3 जुलाई से शुरू हो रही है अमरनाथ यात्रा, जानिए हेलीकॉप्टर बुकिंग, हिमलिंग दर्शन का समय और यात्रा रूट की पूरी जानकारी

पवित्र अमरनाथ यात्रा इस साल 3 जुलाई 2025 से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी। इस यात्रा के दौरान भक्त अमरनाथ गुफा के अंदर बने बर्फीले शिवलिंग (हिमलिंग) के दर्शन करने के लिए 14,000 फीट की ऊंचाई तक चढ़कर पहुंचते हैं। अगर आप भी इस यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यहां आपको अमरनाथ यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी मिल जाएगी।
amarnath yatra route darshan timings helicopter booking medical rules safety tips and all you need to know

हर साल बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए हजारों भक्त अमरनाथ यात्रा में शामिल होते हैं। इस साल यह यात्रा 3 जुलाई 2025 से शुरू हो रही है और 9 अगस्त 2025 तक हिमलिंग के दर्शन उपलब्ध रहेंगे। हिंदू धर्म के सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों में से एक अमरनाथ गुफा है, जहां हर साल भक्त बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन करने पहुंचते हैं। अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को 14,000 फीट की ऊंचाई तक ट्रैकिंग करनी होती है, जिसकी वजह से कुछ लोगों की सेहत भी बिगड़ जाती है। इसलिए, हर साल अमरनाथ यात्रा शुरू करने से पहले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की तरफ से एडवाइजरी जारी की जाती है, ताकि यात्रा के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। अमरनाथ यात्रा से पहले इसकी सही जानकारी और प्लानिंग की जरूरत होती है।

आज हम आपको इस आर्टिकल में अमरनाथ यात्रा कब शुरू होगी, रजिस्ट्रेशन कैसे करें, कौन-से रूट से यात्रा करनी सही रहती है, कैसे हेलिकॉप्टर बुकिंग कर सकते हैं और इस यात्रा को करने के लिए उम्र कितनी होनी चाहिए और भी बहुत से सवालों को जवाब हम देने वाले हैं।

प्रश्न- क्या अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन के लिए कोई मानदंड हैं?

  • अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन 2025 के लिए विशिष्ट मानदंड हैं।
  • केवल 13 से 70 साल की उम्र के लोग ही रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
  • 6 हफ्ते से अधिक गर्भवती महिलाओं को यात्रा की अनुमति नहीं है।
  • सभी तीर्थयात्रियों को सरकारी डॉक्टर या हॉस्पिटल से Compulsory Health Certificate (CHC) प्राप्त करना जरूरी होता है।
  • पंजीकरण के दौरान आपको आईडी प्रूफ दिखाना होता है।

प्रश्न- क्या अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन के लिए कोई शुल्क है?

जी हां, आमतौर पर अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान किया जा सकता है।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए फीस लगभग 220 रुपये प्रति व्यक्ति है और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए फीस लगभग 50 से 150 रुपये प्रति व्यक्ति हो सकती है।

इसे भी पढ़ें- Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ गुफा तक कैसे पहुंचा जा सकता है? यहां जानिए पूरा रूट

प्रश्न- अमरनाथ यात्रा के लिए आयु सीमा क्या है?

श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) द्वारा अमरनाथ यात्रा के लिए आयु सीमा स्पष्ट रूप से परिभाषित की गई है। अमरनाथ यात्रा के लिए 13 से लेकर 70 साल की उम्र तक के लोग जा सकते हैं।

प्रश्न- अमरनाथ की गुफा कहां स्थित है?

गुफा जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले की पहलगाम तहसील में समुद्र तल से 12,756 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।

प्रश्न- अमरनाथ यात्रा के लिए कितने रूट है?

अमरनाथ यात्रा के लिए दो मुख्य ट्रैकिंग रूट हैं, बालटाल मार्ग और पहलगाम मार्ग।

Amarnath Yatra 2025 route

1. बालटाल मार्ग (सोनमर्ग के माध्यम से)

  • अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल मार्ग कठिन रास्ता माना जाता है और यहां का रास्ता संकरा और ऊबड़-खाबड़ है।
  • बालटाल यात्रा का आधार शिविर है, जो श्रीनगर से लगभग 93 किलोमीटर की दूरी पर सोनमर्ग के पास स्थित है।
  • पहला पड़ाव डोमेल है, जहां से चढ़ाई की असली शुरुआत होती है और दूसरा पड़ाव बरारी है जहां श्रद्धालु थोड़ी देर आराम करते है।
  • इसके बाद, संगम एक ऐसी जगह है जहां बालटाल और पहलगाम दोनों रूट मिलते हैं। फिर, यात्रा का अंतिम पड़ाव अमरनाथ गुफा है, जहां बाबा बर्फानी के दर्शन होते हैं।
  • यह मार्ग लगभग 14 किलोमीटर लंबा है, जिसे आमतौर पर एक ही दिन में पैदल तय किया जा सकता है।

2. पहलगाम मार्ग (48 किमी, 3-5 दिन)

यह अमरनाथ यात्रा का सबसे लोकप्रिय रूट है। यह रास्ता लगभग 48 किमी लंबा है और इस पैदल तय करने में 3 से 5 दिन लग जाते हैं। पहलगाम यात्रा का बेस कैंप हैं, जो श्रीनगर से लगभग 92 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

यात्रा का पहला पड़ाव चंदनवाड़ी है, जहां यात्री रात बिता सकते हैं, दूसरा पड़ाव पिस्सू टॉप है, जहां चढ़ाई खड़ी होती है और तीसरा पड़ाव शेषनाग है, जो समुद्र तल से 3,454 मीटर की ऊंचाई पर है। इसके बाद, चौथा पड़ाव पंचतरणी होता है जहां अमरावती और पंचतरणी नदियों का संगम होता है और यहां रात बिता सकते हैं। आखिरी पड़ाव अमरनाथ गुफा है जहां हिमलिंग के दर्शन होते हैं।

प्रश्न- हवाई, रेलवे और सड़क मार्ग से अमरनाथ यात्रा के लिए कैसे पहुंच सकते हैं?

  • अमरनाथ यात्रा के लिए सबसे निकटतम एयरपोर्ट श्रीनगर हवाई अड्डा है। आप एयरपोर्ट से पहलगाम (लगभग 90 किमी) या बालटाल (लगभग 80 किमी) के लिए टैक्सी ले सकते हैं, जो यात्रा के लिए दो बेस कैंप हैं।
  • अमरनाथ यात्रा के लिए सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन जम्मू तवी रेलवे स्टेशन है। जम्मू से आपको पहलगाम (लगभग 270 किमी) या बालटाल (लगभग 300 किमी) तक बस या टैक्सी से यात्रा कर सकते हैं।
  • यात्रा के लिए निकटतम बैस स्टैंड जम्मू बस स्टैंड है और जम्मू और कश्मीर राज्य सड़क परिवहन निगम और प्राइवेट बसें जम्मू से श्रीनगर, बालटाल और पहलगाम के लिए उपलब्ध हैं।

प्रश्न- अमरनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर से कैसे जाएं?

श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) की आधिकारिक जानकारी के आधार पर आप दो स्थानों को चुन सकते हैं। पहला है नीलग्रथ (बालटाल के पास) से पंजतरणी और पहलगाम से पंजतरणी। पंजतरणी से आपको अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए 6 किलोमीटर की चढ़ाई करनी होगी।

इसे भी पढ़ें- Amarnath Yatra 2024: शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, जानें क्यों इस स्थान को माना जाता है मोक्ष का धाम

प्रश्न- हेलीकॉप्टर टिकट कैसे बुक करें?

आप SASB पोर्टल के माध्यम से हेलीकॉप्टर टिकट बुक कर सकते हैं।

  • आपको सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://jksasb.nic.in पर जाना होगा। वहां पर हेलीकॉप्टर सर्विस लिंक पर क्लिक करना होगा।
  • फिर, बोर्डिंग प्वाइंट, तारीख और समय चुनना होगा। साथ ही आईडी प्रूफ और मेडिकल सर्टिफिकेट अपलोड करना होगा।
  • इसके बाद टिकट का प्रिंटआउट निकाल लेना होगा।

प्रश्न- अमरनाथ हेलीकॉप्टर टिकट का किराया क्या है?

एयरलाइन और रूट के आधार पर हेलीकॉप्टर टिकट रेट्स अलग-अलग हो सकते हैं।

amarnath yatra Q&A

  • नीलग्रथ-पंजतरणी-नीलग्रथ (राउंड ट्रिप): 4000–5000 रुपये
  • पहलगाम-पंजतरणी-पहलगाम (राउंड ट्रिप): 6000–7000 रुपये

प्रश्न- अमरनाथ के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट कहां से प्राप्त करें?

आप अपना CHC अपने शहर के सरकारी हॉस्पिटल, क्लीनिक और डॉक्टर से प्राप्त कर सकते हैं।

मेडिकल सर्टिफिकेट पाने के लिए कुछ बेसिक टेस्ट होते हैं, जिसमें ब्लड प्रेशर, ECG और ऑक्सीजन सैचुरेशन लेवल को चेक किया जाता है। अगर आप हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के लिए फिट पाए जाते हैं, तो आपको डॉक्टर CHC जारी कर देता है। यात्रा रजिस्ट्रेशन के 15 दिनों के भीतर मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किया जाना चाहिए।

प्रश्न- अमरनाथ यात्रा के लिए आवश्यक डॉक्यूमेंट्स क्या-क्या हैं?

  • मेडिकल सर्टिफिकेट यानी CHC
  • वैलिड आईडी प्रूफ
  • चार पासपोर्ट साइज फोटो
  • यात्रा रजिस्ट्रेशन फॉर्म

प्रश्न- अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन का समय

हर दिन बाबा बर्फानी की गुफा श्रद्धालुओं के लिए सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेगी।

हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit - twitter, freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP