एक्सपर्ट से जानें बालों को कलर करने के बाद वॉश करने का सही तरीका

बालों को कलर करना आजकल का फैशन ट्रेंड भी है और किसी-किसी के लिए जरूरत भी है। दरअसल, खानपान की गलत आदतें, प्रदूषण और समय की कमी के कारण लोग अपने बालों का ख्याल नहीं रख पाते हैं। अगर केवल महिलाओं की बात की जाए, तो उनके लिए यह और भी मुश्किल होता है क्योंकि लंबे बाल ज्यादा देखभाल मांगते हैं और महिलाओं को ऑफिस एवं घर की दोहरी जिम्मेदारी निभाते वक्त इतना समय भी नहीं मिलता कि वह अपने बालों में ठीक से कंघी कर लें। ऐसे में बालों की उचित देखभाल न करने पर बालों का सफेद होना लाजमी है।
जाहिर है, बाल सफेद हो जाएंगे तो कम उम्र में भी आप ज्यादा उम्र की नजर आएंगी, साथ ही इससे आपकी सुंदरता भी प्रभावित होगी। ऐसी स्थिति में बालों को कलर करना सबसे आसान उपाय है। बालों में कलर करना लगभग हर किसी को आता है, मगर बालों से रंग को साफ करने या कलर करने के बाद बालों को वॉश करने का क्या सही तरीका होता है, यह बहुत ही कम लोगों को पता होता है।
इस बारे में हमने ब्यूटी एक्सपर्ट पूनम चुघ से बात की। वह कहती हैं, 'हेयर कलर को लगाते वक्त जितनी सावधानी बरतने की जरूरत होती है उतनी सावधानी बालों से हेयर कलर को निकलते वक्त भी बरतनी चाहिए, नहीं तो स्किन एलर्जी होने के चांस बढ़ जाते हैं। '
त्वचा पर हेयर कलर लगाने से नुकसान -
- यदि हेयर कलर के बाद बालों को वॉश करते वक्त आंखों में वह पानी चला जाए, तो आंखों में जलन की समस्या हो सकती है।
- अगर आपकी त्वचा में हेयर कलर लग जाए, तो दाग पड़ने के साथ-साथ त्वचा में रैशेज और खुजली की समस्या हो सकती है।
- किसी भी हेयर कलर को स्कैल्प पर न लगने दें, इससे आपको स्किन एलर्जी हो सकती हैं। अगर आपको सांस की तकलीफ रहती हैं तो आपको केमिकल बेस्ड हेयर कलर की जगह नेचुरल कलर्स का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
- अगर हेयर कलर या हेयर कलर को वॉश करते वक्त उसका पानी आपकी पलकों पर लगता है, तो वह झड़ने लगती हैं और कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं कि पलकों के बाल सफेद होने लग जाते हैं।
- हेयर कलर यदि आइब्रो में लग जाए तो वहां के बाल भी झड़ना शुरू हो जाते हैं या फिर सफेद होना शुरू हो जाते हैं।
इसे जरूर पढ़ें:सफेद बालों को नेचुरल लुक देने के लिए इंडिगो पाउडर में मिलाएं अंडे की सफेदी, जानिए तरीका
हेयर कलर के बाद हेयर वॉश-
- अब आपको इस बात का ध्यान रखना है कि बालों में लगा हेयर कलर ठीक 45 मिनट के बाद आप वॉश कर लें। इससे अधिक देर तक यदि बालों में हेयर कलर लगा रहेगा तो आपके बालों पर इसका बुरा प्रभाव पड़ेगा। हो सकता है कि आपके बाल डैमेज हो जाएं और बीच में से ही टूटने लग जाएं।
- समय पूरा होते ही बालों को जब आप वॉश करने के लिए जाएं, तो चेहरे पर पहले ही वैसलीन या फिर कोकोनट ऑयल लगा लें। इससे बालों को वॉश करते वक्त कलर चेहरे पर नहीं लगेगा।
- इस बात का भी ध्यान रखें कि जब आप बालों को कलर करने जा रही हों, तो पहले ही हाथों के नाखूनों पर नेल पेंट लगा लें। दरअसल, अगर नाखूनों पर हेयर कलर लग जाता है तो वह आसानी से नहीं छूटता है। इसके साथ ही, नेल पेंट लगाने से हेयर वॉश करते वक्त भी नाखूनों पर कलर लगने का खतरा खत्म हो जाता है।
- बेस्ट होगा कि आप हेयर कलर के बाद बालों को खुद वॉश करने के स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति से वॉश कराएं और इस दौरान आपकी गर्दन ऊपर की ओर हो। मगर यदि आप खुद से ही बाल वॉश कर रही हैं, तो जाहिर है आपको गर्दन झुका कर ही बालों को वॉश करना होगा। ऐसे में तेज धार से पानी बालों पर डालने की जगह आपको मग की मदद से धीरे-धीरे पानी डालते हुए बालों को वॉश करना चाहिए।
- बालों को वॉश करने के तुरंत बाद आपको बालों में टॉवल बांध लेनी चाहिए क्योंकि गीले बालों से कलर छूटता रहता है, जो पानी के साथ बूंद-बूंद कर स्किन पर लगता है। इससे भी आपकी स्किन को नुकसान पहुंच सकता है।
इसे जरूर पढ़ें:सर्दियों में ड्राई स्कैल्प के लिए आप भी ट्राई कर सकती हैं ये ओवरनाइट होममेड हेयर मास्क
इन टिप्स का रखें ध्यान
- कभी भी हेयर कलर लगा कर धूप में न बैठें और पूरी तरह से हेयर कलर को बालों में सूखने न दें।
- हेयर कलर लगाने के बाद एक शावर कैप जरूर पहन लें। इससे कलर की गंध से आपको परेशानी नहीं होगी।
- एक ही स्थान पर बहुत सारा हेयर कलर न लगाएं और बालों में जरूरत से ज्यादा भी हेयर कलर न लगाएं। अधिक हेयर कलर लगाने पर वह बहने लगता है, जिससे स्कैल्प और त्वचा प्रभावित होती है।
नोट- हेयर कलर लगाते वक्त और उसे साफ करते वक्त बेहद सावधानी बरतें। इतना ही नहीं, एक बार हेयर कलर लगाने से पहले आपको स्किन पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए।
यह जानकारी आपको पसंद आई हो तो इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।