केक और पैन केक को डेकोरेट करने के लिए घर पर ऐसे बनाएं Edible ग्लिटर डस्ट

घर पर केक बनाते वक्त उसे डेकोरेट करने के लिए हम कई चीजों को इस्तेमाल करते हैं। इनमें एडिबल ग्लिटर डस्ट शामिल होता है, जो केक, कप केक अन्य फूड आइटम की खूबसूरती को बढ़ा देता है। मार्केट में केमिकल युक्त चीजों को इस्तेमाल करने से परहेज करती हैं तो इसे आप घर पर भी आसानी से बना सकती हैं। यह बनाने में आसान होने के साथ-साथ सस्ता भी है, इसके लिए अधिक चीजों की जरूरत नहीं बल्कि थोड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है।
केक को डेकोरेट करने के लिए फूड कलर का इस्तेमाल हम अक्सर करते हैं, जो घर पर फल और सब्जियों के जूस के जरिए बनाये जा सकते हैं, लेकिन बात जब एडिबल ग्लिटर डस्ट की आती है तो हमें इसे बाहर से खरीदने की आवश्यकता पड़ जाती है। ऐसे में आपको इसके लिए अधिक परेशान होने की जरूरत नहीं है, बल्कि सीमित चीजों में ही बिल्कुल मार्केट की तरह ग्लिटर डस्ट बना सकती हैं और केक को डेकोरेट करने के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं।
सामग्री
- कॉर्न फ्लोर- 2 चम्मच
- पानी- दो कप
- जेल फूड कलर- 2 से 3 बूंद
- ओएचपीशीट
बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक पैन को गैस पर रख दें और उसमें कॉर्न फ्लोर डाल दें। पहले पानी थोड़ा डालें और कॉर्न फ्लोर को उसमें मिक्स कर दें। मिक्स हो जाने के बाद बचा हुआ पानी डालकर पतला पेस्ट बना दें, ताकी अच्छी तरह से इसे पकाया जा सके। शुरुआत में गैस का फ्लेम लो रखें, लेकिन बाद में चाहें तो फ्लेम मीडियम या फिर हाई कर सकती हैं। इस दौरान इसे अच्छी तरह से चलाते रहें ताकि इसमें लम्प्स न पड़ें।
इसे भी पढ़ें:Paneer Recipes: बच्चों के लिए इस बार बनाएं ये लाजवाब पनीर की रेसिपीज, करेंगे खूब पसंद
- कॉर्न फ्लोर दो या तीन मिनट में पक जाता है, लेकिन आप एडिबल ग्लिटर डस्ट बना रही हैं तो इसके लिए अधिक समय तक पकाने की आवश्यकता है। लगातार चलाते हुए इसे तब तक पकाएं जब तक कि यह पतला पेस्ट न हो जाए। करीबन 4 से 5 मिनट तक पकाएं। इस दौरान यह मिश्रण कढ़ाई के साइड में चिपकने लगता है, जिसकी वजह से पपड़ी जमने लगती हैं। इसके बाद गैस को बंद कर दें।
- गैस बंद करने के बाद इस मिश्रण को अलग-अलग कटोरी में रख दें और इसमें जेल फूड कलर दो या तीन बूंद मिक्स कर दें। अगर आप डिफरेंट कलर में ग्लिटर बनाना चाहती हैं तो हर कटोरी में अलग-अलग जेल फूड कलर मिक्स कर दें। कॉर्न फ्लोर के मिश्रण को चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिक्स कर दें। इस दौरान ध्यान रखें कि यह ठंडा न होने पाए वरना आगे की प्रोसेस को पूरा करने में परेशानी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें:Saag Special: घर पर आप भी इन साग को बनाकर लीजिये जायके का मज़ा
- कलर मिक्स करने के बाद इस मिश्रण को ओएचपीशीट पर लगाकर फैला दें। इस दौरान शीट को पंखे के सामने या फिर धूप में रख दें। 5 या फिर 10 मिनट के अंदर यह सूख जाएगा फिर हाथों से इसे ओएचपीशीट से निकालकर किसी प्लेट में रख दें। सभी निकल जाए तो मिक्सर में डालकर पाउडर बना लें। इस दौरान ध्यान रखें कि हाथ गीले नहीं होने चाहिए, वरना यह चिपक सकता है।
- होममेड ग्लिटर डस्ट बिल्कुल मार्केट में मिलने वाले ग्लिटर की तरह ही लगेगा। इससे आप केक या फिर cup cake आदि को डेकोरेट करने के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। आप चाहें तो इसे एयरटाइट कंटेनर में रखकर स्टोर भी कर सकती हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सके।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।