पटना की वो जगहें जहां एक बार लिट्टी चोखा खाने के बाद बार-बार पहुंचेंगे

संवाद एक बिहारी दोस्त से-'का हाल बा! ठीक बा! हां सब ठीक बा! तब कहां से आव तारा? अरे, कुछ काम खातिर पटना गईल रनी! बढ़िया! तब, पटना में लिट्टी चोखा के स्वाद चाखल की न! अरे, किस जगह बेहतरीन लिट्टी चोखा मिलेला, इसके बारे में जानकारी न रहे मर्दे इसलिए लिट्टी चोखा का स्वाद न चखनी। वो, अच्छा!
लिट्टी चोखा यानि बिहार का फेमस और पारंपरिक फ़ूड। बिहार में घूमने के लिए निकले हैं या फिर किसी काम से बिहार गए हैं और लिट्टी चोखा का स्वाद नहीं चखा तो फिर बिहार के जायके का स्वाद आपने नहीं चखा। ऐसे में अगर आप बिहार की राजधानी पटना में किसी काम से या घूमने के लिए निकले हैं तो यहां ऐसी कई जगहें हैं जहां आप एक बार लिट्टी चोखा का स्वाद चखने के बाद बार-बार उसी स्थान पर जाना पसंद करेंगे। आज इस लेख में पटना की उन जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां कम पैसे में बेहतरीन लिट्टी चोखा का लुत्फ़ उठा सकते हैं। यहां से रास्ते के लिए भी लिट्टी चोखा पैक करा सकते हैं। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में।
लिट्टी हट

अक्सर हम और आप किसी छोटी सी दुकान को देखकर इसलिए उस स्थान पर नहीं जाते हैं क्योंकि लगता है कि यहां खाने के लिए कुछ सही नहीं मिलेगा। लेकिन आपको बता दें कि पटना में मौजूद ये छोटी सी दुकान लिट्टी चोखा के लिए सिर्फ पटना में ही नहीं बल्कि चार सौ किलोमीटर दूर बेतिया शहर में भी फेमस है। यहां सुबह और शाम के समय सबसे अधिक भीड़ रहती है। यहां लिट्टी चोखा तो परोसा जाता ही है साथ में लिट्टी के साथ आप छोले का भी स्वाद चख सकते हैं। यहां लगभग 40-50 रुपये में चार लिट्टी और चोखा के साथ चाय का लुत्फ़ उठा सकते हैं।
पत्ता- जितेंद्र उत्सव हॉल के पास, नाला पर, राजीव नगर, गरदानीबाग-पटना-800024
इसे भी पढ़ें:चिकन बनाने से पहले जान लें उसे साफ करने का परफेक्ट तरीका
जीवन होटल

बिहार की राजधानी पटना में मौजूद प्रसिद्ध गांधी मैदान के बारे में तो आपने ज़रूर सुना होगा। अगर हां, तो आपको बता दें कि यहां मौजूद जीवन होटल कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाने के लिए फेमस है। लेकिन यहां परोसे जाने वाले लिट्टी चोखा की थाली के लिए सबसे अधिक भीड़ रहती है। आग में भूना लिट्टी जब घी में डुबोकर परोसा जाता है तो देखते ही मुंह में पानी आ जाता है। बैंगन को भी आग में भुनकर चोखा तैयार किया जाता है। चार लिट्टी और चोखा की थाली लगभग 50-60 रुपये के बीच मिलती है।(कटहल का कोरमा बनाएं)
पत्ता-समाहरणालय कॉलोनी, गांधी मैदान के पास, गोलांबर-800001
सी.के लिट्टी चोखा

पटना बोरिंग रोड में मौजूद सी.के लिट्टी चोखा कॉर्नर एक नहीं बल्कि तरह के लिट्टी चोखा के लिए फेमस है। यहां चना सत्तू के साथ-साथ मक्के के आटे से तैयार लिट्टी चोखा भी फेमस है। आग में भूना बैंगन, टमाटर, आलू, प्याज, नींबू का रस, धनिया पत्ता और सरसों तेल से तैयार चोखा का स्वाद चखने के बाद कई लोग सिर्फ चोखा को पैक करके घर ले जाते हैं। यहां घी या बटर में लिट्टी को डुबोकर थाली में परोसा जाता है। यहां लिट्टी और चोखा की थाली लगभग 40-50 रुपये के बीच मिलती है।
पत्ता-131/ई, बोरिंग रोड, श्री कृष्ण पुरी, पटना-800001
भोजपुर लिट्टी चोखा

पटना में एक कहावत है 'भोजपुर में लिट्टी चोखा का स्वाद नहीं चखा तो फिर पटना में घूमने जाने का कोई फायदा नहीं है'। जी हां, लगभग हर कोई पटना में लिट्टी चोखा खाने की जगह तलाश करता है तो सूचि में भोजपुर लिट्टी चोखा का नाम ज़रूर शामिल रहता है। यहां आग में भुना लिट्टी या उबला हुआ लिट्टी खाने को मिलता है। बटर या घी में डुबोकर भी लिट्टी चोखा को थाली में परोसा जाता है।
पत्ता-आरबीआई फ्लैट्स कॉलोनी, बैंकमैन कॉलोनी, पटना-800020
इसे भी पढ़ें:दिल्ली की वो जगहें जहां एक बार राजमा चावल खाने के बाद बार-बार पहुंचेंगे
डीके लिट्टी कॉर्नर

पटना में एक नहीं बल्कि कई डीके लिट्टी कॉर्नर है। लेकिन हम आपको जिस डी.के लिट्टी कॉर्नर के बारे में बताने जा रहे हैं वो पटना के फ्रेजर रोड में मौजूद है। यह सबसे प्राचीन दुकानों में से एक है और इसके बाद ही पटना शहर में कई डीके लिट्टी कॉर्नर खुले। कई लोगों का मानना है कि जिस अंदाज में यहां लिट्टी चोखा थाली में परोसा जाता है उसे सिर्फ देखते ही मुंह में पानी आ जाता है। यहां चोखा के साथ खट्टी-मीठी चटनी और अचार भी थाली में परोसा जाता है।
पत्ता-श्री कृष्णपुरी, फ्रेजर रोड-800001
अगली बार जब आप पटना पहुंचे तो लिट्टी चोखा खाने के लिए इन जगहों पर ज़रूर पहुंचे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर जरूर शेयर करें और इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit:(@freepik)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।