बारिश में ट्राई करें एक बैटर से बनने वाले 3 तरह के कुरकुरे पकौड़े, हर बाइट होगी सुपर क्रिस्पी

बारिश के मौसम में चाय के साथ गरमा-गरम और क्रिस्पी पकौड़े मिल जाते हैं, तो एकदम से मजा ही आ जाता है। चाय-पकाैड़ों की जोड़ी तो लोगों को खूब पसंद आती है, लेकिन कई बार हर तरह के पकौड़ों के लिए अलग-अलग बैटर बनाना बड़ा झंझट का काम लगता है। ऐसे में अगर एक ही बैटर से आलू, प्याज और मिक्स वेज जैसे पकौड़े बन जाएं, तो इससे समय भी बचता है और मेहनत भी कम लगती है।
अच्छी बात तो यह है कि अगर आप भी सही बैटर तैयार कर लें तो उससे कई तरह के पकौड़े बना सकती हैं। आइए जानते हैं एक ऐसा आसान और कॉमन बैटर, जिससे आप तीन तरह के स्वादिष्ट पकौड़े बना सकती हैं।
सबसे पहले तैयार करें एक बेसिक बैटर
अगर आप एक ही बैटर से कई तरह के पकौड़े बनाना चाहती हैं, तो इसके लिए आपको ये सामान चाहिए होंगे। जैसे-
- 2 कप बेसन
- 2 बड़े चम्मच चावल का आटा
- 1 बड़ा चम्मच सूजी
- 1 छोटा चम्मच अजवाइन
- आधा छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
- नमक स्वादानुसार
- एक चुटकी बेकिंग सोडा (ऑप्शनल)
- जरूरत के अनुसार पानी
- तलने के लिए तेल
बैटर कैसे बनाएं?
पकौड़े का बैटर बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में बेसन, चावल का आटा, सूजी और सारे मसाले डाल दें। अब थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालते हुए गाढ़ा और बिना गांठ वाला बैटर तैयार कर लें। ध्यान रहे कि बैटर इतना गाढ़ा हो, ताकि सब्जियों पर अच्छी तरह चिपक जाए। इसके बाद इसे 10 से 15 मिनट तक के लिए ढककर रख दें। इससे बेसन अच्छी तरह फूल जाता है और पकौड़े ज्यादा अच्छे बनते हैं। आप चाहें तो दो चम्मच तेल भी मिला सकती हैं।
यह भी पढ़ें- मॉनसून में जरूर ट्राई करें बिहार के ये स्वादिष्ट व्यंजन, जानें बनाने का तरीका
1. आलू के कुरकुरे पकौड़े बनाएं
आप इस बैटर से आलू के क्रिस्पी पकौड़े बना सकती हैं। इसके लिए आप 2 आलू को पतले गोल स्लाइस में काट लें। इसे बनाने के लिए-
- आलू के स्लाइस को बैटर में अच्छी तरह डुबोएं।
- अब कड़ाही में मीडियम गर्म तेल में एक-एक करके स्लाइस डालें।
- दोनों तरफ से सुनहरा होने तक इसे तल लें।
- बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम आलू के पकौड़े तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- बारिश के मौसम में टपरी वाली चाय के साथ ट्राई करें ये फूड कॉम्बिनेशन, खाने में लगेंगी बेस्ट
2. प्याज के क्रिस्पी पकौड़े बनाएं
अगर आपको प्याज के पकाैड़े पसंद हैं, तो आप इसे भी इसी बैटर से बना सकती हैं। इसके लिए दो बड़े प्याज को पतले और लंबे-लंबे काट लें। साथ में थोड़ी हरी धनिया और हरी मिर्च को भी बारीक काट लें। इसे बनाने के लिए-
- कटे हुए प्याज को बैटर में डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ से निकालकर तेल में डालें।
- इन्हें पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।
- आपके प्याज के पकौड़े तैयार हैं।
3. मिक्स वेज पकौड़े
अगर आप पकौड़ों को स्वादिष्ट भी और पौष्टिक भी बनाना चाहती हैं, तो मिक्स वेज पकौड़ा बेस्ट रहेगा। आप फूलगोभी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। साथ में पालक के पत्ते, शिमला मिर्च, आलू, प्याज, लहसुन, हरा धनिया को भी बारीक काट काट लें। अब इसे बनाने के लिए-
- सभी सब्जियों को बैटर में डालकर मिक्स कर लें।
- इब इन्हें निकालकर गर्म तेल में तलें।
- जब पकौड़े सुनहरे और क्रिस्पी हो जाएं, तब निकाल लें।
- मिक्स वेज पकौड़े तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- मॉनसून में बनाएं ये 4 तरह के यूनिक क्रिस्पी पकौड़े
पकौड़े को सुपर क्रिस्पी बनाने के आसान टिप्स
कई बार लोगों की शिकायत होती है कि उनके पकौड़े क्रिस्पी नहीं बनते हैं। ऐसे में आप ये तरीके अपना सकती हैं। जैसे-
- बैटर में थोड़ा चावल का आटा और सूजी जरूर मिलाएं। इससे पकौड़े ज्यादा कुरकुरे बनते हैं।
- आप बैटर में थोड़ा सा तेल भी मिला सकती हैं।
- बैटर बहुत पतला न रखें, वरना कोटिंग अच्छी नहीं होगी।
- तेल न बहुत ठंडा हो और न ही बहुत ज्यादा गर्म। मध्यम गर्म तेल सबसे अच्छा रहता है।
- एक साथ बहुत सारे पकौड़े तेल में न डालें, इससे तेल का टेंपरेचर कम हो जाता है।
- तले हुए पकौड़ों को टिश्यू पेपर पर निकालें ताकि एक्स्ट्रा ऑयल निकल जाए।
- अगर और ज्यादा क्रिस्पी पकौड़े पसंद हैं, तो तलने के बाद 2-3 मिनट छोड़कर दोबारा एक मिनट तक फ्राई कर सकती हैं। हालांकि, यह अनहेल्दी ऑप्शन है।
किसके साथ सर्व करें?
इन पकौड़ों का स्वाद हरी धनिया की चटनी, इमली की मीठी चटनी, टोमैटो सॉस के साथ बहुत अच्छा लगता है। ऐसे में जब आप इसे चाय के साथ सर्व करें तो ये चीजें भी साथ में रख सकती हैं। चाहें तो पकौड़ों पर ऊपर से थोड़ा चाट मसाला भी छिड़क सकती हैं।
यह भी पढ़ें- मानसून में इन लाजवाब स्नैक्स का आप भी लीजिए मज़ा, जानें रेसिपीज
तो अब आप भी एक ही बैटर से तीन अलग-अलग तरह के पकौड़े बनाकर कम समय में पूरी फैमिली के लिए स्वादिष्ट बारिश वाली क्रिस्पी स्नैक तैयार कर सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-Magnific/AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।