Hari Matar Roti Recipe: बेसन नहीं, सर्दियों में बनाएं हरी मटर की रोटी; जानें बनाने का सरल तरीका

How To Make Tasty Matar Roti At Home: सर्दियां आते ही किचन में मटर की बहार आ जाती है। मटर पनीर, मटर पुलाव तो आपने खूब खाया होगा, लेकिन क्या कभी हरी मटर की रोटी खाई है? अगर नहीं, तो इस बार जरूर ट्राई करें।
यह रोटी बेसन की रोटी से भी ज्यादा टेस्टी और हेल्दी लगती है। इसमें मटर का हल्का मीठापन, हरी मिर्च का तीखापन और गरम मसाले की खुशबू, तीनों मिलकर ऐसा स्वाद बनाते हैं कि बच्चे भी बिना नखरे किए खा लेते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में न तो स्टफिंग फटने का झंझट है और न ही घंटों की मेहनत, सिर्फ 25-30 मिनट में गरम-गरम रोटियां तैयार हो जाती हैं।
हरी मटर की रोटी बनाने के लिए सामग्री
हरी मटर की रोटी को बनाने के लिए आप सबसे पहले इन सामान को अलग करके रख ले।
- हरी मटर - 1 कप (ताजी या फ्रोजन, उबली हुई)
- गेहूं का आटा - डेढ़ कप + बेलने के लिए थोड़ा सूखा आटा
- अदरक - 1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ
- हरी मिर्च - 1 से 2 बारीक कटी हुई
- जीरा - आधा चम्मच
- धनिया पाउडर - आधा चम्मच
- गरम मसाला - चौथाई चम्मच
- अमचूर - आधा चम्मच
- हरा धनिया - 2 चम्मच बारीक कटा हुआ
- नमक - स्वादानुसार
- पानी- जरूरतनुसार
- घी या तेल - आटा गूंथने के लिए 1 चम्मच + सेंकने के लिए
Image credit-pinterest
हरी मटर की रोटी बनाने का आसान तरीका
हरी मटर को लेकर लोगों को लगता है कि इसे बनाना काफी टफ है, लेकिन ऐसा नहीं है। आइए जानते हैं तरीका।
- उबली हुई मटर को अदरक, हरी मिर्च और हरे धनिए के साथ हल्का सा मसल लें या मिक्सी में दरदरा पीस लें। ध्यान रहे कि इसका पानी वाला पेस्ट न बनाएं, वरना आटा गीला हो जाएगा और रोटी बेलने में दिक्कत होगी।
- एक बड़े बर्तन में आटा लें। इसमें जीरा, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर, नमक, 1 चम्मच घी और मटर वाला मिश्रण डाल दें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटा न ज्यादा सख्त हो, न ज्यादा गीला।
- आटे को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें। इससे रोटियां नरम बनेंगी और बेलने में भी आसानी होगी।
- आटे की 4-5 लोइयां बना लें। हर लोई को सूखे आटे में लपेटकर मीडियम साइज की रोटी बेल लें। बहुत पतली भी न बेलें, वरना मटर का स्वाद नहीं आएगा।
- तवे को मीडियम-तेज आंच पर गरम करें। रोटी डालें, जब छोटे-छोटे बुलबुले दिखने लगें तो पलट दें। दोनों तरफ हल्का सा घी लगाकर दबा-दबाकर सेंकें, जब तक सुनहरे धब्बे न आ जाएं।
- बस, आपकी गरम-गरम हरी मटर की रोटी तैयार है। इसे दही, हरी चटनी, अचार या आलू की सब्जी के साथ सर्व करें।
यह भी पढ़ें- Winter Special Recipe: मिस्सी रोटी और लहसुन की तीखी चटनी का यह कॉम्बिनेशन है लाजवाब, आप भी करें ट्राई
स्टफ्ड मटर रोटी बनानी हो तो क्या करें?
अगर आपको अंदर से भरी हुई पराठे जैसी रोटी पसंद है, तो मटर को थोड़ा अलग तरीके से तैयार करें। मटर को कढ़ाई में जीरा और मसालों के साथ भून लें और पूरी तरह ठंडा होने दें। फिर आटे की लोई में इस मसाले को भरकर बंद करें और पराठे की तरह बेलकर सेंकें। ठंडी स्टफिंग से पराठा फटेगा नहीं।

Image credit-pinterest
मटर रोटी बनाते समय ध्यान रखने वाली बातें
घर पर मटर रोटी बनाते वक्त नीचे बताई गई बातों का ध्यान रखना काफी जरूरी है, वरना आपकी रोटी अच्छी नहीं बनेंगी।
- मटर को पीसने से पहले उसका सारा पानी निकाल लें। गीली मटर से आटा चिपचिपा हो जाएगा।
- बच्चों के लिए बना रहे हैं तो हरी मिर्च और गरम मसाला कम रखें।
- मटर वाला आटा ज्यादा देर रखा तो पानी छोड़ने लगता है, इसलिए गूंथने के 15 मिनट बाद ही रोटी बनाना शुरू कर दें।
- ठंडे तवे पर रोटी डालने से वो सख्त हो जाती है। तवा अच्छा गरम हो तभी रोटी डालें।
- तेल की जगह देसी घी में सेंकने से मटर रोटी का स्वाद दोगुना हो जाता है और सर्दियों में ये ज्यादा अच्छा भी लगता है।
यह भी पढ़ें- हर बार टूट जाती है मक्के की रोटी? इस दमदार तरीके से पहली बार में बनेगी एकदम नरम और गोल
सर्दियों में रोज एक जैसी रोटी खाकर मन ऊब जाता है। ऐसे में हरी मटर की रोटी एकदम परफेक्ट बदलाव है। इसे बनाने में न ज्यादा सामान चाहिए, न ज्यादा टाइम।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
- क्या फ्रोजन मटर से भी मटर रोटी बना सकते हैं?
- हां, बिल्कुल बना सकते हैं। फ्रोजन मटर को पहले 2 मिनट गर्म पानी में डालकर निकाल लें और फिर उसका पानी अच्छे से निचोड़ लें। उसके बाद उसी तरह इस्तेमाल करें जैसे ताजी मटर को करते हैं। स्वाद में कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
- क्या मटर रोटी को टिफिन में भेज सकते हैं?
- हां, ये टिफिन के लिए बहुत अच्छी है। मटर रोटी ठंडी होने पर भी सख्त नहीं होती, अगर आटे में थोड़ा घी मिलाया हो।
- क्या डायबिटीज वाले लोग मटर रोटी खा सकते हैं?
- हरी मटर में फाइबर और प्रोटीन अच्छा होता है और ये गेहूं की रोटी से ज्यादा पौष्टिक होती है। घी की मात्रा कम रखें और एक बार में 1-2 रोटी से ज्यादा न खाएं। किसी भी तरह की परेशानी हो तो डॉक्टर से जरूर पूछ लें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।