Leftover Khichdi: बची हुई खिचड़ी से बनाएं ये स्वादिष्ट डिश

बचे हुए भोजन को फेंकने से कई गुणा अच्छा है या तो उसे किसी गरीब को दान में दे दिया जाए या फिर उसका इस्तेमाल कुछ अन्य टेस्टी डिश को बनाने में किया जाए। अगर आप भी बची हुई खिचड़ी को सुबह होते ही फेंक देती हैं, तो आज के बाद शायद उसे नहीं फेकेंगी, क्यूंकि आज इस लेख में हम आपको रात या दिन की बची हुई खिचड़ी से तैयार कुछ टेस्टी रेसिपीज के बारे में बताने जा रहे हैं। यक़ीनन इन रेसिपीज के बारे में जानने के बाद आप बची हुई खिचड़ी को फेंकना नहीं बल्कि उसका दुबारा इस्तेमाल करना पसंद करेंगी। आइये जानते हैं बची हुई खिचड़ी से क्या-क्या आसानी से घर पर बना सकते हैं।
कटलेट
सामग्री
खिचड़ी-3 कप, सूजी-3 चम्मच, हरी मिर्च-2 बारीक़ कटी हुई, दही-1/3 कप, प्याज-1 कटा हुए, धनिया पत्ता- 1/2 कप, कॉर्न फ्लोर-2 चम्मच, नमक-स्वादानुसार, तेल-1 कप, लाल मिर्च पाउडर-1 चम्मच, धनिया पाउडर-1 चम्मच
बनाने का तरीका
- सबसे पहले आप एक बर्तन में बची हुई खिचड़ी के साथ दही और सूजी को मिक्स करके कुछ देर ऐसे ही रख दीजिये।
- लगभग 5 से 7 मिनट बाद इसमें हरी मिर्च, प्याज, धनिया पत्ता, कॉर्न फ्लोर, नमक, लाल मिर्च और धनिया पाउडर को डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिये।
- अब इस मिश्रण में से लोई लेकर कटलेट के आकर में बना लीजिये। इधर एक पैन में तेल गरम होने के लिए भी रख दीजिये।
- तेल गरम होने के बाद कटलेट को डालें और दोनों साइड सुनहरा होने तक अच्छे से फ्राई कर लीजिये।
- तैयार है बची हुई खिचड़ी से एक टेस्टी स्नैक्स। इसे पसंदीदा चटनी के साथ सर्व कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें:सर्दियों के मौसम में इन लाजवाब डिशेज को ज़रूर करें ट्राई
मसाला इडली
सामग्री
बची हुई खिचड़ी-2 कप, सूजी-1 कप, नमक-स्वादानुसार, पुदीना पत्ता-1 चम्मच, तेल-2 चम्मच, छाच-1/3 कप, लाल मिर्च पाउडर-1/2 चम्मच, गरम मसाला-1/2 चम्मच
बनाने का तरीका
- सबसे पहले आप एक बर्तन में खिचड़ी, सूजी, छाच और हल्का पानी मिलाकर 10 से 15 मिनट के लिए अलग रख दें।
- 15 मिनट बाद इस मिश्रण में पुदीना पत्ता, लाल मिर्च और गरम मसाला को मिक्सर में डालकर अच्छे से पेस्ट के रूप में बना लीजिये।
- इसके बाद इडली सांचे को तेल से ग्रीस कर लीजिये। ग्रीस करने के बाद तैयार मिश्रण को इसमें डालें।
- मिश्रण को डालने के बाद इसे लगभग 10 से 15 मिनट के लिए पका लीजिये।
- 15 मिनट बाद इडली को प्लेट में निकालकार सांभर या चटनी के साथ सर्व करें।
इसे भी पढ़ें:सिर्फ अपने लिए ही नहीं बच्चों के लिए भी बनाएं ये स्वादिष्ट फूड्स
पकौड़े
सामग्री
खिचड़ी-2 कप, प्याज-1 बारीक़ कटा हुआ, नमक-स्वादानुसार, बेसन-1 कप, आलू-1 उबले हुए, हरी मिर्च-2 बारीक़ कटी हुई, गरम मसाला-1/2 चम्मच, धनिया पत्ता-1/2 चम्मच, लाल मिर्च पाउडर-1/2 चम्मच, हल्दी-1/2 चम्मच, अजवाइन-1/2 चम्मच, तेल-1 कप
बनाने का तरीका
- सबसे पहले आप एक बर्तन में खिचड़ी, बेसन, प्याज, आलू, और धनिया पत्ता को डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिये।
- इसके बाद इसमें अन्य सभी मसाले को भी डालकर अच्छे से मिक्स करके बैटर तैयार कर लीजिये।
- इधर एक कढ़ाई में तेल गरम होने के लिए रख दीजिये। जैसे ही तेल गरम हो जाए तैयार बैटर में से पकौड़े के रूप में बना के इन्हें सुनहरा होने तक फ्राई कर लीजिये।
- अब इसे किसी प्लेट में निकालकर पसंदीदा चटनी के साथ सर्व करें।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें, और इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit:(@poojascookery.com,i2.wp.com,inspired-recipes.com)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।