मुगलई खाने को कैसे मिला शाही रुतबा? जानें केसर, ड्राई फ्रूट्स और गुलाब जल का अनोखा इतिहास

मुगलई खाने को इतना शाही और खास बनाने में केसर, ड्राई फ्रूट्स और गुलाब जल की क्या भूमिका थी? जानिए मुगल दौर के खानपान के इतिहास और शाही दावतों की दिलचस्प बातें।
Updated:- 2026-10-21, 17:26 IST
Mughal Cuisine History in India

बिरयानी की खुशबू हो या शाही टुकड़े का मीठा स्वाद या फिर किसी खास डिश में केसर और पिस्ते की सजावट; मुगलई खाने का नाम आते ही आंखों के सामने एक शाही दावत की तस्वीर उभरने लगती है। क्या आपने कभी सोचा है कि मुगल दौर के खाने को इतना खास और शाही बनाने में किन चीजों का सबसे बड़ा योगदान था? दरअसल, मुगल रसोई में खाना सिर्फ पेट भरने का जरिया नहीं था, बल्कि यह दौलत और शाही पसंद दिखाने का तरीका भी था। केसर, ड्राई फ्रूट्स और गुलाब जल जैसी चीजें खाने में स्वाद के साथ ऐसी खुशबू, रंग और नजाकत देती थीं, जो आम पकवान को भी खास बना दे।

क्या है केसर, ड्राई फ्रूट्स और गुलाब का इतिहास?

आज के दौर में जब किसी खास मौके पर बिरयानी, कोरमा या शाही मिठाइयां बनती है, तो उनमें केसर, बादाम, पिस्ता और गुलाब जल का इस्तेमाल खाने को खास बनाने के लिए किया जाता है। इन चीजों का रिश्ता सिर्फ आज की कुकिंग से नहीं है बल्कि मुगल दौर से भी है। यहां पकवान तैयार करने में मसालों के साथ महंगी सामग्री और बारीक कारीगरी का भी ध्यान रखा जाता था। केसर का सुनहरा रंग, ड्राई फ्रूट्स की भरपूरता और गुलाब जल की हल्की खुशबू शाही खानपान की पहचान बन गई। आइए इस IJCRT की 2024 की रिसर्च से जानते हैं कि इन तीन चीजों ने मुगलई खाने को खास बनाने में क्या भूमिका निभाई।

मुगलई खाना सिर्फ स्वाद नहीं, शाही शान का भी था प्रतीक

मुगल दौर में शाही दावतें सिर्फ भूख मिटाने के लिए नहीं होती थीं। खाने की थाली में परोसे जाने वाले डिश से मेहमानों के सामने शासकों की दौलत, पसंद और मेहमाननवाजी का अंदाज भी जाहिर होता था। इस दौर की रसोई में स्वाद के साथ खाने की खुशबू, रंग और उसे परोसने के तरीके पर भी खास ध्यान दिया जाता था।

1 (24)

Photo Credit: Magnific

1. केसर

केसर को दुनिया में सबसे महंगी खाने से जुड़ी चीजों में गिना जाता है। इसे क्रोकस सैटिवस (Crocus sativus) नाम के फूल के अंदर मौजूद लाल रंग के रेशों को सुखाकर तैयार किया जाता है। इसे हासिल करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है क्योंकि फूल से केसर के रेशे हाथों से निकालने पड़ते हैं।

मुगलई खाने में केसर का इस्तेमाल सिर्फ रंग लाने के लिए नहीं होता था। इसकी खास खुशबू और स्वाद भी पकवानों को अलग पहचान देते थे। चावल, दूध से बनने वाली मिठाइयों और कुछ ग्रेवी वाली डिश में इसका इस्तेमाल किया जाता था। केसर डालने से खाने में सुनहरा रंग और हल्की खुशबू आती है। बिरयानी, केसरिया पुलाव और फिरनी जैसी डिश में आज भी केसर का इस्तेमाल इसी वजह से किया जाता है। चूंकि, इसे तैयार करने में काफी मेहनत लगती है और इसकी पैदावार सीमित होती है।

2. ड्राई फ्रूट्स

मुगलई खाने की दूसरी खासियत थी बादाम, पिस्ता, किशमिश, अंजीर और खुबानी जैसे ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल। इन चीजों से पकवानों में स्वाद के साथ अलग-अलग तरह की बनावट भी आती थी। कहीं मेवों को पीसकर ग्रेवी को गाढ़ा बनाया जाता था तो कहीं साबुत मेवों से खाने को सजाया जाता था। उदाहरण के लिए, बादाम का पेस्ट किसी ग्रेवी को क्रीमी बनाने में मदद करता है। वहीं, पुलाव में डाली गई किशमिश हल्की मिठास जोड़ती है। मिठाइयों में बादाम और पिस्ता स्वाद बढ़ाने के साथ उन्हें आकर्षक रूप भी देते हैं।

ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल केवल मिठाइयों तक सीमित नहीं था। इनका उपयोग कुछ नमकीन पकवानों और नॉनवेज डिश में भी किया जाता था। इससे खाने में मिठास, मलाईदारपन और मसालों के स्वाद के बीच संतुलन बना रहता था। आज भी शीर खुरमा, शाही टुकड़ा, मुगलई कोरमा और कई तरह के पुलाव में मेवों का इस्तेमाल देखने को मिलता है। खास मौकों पर तैयार होने वाली इन डिश में ड्राई फ्रूट्स खाने को भरपूर और खास बनाने का काम करते हैं।

2 (20)

Photo Credit: Magnific

3. गुलाब जल

मुगलई खानपान की बात हो और गुलाब जल का जिक्र न आए, ऐसा कम ही होता है। गुलाब की पंखुड़ियों से तैयार होने वाला गुलाब जल खाने में हल्की फूलों जैसी खुशबू जोड़ता है। इसका मकसद पकवान का स्वाद बहुत तेज करना नहीं, बल्कि उसकी खुशबू को खास बनाना होता है। शाही रसोई में इसका इस्तेमाल शरबत, मिठाइयों और कुछ चावल से बनने वाले चीजों में किया जाता था। दूध से बनने वाली मिठाइयों में गुलाब जल की थोड़ी-सी मात्रा उनकी खुशबू को अलग बना सकती है। इसी तरह, शरबत में इसका इस्तेमाल उसे एक खास सुगंध देता है।

यह भी पढ़ें- बिरयानी के लिए जरूरी हैं ये 3 खड़े मसाले, एक भी छोड़ा तो स्वाद नहीं आएगा

आज गुलाब जामुन, फिरनी, खीर और कई तरह की मिठाइयों में गुलाब जल का इस्तेमाल किया जाता है। इस तरह, शाही रसोई से जुड़ी यह परंपरा आज भी भारतीय खानपान का हिस्सा बनी हुई है।

3 (6)

Photo Credit: Magnific

शाही दावतों में खाने की सजावट का भी था खास महत्व

मुगलई खाने की पहचान सिर्फ महंगे इंग्रीडिएंट्स तक सीमित नहीं थी। पकवानों को किस तरह सजाया और परोसा जा रहा है, इस पर भी पूरा ध्यान दिया जाता था। चांदी की थालियों में परोसे गए खाने, सुनहरे रंग के चावल, मेवों से सजी मिठाइयां और खुशबूदार शरबत शाही दावतों के अनुभव को खास बनाते थे। खाने की प्रस्तुति से मेहमानों का स्वागत करने और अपनी समृद्धि दिखाने का मौका मिलता था। यह कहना सही होगा कि शाही खानपान में भोजन को एक अनुभव की तरह पेश करने पर जोर दिया जाता था।

यह भी पढ़ें- हैदराबादी या मुरादाबादी: कौन-सी बिरयानी है बेस्ट? आसान तरीकों से घर पर करें तैयार

आज भी भारतीय खाने में जिंदा है मुगलई रसोई की विरासत

मुगल साम्राज्य का दौर बीत चुका है, लेकिन उसके खानपान की कई परंपराएं आज भी भारतीय रसोई में दिखाई देती हैं। शादी-ब्याह में बनने वाली बिरयानी, त्योहारों पर तैयार होने वाला शीर खुरमा, मेवों से सजा हलवा और खुशबूदार मिठाइयां इसकी कुछ मिसालें हैं। हालांकि, आज की हर ऐसी डिश को सीधे मुगल दौर की खोज कहना सही नहीं होगा। भारतीय खानपान सदियों से अलग-अलग संस्कृतियों, क्षेत्रों और रसोई परंपराओं के मेल से विकसित हुआ है।

मुगलई खाना भारतीय भोजन का एक ऐसा हिस्सा है, जिसने खाना बनाने और परोसने के तरीके को नया रूप दिया। केसर, ड्राई फ्रूट्स और गुलाब जल सिर्फ स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि खाने को सुंदर और खुशबूदार बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे। आज भले ही हमारा रहन-सहन बदल गया है, लेकिन किसी खास त्योहार या शादी-ब्याह में इन चीजों का इस्तेमाल हमें अपनी पुरानी संस्कृति से जोड़ता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

FAQ
दुनिया का सबसे महंगा मसाला कौन सा माना जाता है और इसे किस फूल से प्राप्त किया जाता है?
केसर दुनिया का सबसे महंगा मसाला है, जिसे क्रोकस सैटिवस नाम के फूल के रेशों से निकाला जाता है।
गुलाब जल तैयार करने के लिए मुख्य रूप से किस प्रक्रिया का उपयोग किया जाता है?
ताजे गुलाब की पंखुड़ियों को पानी के साथ भाप द्वारा डिस्टिल करके प्राकृतिक गुलाब जल बनाया जाता है।
काजू और बादाम जैसे मेवों को ग्रेवी में मिलाते समय किस बात का ध्यान रखना जरूरी है?
इन्हें हमेशा धीमी आंच पर पकाना चाहिए, क्योंकि अधिक तापमान पर मेवों का पेस्ट जलकर कड़वा स्वाद दे सकता है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।