त्योहारी सीजन में घर पर बनाएं ये 2 लो कैलोरी मिठाइयां, वजन नहीं बढ़ेगा और दिल रहेगा स्वस्थ

त्योहारों का मौसम आते ही हर घर में मिठाईयां बननी शुरू हो जाती हैं, लेकिन साथ ही वजन बढ़ने और डायबिटीज की चिंता भी सताने लगती है। ऐसे में परिवार और अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए महिलाएं घर पर कौन सी ऐसी शुगर फ्री या कम कैलोरी वाली मिठाईयां बना सकती हैं, बता रहे हैं नोवाटेल के मशहूर शेफ विक्रम जायसवाल।
त्योहारों पर घर में बनाएं 2 हेल्दी मिठाइयां
त्योहारी सीजन में आप कितना भी जी चुरा लीजिए, थोड़ी बहुत मिठाइयां तो खाई जाती हैं। आप न भी खाएं, लेकिन मेहमानों को तो देनी ही पड़ती हैं। ऐसे में सेहत का ख्याल रखना मुश्किल हो जाता है। खासकर बाजार में 'नो रिफाइंड शुगर' के नाम से बिकने वाली मिठाईयों पर भरोसा करना थोड़ा कठिन है। वे पूरी तरह से शुगर फ्री है या नहीं, ये कहा नहीं जा सकता। ऐसे में घर पर ड्राई फ्रुट्स से बनी मिठाईयां आपकी सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकती हैं, क्योंकि उनमें प्राकृतिक मीठा होता है, जो आपके शुगर लेवल को बढ़ाता नहीं है।
1. मखाना-खजूर के लड्डू
नीचे बताए गई चीजों की मदद से आप घर पर आसानी से 10 से 12 लड्डू बना सकती हैं। ये खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ सेहतमंद भी होते हैं।
सामग्री
- मखाना - 100 ग्राम
- खजूर- 150 ग्राम
- बादाम 30 ग्राम
- काजू- 20 ग्राम
- कद्दू के बीज- 15 ग्राम
- घी- 10 ग्राम
- नारियल का बुरादा, एक चुटकी इलाइची पाउडर
विधि - मखाने को पहले हल्की आंच में रोस्ट कर लें और फिर ठंडा होने के बाद मिक्सर में ग्राइंड कर लें। उसके बाद बादाम, काजू और कद्दू के बीज को भी हल्का भून लें और फिर छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर एक पैन में घी लेकर उसमें खजूर डालें, उसे दो से तीन मिनट तक छोड़ दें, जब तक नरम न हो जाए। फिर उसमें मखाना पाउडर और सभी ड्राई फ्रुट्स मिलाएं, साथ में एक चुटकी इलायची पाउडर भी डालें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें और नारियल या तिल में लपेटकर लड्डू बना लें।
नहीं बढ़ेगा वजन
मखाने के लड्डू में किसी तरह का आर्टिफिशियल मीठा नहीं है। ड्राईफ्रुट्स में प्रोटीन, कैल्शियम और कई तरह के मिनरल पदार्थ होते हैं, जो शरीर के लिए बहुत जरूरी है। इसमें गुड़ या शहद जैसी कोई भी मीठी चीज नहीं होती है, खजूर एक प्राकृतिक मीठा है जो बिल्कुल भी नुकसान नहीं करता।
2. अखरोट की बर्फी
अखरोट की बर्फी आप आसानी से घर पर बना सकती हैं। यह खाने में जितनी स्वादिष्ट उतनी ही पौष्टिक भी होती हैं।
सामग्री
- आधा कप अखरोट या अपनी पसंद के अन्य मेवे
- 3 बड़े चम्मच कद्दू के बीज और तिल के बीज
- 1.5 कप खजूर (बीज रहित, कटे हुए)
- 2 छोटे चम्मच घी
- 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
विधि- पहले भुने हुए अखरोट, बादाम या अन्य मेवों को हल्का दरदरा पीस लें। आप चाहें तो फूड प्रोसेसर के बजाय इन्हें काटकर भी पीस सकते हैं। एक पैन में 1 छोटा चम्मच घी गरम करें। इसमें बादाम, कद्दू और तिल डाललकर धीमी आंच में भून लें। फिर ठंडा होने के लिए रख दें। उसके बाद उसी पैन में एक छोटा चम्मच घी और कटे हुए खजूर डालें और धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि वह चिपचिपा न हो जाए। फिर खजूर के मिश्रण में मेवों का मिश्रण और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिला लें। मिश्रण को चिकनाई लगी प्लेट पर फैलाएं, दबाएं और एक या दो घंटे के लिए रख दें। उसके बाद चौकोर टुकड़ों में काट लें।
यह भी पढ़ें- Protein Rich Curries: स्वाद भी, सेहत भी! सर्दियों में जरूर खाएं प्रोटीन से भरपूर ये 6 तरह की कढ़ी
दिल रहेगा स्वस्थ
अखरोट, ओमेगा-3 फैटी एसिड और अल्फा-लिनोलेनिक एसिड का एक बेहतरीन स्रोत है। ओमेगा- 3 सूजन को कम करके कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करके दिल की सेहत को फायदा पहुंचाता है। यह एंटीआक्सीडेंट से भरपूर होने के कारण दिमाग और दिल दोनों को स्वस्थ रखता है।
यह भी पढ़ें- Durga Puja 2026: घर पर बनाएं बंगाल की ये 5 फेमस मिठाइयां, मुंह में घुल जाएगी मिठास
आप भी इन दोनों लो शुगर मिठाई में से अपनी पसंद की मिठाई अपनों के लिए घर पर आसानी से बना सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
- त्योहारों में कौन-सी लो कैलोरी मिठाइयां घर पर बना सकते हैं?
- त्योहारों में घर पर लो कैलोरी खीर, फ्रूट योगर्ट, खजूर और नट्स से बनी मिठाइयां या कम चीनी वाली मिठाइयां बना सकते हैं। इनकी कैलोरी इस्तेमाल की गई सामग्री और मात्रा पर निर्भर करती है।
- क्या लो कैलोरी मिठाइयां खाने से वजन नहीं बढ़ता है?
- लो कैलोरी मिठाइयों में सामान्य मिठाइयों की तुलना में कम कैलोरी हो सकती है, लेकिन वजन बढ़ना कुल कैलोरी सेवन और शारीरिक गतिविधि पर निर्भर करता है। इन्हें भी सीमित मात्रा में खाना चाहिए।
- दिल की सेहत के लिए कौन-सी मिठाइयां बेहतर हैं?
- कम चीनी, कम सैचुरेटेड फैट और संतुलित सामग्री से बनी मिठाइयां बेहतर विकल्प हो सकती हैं। दिल की सेहत के लिए मिठाई की मात्रा और संपूर्ण खानपान पर ध्यान देना जरूरी है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।