Ganesh Chaturthi Bhog 2023: भगवान गणेश को प्रिय इन चीजों का लगाएं भोग

Ganesh Chaturthi Bhog 2023: आज के दिन यानी गणपति बप्पा का इंतजार हर किसी को रहता है। ज्ञान और बुद्धि के देवता श्री गणेश के आने का जश्न 11 दिनों तक मनाया जाता है। यह त्यौहार बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता रहा है। इस उत्सव को महाराष्ट्र में बड़े स्तर पर मनाया जाता है और यह उनके लिए साल का सबसे बड़ा त्यौहार है।
इसकी तैयारी भी लगभग एक महीने पहले से ही शुरू हो जाती है। गणेश या गणपति को मिठाइयां अर्पित की जाती हैं। ऐसा माना जाता है कि भगवान गणेश को मोदक बहुत पसंद है, इसलिए जगह-जगह इसे बनाया जाता है। इसके साथ ही फूल, चावल, नारियल, गुड़ और अन्य कई चीजें उन्हें अर्पण की जाती हैं।
अगर आज आप भी धूमधाम से भगवान गणेश का स्वागत करने वाले हैं, तो उनके लिए भोग की तैयारी भी कर लें। चलिए इस आर्टिकल में जानें कि आप आज उन्हें भोग में कौन-सी चीजें चढ़ा सकते हैं।
भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाएं
गणपति बप्पा को मोदक बहुत ज्यादा पसंद होते हैं। यह डंपलिंग की तरह दिखने वाली असल में मिठाई होती है। इसे चावल और गेहूं के आटे से बनाया जाता है और फिर गुड़ डालकर इसे स्टीम किया जाता है। हालांकि कुछ समय से तरह-तरह के मोदक भी बाजार में उपलब्ध होने लगे हैं। बूंदी मोदक, चॉकलेट मोदक, मावा मोदक और रवा मोदक आदि कई फ्लेवर्स में मोदक बनने लगे हैं। गणेश चतुर्थी में यह एक मेन प्रसाद है, जिसे भोग के रूप में भगवान गणेश को जरूर चढ़ाएं।
इसे भी पढ़ें: गणेश चतुर्थी के मौके पर घर पर बनाएं ये 3 मीठे पकवान, जानिए आसान रेसिपी
भगवान गणेश को चढ़ाएं करंजी
करंजी सुनकर अगर आप सोच रहे हैं, कुछ नई रेसिपी है तो ऐसा नहीं है। आप इसे देखेंगे, तो कहेंगे कि अरे यह तो गुजिया है! इसे वैसे तो होली में बनाया जाता है, लेकिन इसका महाराष्ट्रियन वर्जन गणेश उत्सव के दौरान तैयार होता है। बाहर से कुरकुरी करंजी के अंदर कद्दूकस किए हुए नारियल की मीठी-सी स्टफिंग होती है। प्रसाद के रूप में इसे भी भगवान गणेश को चढ़ाया जा सकता है। अगर आप इसे थोड़ा-सा ज्यादा बना लेंगे, तो शाम की चाय के लिए एक मीठा स्नैक भी तैयार हो जाएगा।
भगवान गणेश को चढ़ाएं शंकरपाली
इसे शक्कर पारे भी कहा जाता है और यह महाराष्ट्रियन स्नैक है। यह मीठा और क्रिस्पी होता है। इस इंडियन स्वीट स्नैक को मैदे, चीनी, सूजी और खूब सारे घी से बनाया जाता है। डीप फ्राइड इस स्नैक का सेवन महाराष्ट्र में ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी खूब पसंद किया जाता है। लोग भगवान गणेश को भोग लगाने के लिए प्रसाद की थाली में इसे भी शामिल करते हैं। इसे चूंकि घर पर बनाना आसान है, तो इसे बाजार से खरीदने की बजाय आप भी घर में बना सकते हैं।
भगवान गणेश को लगाएं पंचामृत का भोग
किसी भी पूजा में पंचामृत तो बनता ही है। यह पूजा की थाली का एक जरूरी हिस्सा होता है। इसे नैवेद्यम के रूप में भगवान को चढ़ाया जाता है। भगवान को इसका भोग लगाने के बाद, इसे श्रद्धालुओं को बांटा जाता है। इसे 5 चीजों से मिलाकर बनाते हैं, इसलिए इसका महत्व भी बहुत खास हो जाता है। इसकी सामग्रियों को पवित्र माना जाता है, इसलिए इसे भी भोग के रूप में पूजन में जरूर शामिल करना चाहिए।
भगवान गणेश को लगाएं झुंका का भोग
इस डिश के बारे में मैंने भी पहली बार सुना था। जब सर्च किया तब पता चला कि मोदक के अलावा इसे गणपति पूजन में शामिल किया जाता है। यह एक स्पेशल डिश है, जो सिर्फ भगवान गणेश के लिए उनके जन्मदिन पर तैयार की जाती है। अगर आपको लगता है कि यह भी मिठाई है, तो ऐसा नहीं है। तमाम मिठाइयों के बीच यह एक ऐसी नमकीन डिश है, जिसे पूजन में सर्व किया जाता है। इसे बेसन से बनाया जाता है और भाखरी के साथ सर्व करने की परंपरा है।
इसे भी पढ़ें: Ganesh Chaturthi 2023: गणेश चतुर्थी में गणपति जी के लिए बनाएं ये प्रसाद
भगवान गणेश को चढ़ाएं वरण भात
वरण भात भी एक महाराष्ट्रीयन रेसिपी है, जिसे गणपति पूजन में शामिल किया जाता है। इस दौरान भगवान को सिर्फ मिठाइयों का ही भोग नहीं लगता, बल्कि उनके लिए खास तौर से भोज किया जाता है। भव्य दावत तैयार होती है और उसमें मीठा, नमकीन और अन्य चीजें चढ़ाई जाती हैं। उन्हीं में एक वरण भात है, जिसे तूर की दाल (तूर दाल के फायदे) से बनाया जाता है। बहुत ही सादी रूप से बनी यह दाल भात के साथ सर्व की जाती है।
अगर आप भी गणपति के लिए कुछ बनाने के बारे में सोचें, तो मिठाई ही नहीं कुछ नमकीन डिशेज भी बनाएं। हमें उम्मीद है यह जानकारी आपको पसंद आई होगी। अगर यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।