Navratri Vrat Sweets: नवरात्रि व्रत में मीठा खाने का मन है? झटपट बन जाएंगी ये 3 फलाहार मिठाईयां

नवरात्रि के दौरान कुछ लोग 9 दिनों का उपवास रखते हैं। ऐसे में खाने-पीने की चीजें सीमित हो जाती हैं। कई बार ऐसा होता है कुछ मीठा खाने की क्रेविंग होने लगती हैं, लेकिन समझ नहीं आता कि क्या खाएं? क्योंकि हर बार फल या दूध पीकर मन नहीं भरता और बाजार से मिठाई लाने का भी मन नहीं करता है। ऐसे में घर पर ही कुछ ऐसा बनाने का आइडिया कैसा रहेगा, जो खाने में टेस्टी हो और बनाने में ज्यादा समय भी न लगे?
नवरात्रि व्रत में बनाएं फलाहार मिठाइयां
अगर आपको भी नवरात्रि में मीठा खाने का मन कर रहा है तो इस बार आम हलवा या खीर के बजाय कुछ अलग ट्राई कर सकती हैं। घर में रखे मखाने, नारियल, केला और शकरकंद जैसी चीजों से कई तरह की मिठाइयां बनाई जा सकती हैं। अच्छी बात यह है कि इनके लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। तो आइए हम आपको कुछ यूनिक फलाहार मिठाइयों के बारे में बता रहे हैं। आइए जानते हैं-
image credit- magnific
1. नवरात्रि व्रत में बनाएं नारियल-मखाने की बर्फी
अगर आपको बर्फी खाना पसंद है, तो इस बार नारियल और मखाने से बनी मिठाई ट्राई करें। इसका स्वाद अच्छा होता है और इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती है।
सामग्री
- 1 कप मखाने
- 1 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
- आधा कप दूध
- 3 से 4 बड़ी चम्मच चीनी
- 1 छोटा चम्मच घी
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- थोड़े से कटे हुए बादाम
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करके मखानों को कुरकुरा होने तक भून लें। जब ये ठंडे हो जाएं ताे इन्हें मिक्सर में पीसकर दरदरा पाउडर बना लें। अब उसी पैन में नारियल डालकर 2 मिनट तक भून लें। इसके बाद इसमें दूध और चीनी डालकर अच्छी तरह से मिला लें। इसके बाद मखाने का पाउडर और इलायची डाल दें। इस मिश्रण को धीमी आंच पर चलाते हुए पकाना है। जब यह गाढ़ा होने लगे, तो इसे घी लगी प्लेट में निकालकर फैला दें। ऊपर से कटे हुए बादाम डाल दें। जब यह ठंडा हो जाए तो अपनी पसंद के शेप में काट लें।
image credit- magnific
2. नवरात्रि में बनाएं केले और नारियल के मीठे बॉल्स
कुछ मीठा खाने का मन हो और आपके पास ज्यादा समय न हो, तो केले और नारियल से मीठे बॉल्स भी बना सकती हैं। इन्हें बनाने के लिए आपको बहुत कम सामान चाहिए होगा।
यह भी पढ़ें- Shardiya Navratri 2026: 9 दिन मां दुर्गा को लगाएं इन चीजों का भोग, देखें पूरी लिस्ट और आसान रेसिपी
सामग्री
- 2 पके हुए केले
- आधा कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
- 2-3 बड़े चम्मच मखाने का पाउडर
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 छोटा चम्मच घी
- जरूरत के हिसाब से कटे हुए मेवे
इसे बनाने के लिए सबसे पहले केले को छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। अब एक पैन में घी गर्म करें और उसमें मैश किया हुआ केला डालकर कुछ मिनट पका लें। जब केले का पानी कम होने लगे, तो इसमें नारियल, मखाने का पाउडर और इलायची मिला दें। इस मिश्रण को तब तक चलाएं, जब तक वह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। अब गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें। अब हाथों पर घी लगाकर इसके बॉल्स बना लें। इन्हें कटे हुए मेवों या नारियल के बुरादे से कोट भी कर दें।
image credit- magnific
3. व्रत में ट्राई करें शकरकंद का हलवा
आलू और साबूदाने से बनी चीजें तो लगभग सभी लोग खाते हैं। तो इस बार क्यों न शकरकंद का हलवा बना लिया जाए? शकरकंद का हलवा स्वाद में अच्छा हाेता है और हेल्दी भी।
सामग्री
- 2 मीडियम साइज की शकरकंद
- 2 बड़े चम्मच घी
- 3 बड़े चम्मच चीनी या स्वाद के हिसाब से
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 2 बड़े चम्मच कटे हुए काजू और बादाम
- जरूरत के हिसाब से थोड़ा दूध
इसे बनाने के लिए सबसे पहले शकरकंद को धोकर उबाल लें। अब इसे छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। अब कड़ाही में घी गर्म करें और मैश की हुई शकरकंद डालें और 4-5 मिनट तक भूनें। इसके बाद चीनी और इलायची पाउडर डालकर मिलाएं। अगर हलवा ज्यादा ड्राई लगे, तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा दूध मिला दें। इसे धीमी आंच पर चलाते हुए पकाएं। आखिर में कटे हुए मेवे डालें और गैस बंद कर दें। आपका शकरकंद का हलवा तैयार है।
यह भी पढ़ें- Durga Puja 2026: घर पर बनाएं बंगाल की ये 5 फेमस मिठाइयां, मुंह में घुल जाएगी मिठास
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।