Wed Sep 30, 2026 | Updated 05:47 PM IST

बिना महंगे प्रोडक्ट्स आंखों की खूबसूरती बढ़ा सकते हैं ये उपाय

आंखों के नीचे की नाजुक त्वचा की अनदेखी से झाइयां, काले घेरे और सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। महंगे प्रोडक्‍ट्स इस्‍तेमाल करने के बजाय नेचुरल उपायों और सही आदतों से आंखों की खूबसूरती बढ़ाई जा सकती है।
Updated:- 2026-05-26, 17:48 IST
 remedies to get beautiful eyes naturally at home

अक्सर हम आंखों का खयाल तो रखते हैं, लेकिन इसके नीचे की त्वचा को अनदेखा करते हैं। इससे झाइयां, काले घेरे, सूजन और पिगमेंटेशन जैसी समस्याएं दिखने लगती हैं। अंडर आई एरिया की देखभाल कैसे करें? आइए आर्टिकल के माध्‍यम से विस्‍तार से जानें।

आजकल मोबाइल और लैपटॉप की स्क्रीन पर अधिकांश समय बिताने से आंखों पर प्रेशर पड़ता है। इसका असर न सिर्फ आंखों पर पड़ता है, बल्कि आंखों के नीचे काले गड्ढे, सूजन और कई अन्य समस्याएं होने लगती है। दरअसल, आंखों के नीचे की त्वचा चेहरे की बाकी त्वचा की तुलना में 10 गुना पतली और नाजुक होती है। इसलिए, इस एरिया का खास खयाल रखना होता है।

अंडर आई एरिया की आम परेशानियां

  • सूजन या थैलियां- उम्र बढ़ने के कारण आंखों के आसपास की त्वचा कमजोर होने लगती है। यही नहीं, ज्‍यादा नमक खाने या एलर्जी के कारण भी लिक्विड जमा होने से आंखों के नीचे सूजन आने लगती है।
  • झुर्रियां और महीन रेखाएं - बढ़ती उम्र में कोलेजन कम होने से त्वचा पतली होकर झुर्रीदार होने लगती है। इसका सबसे ज्यादा असर आंखों के नीचे दिखाई पड़ता है।
  • रूखापन- त्वचा में नमी की कमी, केमिकल वाले स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्‍तेमाल या एग्जिमा के कारण भी त्वचा पपड़ीदार और बेजान हो सकती है।
  • काले घेरे या गड्ढे- लंबे समय तक स्क्रीन पर समय बिताने से या फिर बगैर सुरक्षा के बाहर तेज धूप में निकलने से भी आंखों के नीचे काले घेरे या गड्ढे दिखने लगते हैं।

under eyes bag

इन समस्याओं के पीछे कारण

  • कोलेजन और नींद की कमी
  • तनाव और ज्‍यादा स्क्रीन टाइम
  • आंखों को बार-बार रगड़ना
  • बिना सुरक्षा के धूप में बाहर जाना
  • स्‍मोकिंग
  • असंतुलित लाइफस्टाइल
  • शरीर में पानी की कमी
  • हाइपरपिगमेंटेशन
  • गलत स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्‍तेमाल

किस उम्र में होती है ज्यादा दिक्कत

ये परेशानियां अंडर आई एरिया में किसी भी उम्र में हो सकती है, लेकिन 25-30 वर्ष के बाद कोलेजन कम होने से त्वचा की इलास्टिसिटी कम होने लगती है और तभी अंडर आई से जुड़ी कई समस्याएं सामने आने लगती हैं।

dark circles

क्या है समाधान?

अंडर आई एरिया की केयर के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। हमारी खुद की कुछ आदतों से इस एरिया को ज्‍यादा नुकसान होता है। कई बार सुंगध वाले स्किन केयर प्रोडक्ट्स के इस्‍तेमाल से आंखों के नीचे जलन, खुजली और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा केमिकल युक्त स्किन केयर प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से भी आंखों को नुकसान पहुंचता है। इस एरिया में स्क्रब करने से त्वचा पर छोटे कट्स आ सकते हैं, इसलिए अंडर आई को एक्सफोलिएट नहीं करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- आंखों के नीचे हो गए हैं काले घेरे? ₹5 में घर पर बनाएं Eye Patches और देखें कमाल

अंडर आई एरिया केयर के उपाय

अंडर आई एरिया की देखभाल के लिए जरूरी है कि आप आंखों के लिए भरोसेमंद और नेचुरल प्रोडक्‍ट्स का इस्तेमाल करें। जैसे विटामिन सी, रेटिनाल और हाइलूरोनिक एसिड युक्त क्रीम ही खरीदें। अगर आप घरेलू उपचार करती हैं तो बीच-बीच में हल्दी या बेसन लगाने से अंडर आई स्किन हेल्दी रहती है।

  • इसके अलावा ठंडे चम्मच या टी बैग्स 10-15 तक आंखों पर रखने से सूजन कम होती है।
  • कद्दूकस किया हुआ आलू या खीरे की स्लाइस को आंखों पर रखने से जलन कम होती है और ठंडक मिलती है।
  • ठंडे कच्चे दूध में कॉटन डुबोकर 15-20 मिनट तक रखने से त्वचा सॉफ्ट होती है।
  • एलोवेरा जेल से आंखों के नीचे दो से तीन मिनट तक हल्की मसाज करने से काले घेरे कम होते हैं।
  • बादाम तेल और कैस्टर आयल मिलाकर मसाज करने से आंखों की नमी बनी रहती है।
  • रोजाना कम से कम आठ घंटे की पर्याप्त नींद लेने से आंखों को आराम मिलता है।

remedies for under eyes problem

इन बातों का रखें ध्यान

  • रेटिनाल, पेप्टाइड्स, हाइलूरोनिक एसिड और एंटीआक्सीडेंट युक्त आई क्रीम का ही इस्‍तेमाल करना चाहिए।
  • धूप में निकलने से पहले सनग्लास जरूर लगाना चाहिए और अच्छी एसपीएफ युक्त सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना चाहिए।
  • सोने से पहले आंखों का मेकअप हटाना कभी न भूलें।

यह भी पढ़ें- Dark Circles से हैं परेशान? ठंडे दूध की यह 10 मिनट की थेरेपी दिखाएगी असर

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।