5 तरह से गुलाब जल को करें अपने ब्‍यूटी रूटीन में शामिल

गुलाब जल की मदद से आप घर पर ही  त्‍वचा और बालों के लिए आसान ब्‍यूटी मास्‍क तैयार कर सकती हैं और उन्‍हें एक्‍सट्रा केयर दे सकती हैं। 
Updated:- 2021-06-29, 17:51 IST
gulab jal hair packs

मौसम कोई भी हो त्‍वचा और बालों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए बहुत जरूरी है कि आप उसकी एक्‍सट्रा केयर करें। बालों और त्‍वचा की केयर करने के लिए बाजार में कई तरह के प्रोडक्‍ट्स उपलब्‍ध हैं। अक्‍सर इन प्रोडक्‍ट्स की खुबियों को सुन कर महिलाएं इनका इस्‍तेमाल भी शुरू कर देती हैं, मगर बिना एक्‍सपर्ट की सलाह के किसी भी प्रोडक्‍ट का इस्‍तेमाल आपकी त्‍वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में आप गुलाब जल को अपने ब्‍यूटी रूटीन में शामिल कर अपनी त्‍वचा और बालों की एक्‍सट्रा केयर कर सकती हैं। बेस्‍ट बात तो यह है कि बाजार में आसानी से मिल जाने वाला गुलाब जल कम पैसों में ही आपके बालों और त्‍वचा को महंगे ब्‍यूटी ट्रीटमेंट जैसा फायदा पहुंचा सकता है।

चलिए आज हम आपको बताते हैं कि गुलाब जल को आप किस तरह से अपने ब्‍यूटी रूटीन में शामिल कर सकती हैं।

इसे जरूर पढ़ें:स्किन ही नहीं, बालों के लिए भी बेहद लाभदायक है गुलाब जल, जानिए कैसे

गुलाब जल होममेड लिप मास्‍क

अगर होंठों का रंग डार्क हो गया है और आप उसे गुलाबी बनाना चाहती हैं तो गुलाब जल से बने इस आसान होममेड लिप मास्‍क का इस्‍तेमाल करें।

सामग्री

  • 1 छोटा चम्‍मच चुकंदर का रस
  • 1 छोटा चम्‍मच गुलाब जल

विधि

सबसे पहले छोटा सा चुकंदर लें और उसे अच्‍छी तरह से साफ करके कद्दूकस कर लें। इसके बाद आप छन्‍नी का इस्‍तेमाल कर उसे छान लें और उसका रस निकाल लें। इसके बाद आप चुकंदर के रस में गुलाब जल मिलाएं। इस मिश्रण से होंठों की मसाज करें और इसे रात भर के लिए होंठों पर लगा छोड़ दें। ऐसा यदि आप नियमित रूप से करती हैं तो होंठों का रंग गुलाबी हो जाएगा।

How to use rose water

गुलाब जल होममेड फेस मास्‍क

त्‍वचा का रंग निखारना चाहती हैं तो आप घर पर ही गुलाब जल से फेस मास्‍क तैयार कर सकती हैं। चलिए हम आपको इसकी आसान विधि बताते हैं।

सामग्री

  • 3 छोटे चम्‍मच गुलाब जल
  • 4 छोटे चम्‍मच शहद
  • 1 छोटा चम्‍मच हल्‍दी

विधि

एक बाउल लें और तीनों सामग्रियों को अच्‍छे से मिला लें। अब इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर मसाज करते हुए लगाएं। 20 मिनट तक इस फेस मास्‍क को लगा रहने दें। 20 मिनट बाद चेहरे को ठंडे पानी से साफ कर लें। इस फेस मास्‍क का इस्‍तेमाल आप नियमित रूप से कर सकती हैं। अगर आपको समय नहीं मिलता है तो हफ्ते में 2 बार इस होममेड फेस मास्‍क का इस्‍तेमाल जरूर करें, आपका रंग निखर जाएगा।

गुलाब जल होममेड मॉइश्‍चराइजर

त्‍वचा को मुलायम और चमकदार बनाने के लिए आप घर पर बने गुलाब जल के मॉइश्‍चराइजर का इस्‍तेमाल कर सकती हैं। इसे बनाने की विधि बेहद आसान है।

सामग्री

  • 2 बड़े चम्‍मच बादाम का तेल
  • 3 बड़े चम्‍मच गुलाब जल
  • 1 बड़े चम्‍मच ग्लिसरीन

विधि

तीनों सामग्रियों को एक साथ मिक्‍स कर लें और एक बोतल में भर लें। जब भी आपको त्‍वचा को मॉइश्‍चराइज करने की जरूरत महसूस हो आप इसका यूज कर सकती हैं। अगर आप रोज इस मॉइश्‍चराइजर का इस्‍तेमाल करती हैं तो आपकी त्‍वचा मुलायम और ग्‍लोइंग हो जाएगी।

इसे जरूर पढ़ें:सिर्फ चेहरे की सफाई ही नहीं गुलाब जल का कर सकती हैं इन 9 तरह से इस्तेमाल

Rose water for face

गुलाब जल होममेड हेयर मास्‍क

रूखे-सूखे बालों को सॉफ्ट और स्‍मूद बनाने के लिए आप घर पर ही गुलाब जल से होममेड हेयर मास्‍क भी तैयार कर सकती हैं। चलिए हम आपको इसे बनाने की आसान विधि बताते हैं।

सामग्री

  • 3 बड़े चम्‍मच गुलाब जल
  • 2 बड़े चम्‍मच शहद
  • 1 बड़ा चम्‍मच एलोवेरा जैल

विधि

इन तीनों ही सामग्रियों को अच्‍छे से मिक्‍स करके स्‍मूद पेस्‍ट तैयार करें। इसे बालों में स्‍कैल्‍प से लेकर लेंथ तक लगाएं। 30 मिनट बाद बालों को शैंपू से साफ कर लें। अगर आप हफ्ते में 2 बार इस होममेड हेयर मास्‍क का इस्‍तेमाल करती हैं तो आपके बालों का रूखापन गायब हो जाएगा, साथ ही आपके बाल मुलायम और चमकदार हो जाएंगे।

गुलाब जल होममेड फुट मास्‍क

फटी एड़ियों और पैरों में टैनिंग से परेशान हैं तो घर पर ही गुलाब जल की मदद से फुट मास्‍क तैयार करें। इससे आपकी यह दोनों ही समस्‍याएं हल हो जाएंगी। चलिए हम आपको फुट मास्‍क बनाने का आसान तरीका बताते हैं।

सामग्री

  • 1 बड़ा चम्‍मच कॉफी
  • 2 बड़े चम्‍मच गुलाब जल
  • 1 बड़ा चम्‍मच नारियल का तेल

विधि

इन तीनों ही सामग्रियों को एक बाउल में डालें और तब तक मिक्‍स करें जब तक स्‍मूद पेस्‍ट तैयार न हो जाए। फिर इस पेस्‍ट को पैरों पर मसाज करते हुए लगाएं। यदि आप हफ्ते में 2 बार यह होममेड फुट मास्‍क इस्‍तेमाल कर लेती हैं तो पैरों में टैनिंग की समस्‍या दूर हो जाती है, साथ ही यह फटी एड़ियों को ठीक करने के लिए बहुत ही अच्‍छा घरेलू उपचार भी है।

आप भी घर पर गुलाब जल की मदद से अपनी त्‍वचा और बालों की खूबसूरती बढ़ा सकती हैं। इसके लिए आपको ऊपर बताए गए घरेलू नुस्‍खे एक बार जरूर आजमा कर देखने चाहिए। इसी तरह और भी ब्‍यूटी हैक्‍स जानने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit:freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।