क्या आपने खाई है भारत के अलग-अलग राज्यों की ये आइकॉनिक डिशेज? देखें पूरी लिस्ट

खाने-पीने के शौकीन लोग अक्सर अलग-अलग राज्यों में जाने के बाद वहां की आइकॉनिक डिशेज जरूर ट्राई करते हैं। हो सकता है कि आपने इस डिश को अपने शहर में खाया हो, लेकिन आपको यह नहीं पता हो कि डिश कहां की है। इसके साथ ही कई लोग देश के अलग-अलग राज्य घूमने का प्लान तो बनाते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता होता कि उस राज्य की फेमस डिश क्या है। इस बात से नकारा नहीं जा सकता कि एक ही डिश अलग-अलग शहरों में अलग स्वाद के साथ मिलती है, लेकिन जिस राज्य से इसकी शुरुआत हुई, वहां जाकर इसे टेस्ट करने का अनुभव आपको ज्यादा अच्छा लगेगा। आज के इस आर्टिकल में हम आपको अलग-अलग राज्य की इन डिशेज के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
छोले भटूरे (दिल्ली)
दिल्ली वालों से अगर फेमस स्ट्रीट फूड की बात करें, तो वह छोले भटूरे को ज्यादा पसंद करते हैं। मसालेदार छोले और मैदे से बने फूले हुए भटूरों का स्वाद चखने के लिए लोग अलग-अलग शहरों से आते हैं। सुबह के नाश्ते या दोपहर के खाने में, दिल्ली वाले इसे कभी भी खा सकते हैं। इसे अचार, प्याज और हरी मिर्च के साथ सर्व किया जाता है। पुरानी दिल्ली की दुकानों में आज भी छोले भटूरे सबसे ज्यादा बिकते हैं।

अमृतसरी कुलचा (पंजाब)
पंजाब जा रही हैं, तो आपको एक बार यहां का अमृतसरी कुलचा जरूर खाना चाहिए। भले ही आपने दूसरे शहरों में अमृतसरी कुलचा का स्वाद चखा हो, लेकिन जो स्वाद अमृतसर में किसी दुकान पर बैठकर खाने को मिलेगा, वह कहीं और नहीं मिलने वाला। यहां कुलचा आलू, प्याज, पनीर या गोभी की स्टफिंग के साथ बनाया जाता है। इसे तंदूर में पकाया जाता है, इसलिए इसका स्वाद और भी ज्यादा अच्छा लगता है।

दाल बाटी चूरमा (राजस्थान)
राजस्थान गए और दाल बाटी चूरमा का स्वाद नहीं चखा, तो आपकी ट्रिप अधूरी रह जाएगी। यह राजस्थान का पारंपरिक भोजन है। किसी भी दुकान पर आपको दाल बाटी चूरमा खाने को मिल जाएगा। आप घर पर भी इसे बनाने का ट्राई करेंगी, तो भी आपको राजस्थान जैसा स्वाद नहीं आने वाला। यहां की दाल बाटी की खास बात यह होती है कि इसे पूरी तरह से घी में डूबाकर सर्व किया जाता है।
इसे भी पढ़ें- वर्षो पुरानी रेसिपी, आज भी वही मिठास; 'आम की माहणी' के साथ जानें हिमाचल के पारंपरिक खान-पान

हैदराबादी बिरयानी (तेलंगाना)
इस लिस्ट में हैदराबादी बिरयानी कैसे छूट सकती है। आज दिल्ली से लेकर मुंबई तक, हर जगह हैदराबादी बिरयानी मिलती है, लेकिन इसके असली स्वाद की शुरुआत जहां से हुई, वहां जाने के बाद एक बार आपको इसे जरूर खाना चाहिए। बासमती चावल और मेरिनेट किए गए चिकन या मटन की लेयर की वजह से इसे और खास माना जाता है।
इसे भी पढ़ें- समोसे-कचौड़ी सब रह जाएंगे पीछे, जब खाएंगी जोधपुर का तीखा और चटपटा 'मिर्ची वड़ा'

इन डिशेज के अलावा महाराष्ट्र का वड़ा पाव और गुजरात का ढोकला और जलेबी-फाफड़ा भी आपको जरूर ट्राई करना चाहिए। जलेबी-फाफड़ा की खास बात यह है कि गुजरात जैसा स्वाद आपको और कहीं नहीं मिलने वाला। एक बार खाने के बाद आप बार-बार यहां आना चाहेंगी।
साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image credit- magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।