Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:00 PM IST

हैदराबादी या मुरादाबादी: कौन-सी बिरयानी है बेस्ट? आसान तरीकों से घर पर करें तैयार

भारत में हैदराबादी और मुरादाबाद बिरयानी बड़े चाव से खाया जाता है। अगर आप भी दोनों में फर्क नहीं समझ पाती हैं, तो हम आपको व‍िस्‍तार से बता रहे हैं।
Updated:- 2026-08-09, 14:01 IST
hyderabadi vs moradabadi biryani

हमारे यहां भारत में बिरयानी का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। इसका नाम सुनते ही खुशबूदार चावल, मसालों की महक और गरमा-गरम चिकन या मटन का स्वाद याद आने लगता है। यहां कई तरह की बिरयानी मिलती है। हर एक की अपनी एक खासियत है। इन्हीं में से हैदराबादी और मुरादाबादी बिरयानी भी सबसे खास है। दोनों में चावल और मांस तो जरूर होते हैं, लेकिन इन्हें बनाने का तरीका और स्वाद अलग होता है।

हैदराबादी बिरयानी में मसालों का स्वाद ज्यादा खुशबूदार होता है, जबकि मुरादाबादी बिरयानी में यखनी और साबुत मसालों का हल्का स्वाद ज्यादा जान पड़ता है। अगर आप भी दोनों में फर्क नहीं समझ पाती हैं, तो घर पर दोनों की आसान रेसिपी ट्राई करके देख सकती हैं कि कौन-सी बिरयानी बेस्ट है?

दोनों बिरयानी में क्या फर्क है?

हैदराबादी और मुरादाबादी बिरयानी में सबसे बड़ा फर्क मसालों और पकाने के तरीके का ही होता है। हैदराबादी बिरयानी आमतौर पर ज्यादा मसालेदार और ज्यादा खुशबू वाली होती है। इसमें चिकन या मटन को दही और मसालों के साथ मैरीनेट करके चावल के साथ दम पर पकाया जाता है। वहीं, मुरादाबादी बिरयानी की बात करें तो इसका स्वाद थोड़ा कम होता है। इसमें बहुत ज्यादा पिसे हुए मसाले डालने के बजाय साबुत मसालों और यखनी से स्वाद लाया जाता है। इसलिए जो लोग बहुत तीखा खाना पसंद नहीं करते, उन्हें मुरादाबादी बिरयानी ज्यादा पसंद आती है।

hyderabadi vs moradabadi biryani (1)

हैदराबादी और मुरादाबादी बिरयानी में मुख्य अंतर

फर्क हैदराबादी बिरयानी मुरादाबादी बिरयानी
स्‍वाद ज्यादा मसालेदार हल्का और खुशबूदार
खास चीज मसालों और दम का स्वाद यखनी
मांस मैरीनेट करके पकाया जाता है यखनी में पकाकर इस्तेमाल किया जाता है
मसाले ज्‍यादा अपेक्षाकृत कम
किसे पसंद आएगी तीखा और मसालेदार खाना पसंद करने वालों को हल्का स्वाद पसंद करने वालों को

हैदराबादी बिरयानी क्यों है खास?

आपको बता दें क‍ि हैदराबादी बिरयानी को हैदराबाद की शाही खान-पान की परंपरा से जोड़ा जाता है। इसमें दक्कनी और मुगलई खाने का असर साफ देखने को म‍िलता है। इसका स्‍वाद स‍िर्फ मसालों से नहीं बल्‍क‍ि दम पर पकाने के तरीके से भी आता है। जब बंद बर्तन के अंदर भाप बनता है तो उसी से चावल और मांस धीरे-धीरे पकते हैं। इससे मसालों की खुशबू चावल में अच्छी तरह घुल जाती है।

यह भी पढ़ें: वेज हो या नॉनवेज, जिस बिरयानी पर फिदा है पूरा भारत... आखिर कहां हुई थी इसकी शुरुआत?

घर पर ऐसे बनाएं हैदराबादी बिरयानी

घर पर आप भी हैदराबादी ब‍िरयानी बना सकती हैं। इसके ल‍िए आपको ये चीजें चाह‍िए-

  • 500 ग्राम चिकन या मटन
  • 2 कप ब‍िरयानी वाले चावल
  • 1 कप दही
  • 2 प्याज
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • लाल मिर्च पाउडर
  • बिरयानी मसाला
  • साबुत मसाले
  • पुदीना और हरा धनिया
  • थोड़ा घी
  • केसर और थोड़ा दूध
  • नमक

हैदराबादी ब‍िरयानी को बनाने का तरीका क्‍या है?

सबसे पहले चिकन में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च, बिरयानी मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे कम से कम 30 मिनट के लिए रख दें। अब बासमती चावल को धोकर कुछ देर पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी में नमक और साबुत मसाले डालकर चावल को करीब 70-80 प्रतिशत तक पका लें। अब एक भारी तले वाले बर्तन में मैरीनेट किए हुए चिकन को फैला दें।

यह भी पढ़ें: क्या आप जानते हैं हैदराबादी, मुरादाबादी और लखनवी बिरयानी के बीच का अंतर ?

इसके ऊपर आधे पके हुए चावल डालें। फिर तला हुआ प्याज, पुदीना, थोड़ा घी और केसर वाला दूध डाल दें। अब बर्तन का ढक्कन अच्छी तरह से बंद कर दें। पहले कुछ मिनट मीड‍ियम फ्लेम पर रखें और फिर गैस धीमी कर दें। चिकन पूरी तरह पकने और चावल तैयार होने तक इसे दम पर पकाएं।

hyderabadi vs moradabadi biryani (2)

मुरादाबादी बिरयानी का स्वाद क्यों है अलग?

मुरादाबादी बिरयानी का नाम उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर से जुड़ा हुआ है। यह बिरयानी हैदराबादी बिरयानी की तरह बहुत ज्यादा मसालेदार नहीं होती, लेक‍िन इसमें चावल और मांस का स्वाद साफ पता चलता है। इस बिरयानी में यखनी का खास रोल होता है। यही वजह है कि मुरादाबादी बिरयानी में बहुत सारे तेज मसाले डालने की जरूरत नहीं पड़ती।

यह भी पढ़ें: बिरयानी के लिए जरूरी हैं ये 3 खड़े मसाले, एक भी छोड़ा तो स्वाद नहीं आएगा

घर पर कैसे बनाएं मुरादाबादी बिरयानी?

घर पर हैदराबादी ब‍िरयानी बनाने के ल‍िए ये सामान चाह‍िए होंगे-

  • 500 ग्राम चिकन
  • 2 कप चावल
  • काली मिर्च
  • तेजपत्ता
  • लौंग
  • बड़ी इलायची
  • नमक
  • अदरक-लहसुन
  • 1-2 प्याज
  • थोड़ा घी
  • हरा धनिया

मुरादाबादी ब‍िरयानी बनाने का तरीका क्‍या है?

सबसे पहले चिकन को पानी, नमक और साबुत मसालों के साथ धीमी आंच पर पका लें। जब चिकन सॉफ्ट हो जाए तो उसे निकालकर अलग रख लें और बचा हुए मसालेदार पानी को छान लें। यही आपकी यखनी है। अब धुले हुए और कुछ देर भिगोए हुए चावल को इसी यखनी में पका लें। जब चावल को पूरी तरह गलने वाला हो, उससे पहले ही गैस धीमी कर दें। अब इसमें पहले से पका हुआ चिकन डालें। ऊपर से थोड़ा घी, तला हुआ प्याज और हरा धनिया डाल दें। इसके बाद बर्तन को ढककर कुछ देर धीमी आंच पर पकने दें।

तो आखिर कौन-सी बिरयानी है बेस्ट?

इसका जवाब आपके टेस्‍ट पर निर्भर करता है। अगर आपको तीखा, मसालेदार और तेज खुशबू वाला खाना पसंद है, तो आप हैदराबादी बिरयानी ट्राई कर सकती हैं। वहीं अगर आपको हल्का मसालेदार और सादा स्वाद पसंद है, तो मुरादाबादी बिरयानी आपके ल‍िए सही रहेगा। इसमें यखनी, चावल और चिकन या मटन का स्वाद ज्यादा अच्‍छा लगता है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।