केरल ट्रिप का प्लान बना रही हैं तो जरूर जाएं अथिरापल्ली वॉटरफॉल, जानिए घूमने की सही टाइमिंग और टिप्स
-1792240680914.webp)
केरल की हरी-भरी वादियां, शांत बहता पानी और कल-कल करती नदियां न केवल देश में बल्कि विदेश में भी प्रसिद्ध हैं। हजारों लोग हर साल केरल घूमने के लिए आते हैं। अगर आप भी आने वाले दिनों में केरल घूमने का प्लान बना रही हैं, तो अपनी ट्रैवल लिस्ट में 'अथिरापल्ली वॉटरफॉल' को जरूर शामिल करें। त्रिशूर जिले में स्थित यह वॉटरफॉल अपनी अनूठी खूबसूरती के लिए पूरे भारत में जाना जाता है। इसे 'भारत का नियाग्रा फॉल्स' भी कहा जाता है।
दक्षिण भारत की यह खूबसूरत जगह फोटोग्राफर्स और नेचर लवर्स के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां घने जंगलों के बीच लगभग 80 फीट की ऊंचाई से पानी नीचे गिरता है, जिसका नजारा वाकई देखने लायक होता है। आइए जानते हैं अथिरापल्ली वॉटरफॉल के बारे में विस्तार से।
क्या है अथिरापल्ली वॉटरफॉल की खासियत?
अथिरापल्ली वॉटरफॉल को दक्षिण भारत के सबसे बड़े और प्रसिद्ध झरनों में से एक माना जाता है। यह झरना करीब 80 फीट ऊंचा और 330 फीट चौड़ा है। इसके पानी के गिरने की गूंज चारों तरफ बिल्कुल साफ सुनाई देती है। यह जगह फिल्मों की शूटिंग के लिए भी बहुत मशहूर है। यहां मणिरत्नम की मशहूर फिल्म 'गुरु' का गाना 'बारी रे' और ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बाहुबली' के कई आइकॉनिक दृश्य शूट किए गए हैं।
अथिरापल्ली के इन घने जंगलों और झरनों की खूबसूरती बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक छाई हुई है। यहां पक्षियों की अलग-अलग प्रजातियां, हाथियों के झुंड और चारों तरफ फैली हरियाली देखने को मिलती है।
अथिरापल्ली घूमने जाने का सबसे सही समय
वैसे तो अथिरापल्ली का यह खूबसूरत नजारा देखने के लिए पर्यटक साल भर आते रहते हैं, लेकिन सबसे सही समय की बात करें तो -
मानसून यानी जून से अक्टूबर के समय झरने का सबसे भव्य और विशाल रूप देखने को मिलता है। बारिश के दिनों में यहां पानी का बहाव बहुत तेज हो जाता है। इसके अलावा सितंबर से फरवरी यानी सर्दियों के शुरुआती महीनों में यहां का मौसम बहुत सुहावना और शानदार हो जाता है, जो आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा।
यह भी पढ़ें- देहरादून के पास बेस्ट वॉटरफॉल की लिस्ट देखें यहां
अथिरापल्ली ट्रिप के जरूरी ट्रैवल टिप्स
अथिरापल्ली ट्रिप पर जाने से पहले कुछ जरूरी बातों और ट्रैवल टिप्स का ध्यान जरूर रखें -
- अगर आप झरने के पास या पत्थरों पर चल रही हैं, तो वहां का रास्ता फिसलन भरा हो सकता है। इसलिए अच्छी ग्रिप वाले वॉकिंग शूज या ट्रेकिंग जूते ही पहनें।
- वॉटरफॉल के बहुत पास जाने पर पानी की बूंदें आप पर उड़ सकती हैं, जिससे कपड़े गीले हो सकते हैं। इसलिए अपने साथ एक्स्ट्रा कपड़े जरूर रखें।
- अगर आप जंगल के अंदर ट्रैकिंग के लिए जा रही हैं, तो सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय गाइड या सुरक्षाकर्मी को अपने साथ जरूर रखें।
अथिरापल्ली कैसे पहुंचें?
अगर आप भी अथिरापल्ली जाना चाहती हैं, तो नीचे दिए गए तरीकों से आसानी से पहुंच सकती हैं -
- अथिरापल्ली के सबसे नजदीकी एयरपोर्ट कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जो यहां से लगभग 35 किलोमीटर की दूरी पर है। एयरपोर्ट से आपको आसानी से कैब या टैक्सी मिल जाएगी।
- रेलवे स्टेशन की बात करें तो 'चालाकुडी' सबसे पास का रेलवे स्टेशन है, जो लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। रेलवे स्टेशन से भी आप पर्सनल कैब या शेयरिंग वाहन लेकर पहुंच सकती हैं।
यह भी पढ़ें- पंचकूला के करीब ये वॉटरफॉल जन्नत से कम नहीं, मानसून में मनमोहक जादू देखने पहुंच जाएं
निष्कर्ष: वैसे तो भारत देश में घूमने के लिए अनगिनत जगहें हैं, लेकिन दक्षिण भारत का यह खूबसूरत अथिरापल्ली वॉटरफॉल किसी स्वर्ग से कम नहीं है। अगर आप भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर कुछ पल शांति के बिताना चाहती हैं, तो यह जगह आपके लिए सबसे बेस्ट हो सकती है। यहां एक बार जाने के बाद आपका बार-बार जाने का मन करेगा। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image credits: AI/PINTEREST/mnu
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।