बिना केमिकल घर पर आम सुखाने के 3 देसी तरीके, साल भर तक नहीं होगा खराब

How To Dry Mangoes At Home: गर्मियों के मौसम में बाजार में आम की भरमार देखने को मिलती है। ऐसे में लोग इससे अलग-अलग तरह के अचार और खटाई बनाकर साल भर के लिए स्टोर करते हैं। अक्सर जब सूखे आम की बारी आती है, तो लोग बाजार से अमचूर या सूखी खटाई खरीदना पसंद करते हैं, जिनमें सल्फर या अन्य प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर पर बिना किसी केमिकल के आम सुखाना बेहद आसान है? आम को सुखाकर रखने की यह परंपरा बहुत पुरानी है, जो हमारी दादी-नानी के समय से चली आ रही है। सही तरीके से सुखाया गया आम साल भर खराब नहीं होता और आपकी दाल, कढ़ी व सब्जियों के स्वाद को दोगुना कर देता है।
धूप में आम सुखाने का तरीका
धूप वाला तरीका पुराना और असरदार है। इसमें आम की फांकें अपनी प्राकृतिक खटास और खुशबू बरकरार रखती हैं।
तरीका
- सबसे पहले कच्चे आमों को धोकर छील लें।
- अब इनके पतले और लंबे स्लाइस काट लें।
- एक बड़ी थाली या साफ सूती कपड़े पर इन टुकड़ों को फैला दें।
- ध्यान रहे कि टुकड़े एक-दूसरे से चिपके न हों।
- इसे तेज धूप में 3-4 दिनों तक सुखाएं।
- रात के समय इसे कमरे के अंदर रख लें।
- आम का टुकड़ा जब हाथ से तोड़ने पर आसानी से कड़क करके टूट जाए, तो समझ लें कि यह अच्छे से सूख गया है।
इसे भी पढ़ें- मार्केट में आए केमिकल वाले आम, पानी से ऐसे करें जहरीले और असली Mangoes की पहचान
नमक-हल्दी का देसी लेप
अगर आप चाहती हैं कि सूखे आम में कभी कीड़ा न लगे और उसका रंग भी हल्का बना रहे, तो आप नमक-हल्दी वाला तरीका अपना सकती हैं।
तरीका
- कटे हुए आम के टुकड़ों को एक बड़े बर्तन में डालें।
- अब इसमें 2 बड़े चम्मच नमक और 1 चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं।
- इसके बाद अच्छे से टॉस करें ताकि हर टुकड़े पर मसाला लग जाए।
- इसे 2-3 घंटे के लिए छोड़ दें, जिससे आम थोड़ा पानी छोड़ देगा।
- अब इस पानी को छान लें और टुकड़ों को धूप में सुखा दें।
छाया में सुखाने का तरीका
अगर आपकी छत या बालकनी में सीधी धूप नहीं आती है, तो आप छाया वाला तरीका अपना सकते हैं। नीचे जानें पूरा तरीका-
तरीका
- आम के टुकड़ों को बहुत ही बारीक काटें।
- अब इन्हें एक जालीदार स्टैंड या मलमल के कपड़े पर फैलाएं।
- इन्हें पंखे की तेज हवा के नीचे 5-6 दिनों तक रहने दें।
- इसमें समय थोड़ा ज्यादा लगता है, लेकिन इससे आम का रंग काफी साफ रहता है।
- बस इस बात का ध्यान रखें कि कमरे में नमी न हो।
सूखे हुए आम को स्टोर करने का तरीका
- सूखे हुए आमों को हमेशा कांच के साफ और सूखे जार में रखें। इस्तेमाल से पहले जार को धूप में अच्छी तरह सुखा लें।
- डिब्बे में एक छोटा टुकड़ा हींग या 2-3 सूखी लाल मिर्च डाल दें। इसकी तीखी गंध से सूखे आम में घुन या कीड़े नहीं लगते।
- जब भी सब्जी में डालने के लिए आम निकालें, हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।
इसे भी पढ़ें- भारत के इस शहर को कहा जाता है Mango City Of India, जानें क्यों मिला यह खिताब?
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।