Chhath Puja 2026: बिना दूध फटे बनाएं मलाईदार गुड़ की खीर, खरना प्रसाद के लिए नोट करें सही तरीका

छठ पूजा में खरना का दिन बहुत खास होता है। इस दिन व्रती शाम के समय पूजा करने के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद खाती हैं। इसके बाद ही उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। ऐसे में खरना के लिए बनने वाली गुड़ की खीर का स्वाद और सही तरीके से बनना, दोनों जरूरी हैं। वैसे तो गुड़ की खीर बनाना बहुत मुश्किल नहीं है, लेकिन इसे बनाते समय थोड़ी सी गलती होने पर दूध फट सकता है।
कई बार सारी मेहनत के बाद भी खीर वैसी मलाईदार नहीं बन पाती, जैसी होनी चाहिए। अगर आप भी इस बार छठ पूजा के खरना के लिए गुड़ की खीर बनाने जा रही हैं, तो इसका सही तरीका जरूर जान लें। हम आपको बता रहे हैं खरना के माैके पर गुड़ की खीर बनाने का सही तरीका, जिससे दूध फटे नहीं। आइए जानते हैं-
-1794632226709.webp)
image credit- magnific
गुड़ की खीर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इस खीर को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए आप नीचे बताए गए सामानों को इकट्ठा कर लें-
- चावल
- दूध
- गुड़
- आधा कप पानी
- पिसी हुई इलायची
- अपनी पसंद के कटे हुए ड्राई फ्रूट्स
यह भी पढ़ें- त्योहार को बनाएं खास, मिनटों में तैयार करें शाही स्वाद वाली केसर खीर
खरना के लिए मलाईदार गुड़ की खीर बनाने का सही तरीका
अगर आप घर में खरना के लिए मलाईदार गुड़ की खीर बना रही हैं, तो ये स्टेप्स आपको फॉलो करने होंगे। जैसे-
- सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धो लें, ताकि उसकी गंदगी निकल जाए। अब इन्हें एक बर्तन में पानी डालकर करीब 15 से 20 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद चावल का पानी निकालकर अलग रख दें।
- अब एक भारी तले वाला पतीला लें और उसमें दूध डालकर मीडियम फ्लेम पर गर्म करें। जब दूध में एक उबाल आ जाए, तो गैस को धीमा कर दें। दूध को कुछ देर इसी तरह पकने दें, ताकि वह थोड़ा गाढ़ा हो जाए। बस बीच-बीच में चलाती रहें।
- अब दूध में पहले से भिगोकर रखे हुए चावल डाल दें। इसके बाद करछी से दूध को चलाती रहें। ऐसा करने से चावल बर्तन के नीचे चिपकेंगे नहीं और खीर भी अच्छी तरह पक जाएगी।
- खीर को लो फ्लेम पर ही पकने दें। बीच-बीच में इसे चलाती रहें। जब चावल अच्छी तरह गल जाएं और दूध गाढ़ा होकर मलाई जैसा दिखने लगे, तो समझ लें कि खीर लगभग तैयार है।
- अब एक दूसरे पैन में गुड़ और आधा कप पानी डालें। इसे लो फ्लेम पर गर्म करें, ताकि गुड़ पूरी तरह घुल जाए। गुड़ घुलने के बाद गैस बंद कर दें। अब इस पानी को पूरी तरह ठंडा होने दें। यही इस रेसिपी का सबसे जरूरी स्टेप है।
- जब खीर पक जाए, तो गैस बंद कर दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें। ध्यान रखें कि गर्म दूध या खीर में गुड़ का पानी नहीं मिलाना है। ऐसा करने से दूध फटने का डर रहता है।
- जब खीर थोड़ी ठंडी हो जाए, तो तैयार गुड़ के पानी को छान लें। अब इसे धीरे-धीरे खीर में डालें और साथ-साथ करछी से चलाती रहें। इससे गुड़ खीर में अच्छी तरह मिल जाएगा।
- सबसे आखिर में खीर में पिसी हुई इलायची और अपनी पसंद के कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें। इससे खीर का स्वाद और अच्छा हो जाएगा। आपकी मलाईदार गुड़ की खीर तैयार है।
image credit- ai
गुड़ की खीर बनाते समय दूध क्यों फट जाता है?
गुड़ की खीर बनाते समय सबसे जरूरी बात यह है कि गर्म दूध में सीधे गुड़ नहीं डालना चाहिए। ऐसा करने से दूध फट जाता है और खीर का स्वाद भी खराब होता है। इसलिए गुड़ को अलग बर्तन में पानी के साथ घोलना चाहिए। इसके बाद खीर तैयार होने पर उसे थोड़ा ठंडा करके फिर गुड़ का पानी मिलाना चाहिए। इस छोटी सी बात का ध्यान रखकर आप खीर को फटने से बचा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- बचे हुए मोतीचूर लड्डू से बनाएं मलाईदार खीर, स्वाद ऐसा जो मुंह में जाएगा घुल
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।