Mother-Daughter Trip के लिए बेस्ट हैं चेरापूंजी, कूर्ग और उदयपुर, जानें कितना आएगा खर्च?

समय तेजी से दौड़ता है और अपने साथ कई वादे भी ले जाते हैं। हम बचपन से बड़े होने तक साल दर साल अपनी मां को बदलते देखते हैं। बड़े होते हुए, हम खुद से वादे करते हैं, कि जब हम बड़े हो जाएंगे, तो हम उन्हें घूमाने ले जाएंगे। उन्हें खूबसूरत अनुभव देंगे। आज हम आपको कुछ ऐसी ही शानदार जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप अपनी मां को लेकर घूमने जा सकती हैं।
Updated:- 2026-11-17, 16:52 IST
mother daughter trip plan

काम, उम्र और समय बड़ी ही तेजी से बदलता है। भागदौड़ भरी जिंदगी में आप भी चाहते हैं कि अपनी मां के साथ कुछ सुकून भरे पल बिताएं। ऐसी जगह उन्‍हें दिखाएं, जो उनकी रोजमर्रा की लाइफ से दूर लेकर जाए। किचन और घर कहीं पीछे छूट जाए और साथ रहे, तो बस आपकी मां और आप।

आप भी अपनी मम्‍मी के साथ कुछ ऐसी जगहों की ट्रिप प्‍लान कर सकती हैं, जहां पहुंचने में कोई दिक्‍कत न हो, सफर बजट के अनुकूल हो और घूमने के बाद मन बरबस उन जगहों को याद करे। जहां आपने मम्‍मी के साथ यादगार पल गुजारें, तो चलिए देर किस बात की? इस खबर को पढ़ते ही अपना बैगपैक रेडी करें और अपनी मां का हाथ पकड़ निकल पड़ें खास डेस्टिनेशन की तरफ। हम आपको उदयपुर, कूर्ग और चेरापूंजी कैसे जाएं? क्‍या देखें और किन बातों का ख्‍याल रखें? इसके बारे में विस्‍तार से बताने जा रहे हैं।

पहले रुख करते हैं, नॉर्थ ईस्‍ट के स्‍वर्ग चेरापूंजी की ओर

चेरापूंजी (जिसे सोहरा भी कहा जाता है) मां-बेटी की ट्रिप के लिए एक बहुत ही खूबसूरत, शांत और सुरक्षित जगह है। यहां की हरी-भरी वादियां, झरने और बादलों से ढकी पहाड़ियां आपको क्‍वालिटी टाइम बिताने के लिए बेहतरीन माहौल देती हैं। चेरापूंजी भारत में सबसे ज्‍यादा बारिश वाली जगह के तौर पर जानी जाती है। हमने अपनी ज्योग्राफी की क्लास में यही पढ़ा था। यहां कई खास जगहें ऐसी हैं, जहां आप विजिट कर सकती हैं।

cherrapunji ki trip

Image Credit: magnific.com

नोहकलिकाई फॉल्‍स- जब आप इस जगह पर घूमेंगे तो बादल आपके हमेशा साथी रहेंगे। आप सचमुच बादलों में चल सकते हैं, उन्हें अपनी स्किन पर महसूस कर सकते हैं और उनकी खुशबू ले सकते हैं। करीब 1100 फीट की हाइट पर स्थित नोहकलिकाई फॉल्‍स एक गहरा झरना है, जिसे भारत में नंबर एक वॉटरफॉल माना जाता है।

मौसिनराम भी है कमाल- मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स में स्थित चेरापूंजी और मौसिनराम की प्राकृतिक बनावट ही कुछ ऐसी है,कि तीन ओर से पहाड़ियों से घिरे इस इलाके में आने वाले बादल यहां आकर फंस जाते हैं। बजाय हवा के साथ आगे बढ़ने के मजबूरन यहीं पर ज्यादातर पानी बरसा देते हैं। इसके चलते चेरापूंजी और मौसिनराम में साल भर रिकॉर्ड बारिश होती रहती है। यहां की हरियाली और बनावट आपका मनमोह लेगी।

मौसमाई गुफा- यह गुफा चेरापूंजी से करीब 5 किलेामीटर आगे है, जोकि सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुली रहती है। करीब 150 मीटर लंबी मौसमाई गुफा एक तरह की भूलभुलैया है, जिसमें में गुम होकर आप बचपन की खुशियों को पा लेने का आंनद ले सकते हैं। चूना पत्थर की इस गुफा से जब सूर्य की रोशनी टकराती है, तब आसपास एक बेहद ही अलौकिक किस्म के प्रकाश का पैर्टन बनता है। इसे देखकर आपकी आंखें चौंधिया जाएंगी।

कैसे पहुंचे चेरापूंजी? यात्रा खर्च और बजट‍ टिप्‍स

चेरापूंजी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बहुत सीमित है। सुरक्षित और आराम से घूमने के लिए शिलांग या गुवाहाटी से कोई प्राइवेट कैब/टैक्सी बुक करना सबसे अच्छा और सुविधाजनक ऑप्‍शन है। मेघालय टूरिज्म की बसें भी शिलांग से चलती हैं।

  • दिल्ली (DEL) से शिलॉन्ग (SHL) के लिए फ्लाइट उपलब्ध हैं (वन-वे किराया लगभग ₹6,500 से ₹11,000 के बीच हो सकता है)।
  • चेरापूंजी में अच्छे रिसॉर्ट्स और कॉटेज मिल जाते हैं जो वादियों के बीच सुकून भरा स्टे देते हैं।
  • अगर आपकी मम्मी को ज्यादा लंबी या कठिन ट्रेकिंग (जैसे डबल डेकर रूट ब्रिज का लंबा ट्रैक) से दिक्कत है, तो उस ट्रैक को छोड़कर सिर्फ आसान व्यू-पॉइंट्स चुन सकती हैं।

कूर्ग नहीं देखा तो क्‍या देखा?

भारत में शांत, सुरम्‍य और शानदार नजारा देखना हो लाइफ में एक बार कूर्ग का दौरा जरूर करें। कूर्ग की प्‍लानिंग अगर अपनी मम्‍मी के साथ करने जा रही हैं, तो बात ही क्‍या? कूर्ग, जिसे “भारत का स्कॉटलैंड” कहा जाता है , अपनी धुंधली पहाड़ियों, हरे-भरे कॉफी बागानों और शांत जंगलों के लिए मशहूर है। परिवार के साथ ट्रेकिंग करने और नेचर पसंद करने वालों के लिए एकदम मुफीद जगह है।

दुबारे एलिफेंट - आपको कूर्ग में अपने पहले दिन की शुरुआत दूबारे हाथी कैम्प से करनी चाहिए। कई विशाल एशियाई हाथियों का घर, ये जगह कभी प्रसिद्ध मैसूर दशहरा जुलूस में भाग लेने वाले हाथियों के लिए एक प्रशिक्षण शिविर के रूप में कार्य करती थी। हाथियों के साथ नहाने और खेलने के अलावा आप इन राजसी जीवों को खाना भी खिला सकते हैं और उनके साथ फोटो क्लिक करवा सकते हैं। भारतियों के लिए एंट्री फीस 1310 रुपये है।

नामद्रोलिंग मठ- इसे ही तिब्बती स्वर्ण मंदिर के रूप में भी जाना जाता है, निंग्मा बौद्ध परंपरा का सबसे बड़ा शिक्षण केंद्र है। मठ में आप घूम सकते हैं, तिब्बती वास्तुकला को देख सकते हैं, जगह के आसपास की शांति का अनुभव कर सकते हैं। इतना ही नहीं स्थानीय लामाओं की प्रार्थना सभा में भाग ले सकते हैं। यहां बने परिसर की दुकानों से पारंपरिक तिब्बती स्मृति चिन्ह भी खरीद सकते हैं। यहां आप फ्री सुबह 9 बजे से शाम के 6 बजे के बीच जा सकते हैं।

coorg ki trip

Image Credit:magnific.com

कूर्ग में एबी फॉल्स- एबी फॉल्स कूर्ग में मौजूद एक बेहद ही खूसबूरत झरना है। होटल में नाश्ता करने के बाद, आप एबी फॉल्स को देखने के लिए निकल सकते हैं। हरे-भरे मसाले और कॉफी के बागानों के बीच स्थित, दूधिया सफेद झरना लगभग 70 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरता है।

यह भी पढ़ें- कूर्ग के ये स्वादिष्ट व्यंजन बना देंगे आपको दीवाना, आप भी करें ट्राई

कूर्ग कैसे पहुंचें?

कूर्ग में अपना कोई रेलवे स्टेशन या हवाई अड्डा नहीं है। आप यहां बताए माध्यमों से पहुंच सकते हैं,जो आपकी यात्रा को बेहतर बना देंगे।

  • हवाई जहाज- कूर्ग का नजदीकी हवाई अड्डा बेंगलुरु या मंगलुरु है। बेंगलुरु हवाई अड्डे से कूर्ग की दूरी करीब 290 किमी है। हवाई अड्डे से आप टैक्सी या बस लेकर कूर्ग पहुंच सकते हैं।
  • ट्रेन - : कूर्ग का निकटतम रेलवे स्टेशन मैसूर (लगभग 120 किमी) और बेंगलुरु (लगभग 250 किमी) है। मैसूर या बेंगलुरु स्टेशन से बस या टैक्सी के जरिए कूर्ग आसानी से पहुंचा जा सकता है।
  • बस- बेंगलुरु, मैसूर और कर्नाटक के अन्य प्रमुख शहरों से KSRTC (सरकारी) और प्राइवेट स्लीपर/नॉन-A/C बसें नियमित रूप से चलती हैं। बेंगलुरु से कूर्ग पहुंचने में लगभग 5 से 6 घंटे लगते हैं।


कूर्ग यात्रा का खर्च (3 से 4 दिनों के लिए)

कूर्ग का खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरह यात्रा कर रहे हैं (बजट ट्रिप या लग्जरी ट्रिप)।

  • बजट हॉस्टल/होमस्टे- 500 से 1,000 रुपये प्रति रात।
  • सामान्य होटल/रिजॉर्ट: 1,200 से 2,500 रुपये प्रति रात।

'झीलों की नगरी' है उदयपुर

उदयपुर को 'झीलों की नगरी' और 'पूर्व के वेनिस' के नाम से जाना जाता है। राजस्थान का खूबसूरत शहर अपनी ऐतिहासिक संस्कृति, महलों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। उदयपुर पहली बार आने वाले विजिटर्स को एक छोटे से दायरे में बहुत कुछ देता है। आपको झीलें, महल की बनावट, पत्थर के घाट, पुराने बाजार, पहाड़ी नजारे और शाम के कल्चरल शो बिना रोजाना देखने को मिल जाएंगे। यहां का ऐतिहासिक केंद्र पिछोला झील के आसपास है।

यहां ज्‍यादातर मशहूर हेरिटेज स्टॉप एक-दूसरे से थोड़ी ही दूरी पर हैं। यह छोटा होना ही असली आकर्षण है। आप सुबह महल के म्यूजियम में बिता सकते हैं, जगदीश मंदिर के पीछे वाली गली में लंच कर सकते हैं, और शाम तक पानी पर रोशनी बदलते हुए देख सकते हैं।

सिटी पैलेस- पिचोला झील के किनारे बसे इस महल को राजस्थान का सबसे बड़ा महल माना जाता है। बड़े-बड़े आलीशान कमरे, हैंगिंग गार्डन, संग्राहलय आपको एक उच्च कोटी के राज घराने का एहसास कराऐंगे। उदयपुर में घूमने की जगह में से एक सिटी पैलेस है। महल की अद्भुत मूर्तियां और रंग-बिरंगी तस्वीरें आपको नये ढंग से इसके इतिहास से परिचय कराएगी।

फतह सागर झील- यह उदयपुर की दूसरी बड़ी झील है। इसकी सुंदरता आपके मन को सुकून देगी, ऐसा सुकून जो आप कहीं और नहीं पा सकेंगे। फतह सागर झील उदयपुर में घूमने की जगह में से एक है। खूबसूरती की चादर ओढे़ आपकी चाहत इस जगह के प्रति और बढ़ जाएगी। नाव में सैर और वॉटर गेम आपका भरपूर मनोरंजन करेंगे।

यह भी पढ़ें- उदयपुर में ढूंढ रही हैं सस्ता शॉपिंग बाजार? हाथीपोल मार्केट है बेस्ट ऑप्शन

कैसे पहुंचे उदयपुर?

उदयपुर हवाई, ट्रेन और सड़क मार्ग तीनों माध्यमों से देश के प्रमुख शहरों से बहुत अच्छी तरह जुड़ा हुआ है।

  • हवाई मार्ग- उदयपुर का अपना हवाई अड्डा महाराणा प्रताप हवाई अड्डा (डबोक एयरपोर्ट) है, जो शहर से लगभग 22 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां से
  • दिल्‍ली, मुंबई, जयपुर, कोलकाता और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों से यहां के लिए सीधी उड़ानें मिलती हैं।
  • ट्रेन - उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन (स्टेशन कोड: UDZ) और राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन मौजूद हैं। यहां से दिल्‍ली, जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई और अजमेर जैसे बड़े शहरों से यहां के लिए नियमित और सीधी ट्रेनें चलती हैं।
  • बस सेवा-राजस्थान राज्य परिवहन (RSRTC) और प्राइवेट डीलक्स/वॉल्वो बसें जयपुर, अहमदाबाद, कोटा, इंदौर और दिल्ली से उदयपुर के लिए रोजाना चलती हैं।

जिंदगी में मौका और समय दोनों मिले, तो एक बार इन जगहों पर अपनी मम्‍मी के साथ जरूर घूमने का प्‍लान करें। इन खास स्‍थानों पर पहुंचकर आपका सफर जीवनभर के लिए यादगार बन जाएगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: Shutterstock 

FAQ
ट्रिप प्लान करते समय सबसे पहले क्या तय करना चाहिए?
सबसे पहले यह तय करें कि आप कुल कितना खर्च कर सकते हैं? उसी हिसाब से आने-जाने, होटल और खाने का बजट बनाएं। गंतव्य तय करें कि आप कहां जाना चाहते हैं? 
बुकिंग कब और कैसे करनी चाहिए?
यदि आप ट्रेन, बस या हवाई जहाज से सफर कर रहे हैं, तो कुछ हफ्ते या महीने पहले ही टिकट बुक कर लें ताकि पैसे की बचत हो सके।
 कौन-कौन से जरूरी दस्तावेज साथ रखने चाहिए?
अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखें। फ्लाइट/ट्रेन टिकट और होटल की बुकिंग की हार्ड कॉपी (पेपर) के साथ-साथ फोन में सॉफ्ट कॉपी (पीडीएफ या स्क्रीनशॉट) भी सेव रखें।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।