हर बार टूट जाती है मक्के की रोटी? इस दमदार तरीके से पहली बार में बनेगी एकदम नरम और गोल

मक्की की रोटी बनाते समय टूट जाती है? जानिए बिना टूटे, गोल और नरम रोटी बनाने का आसान तरीका। आपको सिर्फ एक गलती सुधारने की जरूरत है और वह परफेक्ट बनेगी।
Updated:- 2026-11-15, 09:00 IST
Soft Makki Ki Roti Recipe

Makki Ki Roti Banane Ka Tarika: सर्दियों में सरसों के साग के साथ मक्की की रोटी न हो तो खाना अधूरा लगता है, लेकिन ज्यादातर लोगों की समस्या एक ही होती है और वह है रोटी का बेलते ही टूट जाना। मक्की की रोटी बनाना कला नहीं, साइंस है। गेहूं के आटे में ग्लूटेन होता है, जो उसे खिंचाव देता है। मक्की के आटे में ग्लूटेन होता ही नहीं, इसलिए वह टूटती है। अगर आप आटे को गूंथने का साइंस समझ लेंगे, तो आपकी रोटी कभी नहीं टूटेगी।

मक्की की रोटी नरम और गोल बनाने का सही तरीका

मक्की की रोटी अक्सर लोगों से टाइट बनती हैं। इसे नरम और गोल कैसे बनाया जा सकता है? आइए यहां जानते हैं-

  • यह सबसे जरूरी स्टेप है। मक्की का आटा कभी भी ठंडे पानी से न गूंथें। गर्म या गुनगुने पानी से गूंथने पर आटे का स्टार्च फूल जाता है, जिससे आटे में बाइंडिंग आ जाती है। आप चाहें तो उबलते पानी में आटा डालकर भी गूंथ सकती हैं।
  • आटा गूंथने के बाद उसे हथेली के पिछले हिस्से से 4 से 5 मिनट तक खूब मसलें। जब तक आटा एकदम चिकना और मुलायम न हो जाए, तब तक मसलते रहें। यही मसलना ही रोटी को टूटने से बचाता है।
  • अगर आप पहली बार बना रहे हैं, तो 1 कटोरी मक्की के आटे में 1 से 2 चम्मच गेहूं का आटा या थोड़ा सा उबला हुआ आलू मैश करके मिला लें। इससे रोटी आसानी से बेल जाएगी और स्वाद में भी कोई फर्क नहीं आएगा।
  • मक्की की रोटी को कभी भी सूखे चकले पर गेहूं की रोटी की तरह न बेलें। आटे की लोई को दो पॉलीथिन, बटर पेपर या जिप लॉक बैग के बीच में रखें। उस पर हल्का सा तेल लगाएं और फिर हाथ से थपथपाकर या हल्के हाथ से बेलन चलाकर गोल करें।
  • अगर किनारे टेढ़े-मेढ़े हो रहे हैं, तो बेली हुई रोटी पर कोई गोल डिब्बे का ढक्कन या छोटी प्लेट रखकर किनारे काट लें। रोटी एकदम बाजार जैसी गोल दिखेगी।
  • कच्ची मक्की की रोटी को हाथ से उठाएंगे तो वह टूट जाएगी। इसलिए पॉलीथिन समेत रोटी को उल्टा करके सीधे गर्म तवे पर पलट दें और फिर धीरे से पॉलीथिन हटा लें।
  • रोटी को मीडियम-तेज आंच पर सेकें। एक तरफ से सिकने पर पलटें और किनारों को कपड़े से हल्का दबाएं। उतरते ही ऊपर से सफेद मक्खन या देसी घी लगाएं। इससे रोटी देर तक नरम बनी रहेगी।

makki roti

image credit-pinterest (The Food Canvas)

रोटी बनाते समय ध्यान देने वाली बातें

रोटी बनाते समस अगर आपने नीचे दी गई ये गलतियां कर दी तो वह अच्छी नहीं बनेंगी।

  • मक्की का आटा गूंथते ही रोटी बनाएं। देर तक रखने से आटा सूख जाता है और रोटी फटने लगती है।
  • रोटी थपथपाते समय हाथों को बार-बार पानी या तेल से गीला करें। सूखे हाथ से रोटी में दरार आ जाती है।
  • ठंडे तवे पर रोटी डालने से वह चिपक जाएगी और टूट जाएगी। तवा अच्छी तरह गर्म होना चाहिए।
  • मक्की की रोटी को गेहूं की रोटी जितना पतला न बेलें। थोड़ी मोटी रोटी ही नरम और स्वादिष्ट बनती है।
  • पुराने मक्की के आटे से रोटी अच्छी नहीं बनती। हमेशा ताजा पिसा हुआ आटा इस्तेमाल करें।

makki roti the food canvas

image credit-pinterest (The Food Canvas)

मक्की की रोटी टूटती नहीं है, हम उसे गलत तरीके से बनाते हैं। सिर्फ गर्म पानी से आटा गूंथना, अच्छी तरह मसलना और पॉलीथिन पर बेलना, बस यही तीन बातें याद रख लीजिए। इसके बाद आपकी मक्की की रोटी हर बार गोल, नरम और बिना टूटे बनेगी।

यह भी पढ़ें- क्या आप जानती हैं कि पंजाबी की थाली में आपको क्या परोसा जाता है?

यह भी पढ़ें- ऐसे बनाएं मूली वाली मक्की की रोटी कि बनाते समय टूटे नहीं

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit-ai

FAQ
मक्की की रोटी टूटने का सबसे बड़ा कारण क्या है?
मक्की की रोटी टूटने का सबसे बड़ा कारण ठंडे पानी से आटा गूंथना और आटे को ठीक से न मसलना है। 
क्या बिना गेहूं का आटा मिलाए मक्की की रोटी बन सकती है?
हां, बिल्कुल बन सकती है। अगर आप गर्म पानी से आटा गूंथकर 5 मिनट तक अच्छे से मसल लेंगे, तो बिना गेहूं का आटा मिलाए भी रोटी नहीं टूटेगी।
मक्की की रोटी को देर तक नरम कैसे रखें?
रोटी को बनाते ही उस पर सफेद मक्खन या घी लगाकर किसी कपड़े या कैसरोल में ढककर रखें। इससे रोटी ठंडी होने के बाद भी नरम बनी रहती है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।