसिपी

शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। इन नौ दिनों में भक्त मां को खुश करने के लिए पूजा-पाठ करते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग लगाते हैं और कुछ लोग व्रत भी करते हैं। आमतौर पर घरों में हलवा, खीर और फल चढ़ाए जाते हैं, लेकिन अगर आप इस बार मां के लिए कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो कई ऐसी मीठी चीजें हैं जिन्हें फलाहार के लिए इस्तेमाल होने वाली चीजों से आसानी से तैयार किया जा सकता है।
खास बात यह है कि मां दुर्गा का भोग बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी। आज हम आपको अपने इस लेख में बता रहे हैं कि नवरात्रि के पहले दिन से नौवें दिन तक मां दुर्गा को कौन-कौन से मीठे भोग लगा सकती हैं और इन्हें घर पर बनाने का आसान तरीका क्या है? आइए जानते हैं-
शारदीय नवरात्रि 2026: 9 दिनों के भोग की लिस्ट
| दिन | किस माता की पूजा होती है | क्या भोग लगाएं |
| पहला दिन | मां शैलपुत्री | केसर मखाना रबड़ी |
| दूसरा दिन | मां ब्रह्मचारिणी | नारियल-खजूर के लड्डू |
| तीसरा दिन | मां चंद्रघंटा | शकरकंद की खीर |
| चौथा दिन | मां कूष्मांडा | राजगीरा नारियल बर्फी |
| पांचवां दिन | मां स्कंदमाता | मखाना-खजूर की खीर |
| छठा दिन | मां कात्यायनी | सेब-मखाना हलवा |
| सातवां दिन | मां कालरात्रि | सिंघाड़े-गुड़ का मालपुआ |
| आठवां | मां महागौरी | नारियल-मखाना बॉल्स |
| नवमी | मां सिद्धिदात्री | राजगीरा और खजूर की मिठाई |
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री को लगाएं केसर मखाना रबड़ी का भोग
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। इस दिन आप मां को केसर मखाना रबड़ी का भोग लगा सकती हैं। यह आम खीर से थोड़ी अलग होती है और इसे बनाना भी आसान है। इसके लिए-
- एक पैन में दूध गर्म करें।
- इसमें थोड़े से मखाने डालकर धीमी आंच पर पकाएं।
- जब दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें चीनी, केसर और इलायची पाउडर डाल दें।
- कुछ देर पकाने के बाद गैस बंद कर दें।
- ठंडा होने पर इसे मां को भोग लगा सकती हैं।
image credit- adobe stock
नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी को लगाएं नारियल-खजूर के लड्डू
दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। इस दिन आप नारियल और खजूर से बने मीठे लड्डू तैयार कर सकती हैं। इनमें मिठास के लिए खजूर का इस्तेमाल कर लें। इससे यह हेल्दी भी हो जाएगी। इसे बनाने के लिए-
- खजूर के बीज निकालकर उन्हें मिक्सर में पीस लें।
- अब एक पैन में कद्दूकस किया हुआ नारियल लें और थोड़ा सा ड्राई रोस्ट कर लें।
- इसके बाद इसमें खजूर का पेस्ट मिलाएं और अच्छी तरह चलाएं।
- मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर छोटे-छोटे लड्डू बना लें।
नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा के लिए बनाएं शकरकंद की खीर
तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। इस दिन शकरकंद की खीर बना सकती हैं। इसका स्वाद पहले से ही मीठा होता है और इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता है। इसके लिए-
- शकरकंद को उबालकर छील लें और अच्छी तरह मैश कर लें।
- अब एक पैन में दूध गर्म करें और उसमें शकरकंद डाल दें।
- इसे कुछ मिनट पकाएं।
- अब स्वाद के अनुसार चीनी, इलायची और कटे हुए बादाम डाल दें।
- जब खीर गाढ़ी हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा को लगाएं राजगीरा नारियल बर्फी
चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा होती है। इस दिन आप राजगीरे और नारियल से बनी बर्फी का भोग लगा सकती हैं। बस ध्यान रखें कि राजगीरा कई जगह व्रत में खाया जाता है, कई जगह नहीं। ऐसे में आप अपने घर की परंपरा के अनुसार ही इसका इस्तेमाल करें। इसे बनाने के लिए-
- एक पैन में थोड़ा घी गर्म करके राजगीरे का आटा भून लें।
- अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और स्वाद के अनुसार चीनी की चाशनी मिलाएं।
- मिश्रण को अच्छी तरह चलाकर घी लगी प्लेट में फैला दें।
- जब यह ठंडा हो जाए तो मनचाहे शेप में काट लें।
image credit- magnific
नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता को लगाएं मखाना-खजूर की खीर
पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है। इस दिन मखाना और खजूर की खीर बना सकती हैं। इसमें खजूर से नेचुरल मिठास आएगी और मखाने से खीर का स्वाद भी बढ़ेगा। इसे बनाने का तरीका आसान है। जैसे-
- सबसे पहले मखानों को घी में भूनकर दरदरा पीस लें।
- अब दूध गर्म करके इसमें मखाने डालें।
- इसके बाद बीज निकाले हुए बारीक कटे खजूर डालकर धीमी आंच पर पकाएं।
- खीर जब गाढ़ी होने लगे तो इलायची डालें और गैस बंद कर दें।
- अगर जरूरत लगे, तो थोड़ी चीनी भी मिला सकती हैं।
नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी को लगाएं सेब-मखाना हलवा का भोग
छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। इस दिन सेब और मखाने से बना हलवा भोग के लिए तैयार कर सकती हैं। यह सूजी के हलवे से काफी अलग और स्वादिष्ट होता है। इसके लिए-
- सबसे पहले मखानों को पीसकर अलग रख लें।
- अब एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और कद्दूकस किया हुआ सेब डालकर कुछ मिनट पकाएं।
- अब इसमें मखाने का पाउडर, थोड़ा दूध और चीनी मिलाएं।
- इस मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाना है।
- जब हलवा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें इलायची डालकर गैस बंद कर दें।
image credit- magnific
नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि को लगाएं सिंघाड़े-गुड़ का मालपुआ
सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। इस दिन आप सिंघाड़े के आटे और गुड़ से मालपुए बना सकती हैं। इन्हें कम घी में भी आप तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए-
- आप सिंघाड़े के आटे में थोड़ा गुड़ का पानी और जरूरत के अनुसार दूध मिलाकर गाढ़ा घोल बना लें।
- इसे कुछ देर के लिए अलग रख दें, ताकि ये सेट हो जाएं।
- अब तवे या पैन पर थोड़ा घी लगाकर छोटे-छोटे मालपुए डालें।
- इन्हें दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें।
- भोग लगाने से पहले इन्हें ठंडा होने दें।
नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी को लगाएं नारियल-मखाना बॉल्स
आठवें दिन मां महागौरी की पूजा की जाती है। इस दिन नारियल और मखाने से बनी मीठी बॉल्स भी भोग में रख सकती हैं। खासस बात तो यह है कि इन्हें बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती है-
- सबसे पहले मखानों को थोड़ा सा भूनकर पीस लें।
- अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल, थोड़ा घी और पिसी हुई चीनी मिलाएं।
- जरूरत पड़ने पर थोड़ा गुनगुना दूध डाल दें, ताकि इसकी बाइंडिंग हो सके।
- अब इससे छोटी-छोटी बॉल्स बना लें।
यह भी पढ़ें: Navratri Bhog: नवरात्रि में मां सिद्धिदात्री को लगाएं खीर पूड़ी का भोग, जानें विधि
नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री को लगाएं राजगीरा और खजूर की मिठाई
नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस दिन आप राजगीरे और खजूर से बनी मिठाई का भोग लगा सकती हैं। इसके लिए-
- राजगीरे के आटे को थोड़े से घी में भून लें।
- अब खजूर के बीज निकालकर उन्हें पीस लें।
- अब दोनों को मिलाकर अच्छी तरह गूंध लें।
- अगर मिश्रण सूखा लग रहा है, तो थोड़ा गर्म दूध भी मिला सकती हैं।
- इसे एक प्लेट में फैलाकर दबा दें।
- जब यह ठंडा हो जाए तो छोटे टुकड़ों में काट लें।
image credit- magnific
नवरात्रि में भोग बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप नवरात्रि में मां दुर्गा के लिए भोग बना रही हैं, ताे कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- भोग बनाने से पहले रसोई और पूजा की जगह साफ कर लें।
- व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री अपने घर की परंपरा के अनुसार ही लें।
- भोग के लिए मिठाई बनाते समय चीनी और घी का इस्तेमाल अपनी जरूरत के हिसाब से करें।
- मां को भोग लगाने से पहले तैयार पकवान को साफ बर्तन में रखें।
- भोग लगाने के बाद प्रसाद परिवार के लोगों में बांट दें।
यह भी पढ़ें: Shardiya Navratri 2024 Bhog Recipe: देवी मां के लिए पहले दिन बनाएं भोग वाली खिचड़ी, जानें रेसिपी
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।