Ganesh Chaturthi 2026: बप्पा के लिए बनाएं 10 तरह के शुगर फ्री मोदक, पढ़ें आसान रेसिपी

गणेश चतुर्थी पर बप्पा को घर लाने के साथ ही सबसे ज्यादा एक्साइटमेंट उनके पसंदीदा भोग को लेकर रहता है। बप्पा को भोग लगाने के लिए लोग मोदक बनाते हैं। मोदक का नाम आते ही मुंह में मिठास घुल जाती है, लेकिन कई लोग ज्यादा चीनी खाने से बचते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस बार गणपति बप्पा के लिए कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं, जिसमें अलग से चीनी न डालनी पड़े, तो घर पर कई तरह के मोदक बना सकती हैं।
इनके लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की भी जरूरत नहीं है। किचन में मिलने वाली चीजों से ही आप अलग-अलग स्वाद के मोदक तैयार कर सकती हैं। आप नारियल, ड्राई फ्रूट्स, मखाना, तिल या चॉकलेट से मोदक बनाएंगी तो लोगों को खूब पसंद आएंगे। तो इस गणेश चतुर्थी क्यों न बप्पा के भोग में एक नहीं, बल्कि हर रोज 10 तरह के शुगर फ्री मोदक शामिल कर लिए जाएं। हम आपको इनके बारे में बता रहे हैं।
10 दिनों तक बप्पा को लगाएं अलग-अलग तरह के मोदक का भोग
अगर आप बप्पा के लिए कुछ अलग और हेल्दी मोदक बनाना चाहती हैं, तो हम आपके लिए 10 तरह के शुगर फ्री मोदक बता रहे हैं। आप गणेश उत्सव के 10 दिन तक बप्पा को अलग-अलग मोदक का भोग लगा सकती हैं।
-1789115557251.webp)
Image Credit- Magnific
1. खजूर-ड्राई फ्रूट्स मोदक
इस मोदक में आपको अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए आप खजूर को पीसकर उसमें बारीक कटे हुए बादाम, काजू और अखरोट मिला लें। अब मिश्रण को मोदक के सांचे में भरकर मोदक का शेप दे दें। आपका खजूर-ड्राई फ्रूट्स वाला मोदक तैयार है।
2. नारियल-खजूर मोदक
आप चाहें तो नारियल और खजूर वाला मोदक भी बना सकती हैं। इसके लिए कद्दूकस किए नारियल को थोड़ा सा भूनकर उसमें खजूर का पेस्ट मिला दें और मिश्रण को मोदक का आकार दें।
यह भी पढ़ें- भगवान गणेश को क्यों लगाया जाता है मोदक का भोग, क्या है वजह?
3. तिल-ड्राई फ्रूट्स मोदक
अगर आप कुछ अलग बनाना चाहती हैं तो तिल वाले मोदक भी बना सकती हैं। इसके लिए तिल को थोड़ा सा भूनकर पीस लें और इसमें कटे हुए काजू-बादाम मिला दें। इसकी बाइंडिंग के लिए थोड़ा खजूर का पेस्ट डालें और सांचे से मोदक तैयार कर लें।
-1789117402498.webp)
Image Credit- shutterstock
4. मखाना मोदक
मखानर तो हम सभी खाते हैं, लेकिन अगर आप इससे मोदक बनाना चाहती हैं, तो यह भी एक अच्छा ऑप्शन रहेगा। इसके लिए मखाने को भूनकर पीस लें। अब इसमें ड्राई फ्रूट्स का पाउडर और खजूर का पेस्ट मिलाएं, फिर इस मिश्रण को मोदक के सांचे में दबाकर निकाल लें।
यह भी पढ़ें- बप्पा को करना है खुश तो प्रसाद में बनाएं आटे के मोदक
5. बादाम मोदक
बादाम का मोदक भी खूब पसंद किया जाता है। इसका स्वाद भी सबसे अच्छा होता है। इसे बनाने के लिए बादाम को पीसकर उसमें थोड़ा दूध डालकर सॉफ्ट मिश्रण तैयार कर लें। अब इसमें चीनी की जगह खजूर का पेस्ट मिलाएं और लो फ्लेम पर पकाकर मोदक बना लें।
-1789115687058.webp)
Image Credit- Magnific
6. काजू मोदक
आपने आजतक काजू कतली ही खाई होगी, लेकिन इस बार आप बप्पा के लिए काजू का मोदक भी बना सकती हैं। इसके लिए काजू को पीसकर पाउडर बना लें और उसमें थोड़ा दूध डालकर मिश्रण तैयार कर लें। मिठास के लिए खजूर का पेस्ट मिला दें, फिर इसे मोदक के सांचे में भर दें। आपका काजू मोदक तैयार है।
7. कोकोनट-ड्राई फ्रूट्स मोदक
नारियल और ड्राई फ्रूट्स मोदक भी आप ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए नारियल और ड्राई फ्रूट्स को थोड़ा सा भूनकर पाउडर बना लें और इसके बाद इसमें खजूर का पेस्ट मिला दें। जब मिश्रण तैयार हो जाए तो मोदक बना लें।
8. कोको मोदक
अगर आपको चॉकलेट फ्लेवर पसंद है तो आप कोको पाउडर वाला मोदक भी बना सकती हैं। इसके लिए मखाने या ड्राई फ्रूट्स के पाउडर में बिना चीनी वाला कोको पाउडर और खजूर का पेस्ट मिला लें। इसके बाद मोदक बना लें।
-1789115760592.webp)
Image Credit- Magnific
9. पीनट मोदक
अगर आपके पास काजू या बादाम नहीं है तो आप पीनट मोदक भी बना सकती हैं। इसके लिए भुनी हुई मूंगफली को पीसकर उसका पाउडर बनाएं। अब इसमें खजूर का पेस्ट मिलाकर अच्छी तरह गूंथ लें। इसके बाद मोल्ड में डालकर मोदक बना लें।
10. अंजीर-ड्राई फ्रूट्स मोदक
अंजीर वाले मोदक भी लोगों को खूब अच्छे लगते हैं। हालांकि, यह आपको थोड़ा महंगा पड़ सकता है, लेकिन स्वाद जबरदस्त होता है। इसे बनाने के लिए सूखे अंजीर को थोड़ी देर भिगोकर पीस लें। अब इसमें कटे हुए बादाम और काजू मिलाएं और इस मिश्रण को मोदक का शेप दे दें।
-1789117435388.webp)
Image Credit- Shutterstock
यह भी पढ़ें- एक ऐसी मिठाई जिसे खाते ही तृप्त हो गए थे गणपति, जानें मोदक के बनने की कहानी
मोदक बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप ये मोदक बना रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- इन रेसिपी में अलग से चीनी नहीं डाली गई है।
- खजूर, अंजीर जैसी चीजों में नेचुरल शुगर होती है, इसलिए इन्हें पूरी तरह शुगर फ्री न समझें।
- मोदक को सांचे में भरते समय मिश्रण को अच्छी तरह दबा दें, ताकि इसका शेप सही से बन जाए।
- भोग के लिए मोदक बनाते समय साफ-सफाई का ध्यान रखें।
- अगर आपको थोड़ा एक्स्ट्रा मिठास चाहिए, तो ऊपर से पिसी हुई चीनी अलग से कोट कर सकती हैं।
Cover Image Credit- AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।