सिर्फ शैंपू नहीं, स्ट्रेस भी बन सकता है बाल झड़ने की वजह; जानें बचाव के उपाय

क्या आपने कभी महसूस किया है कि तनाव भरे दिनों में बाल ज्यादा झड़ने लगते हैं? अक्सर हम हेयर फॉल के लिए हेयर केयर प्रोडक्ट्स, मौसम और खान-पान को जिम्मेदार मानते हैं, लेकिन हमारी मेंटल कंडीशन भी बालों की सेहत पर गहरा असर डाल सकती है। जी हां, मन और तन दोनों एक-दूसरे से जुड़े होते हैं और लंबे समय तक रहने वाला तनाव बालों की ग्रोथ पर बुरा असर डालता है। अगर आप भी अचानक बढ़े हुए हेयर फॉल से परेशान हैं, तो पहले अपने स्ट्रेस लेवल को समझना जरूरी है। इसके लिए आपको कुछ आसान, लेकिन असरदार तरीके अपनाने होंगे। ये आपकी सेहत और खूबसूरती दोनों के लिए जरूरी हैं। इनके बारे में हमें 2.Oh! के को-फाउंडर रितु विजयवर्गीय बता रहे हैं।
स्ट्रेस से क्यों झड़ते हैं बाल?
बालों की सेहत काफी हद तक हमारी सेहत पर निर्भर करती है। आज हम तेज रफ्तार जिंदगी जी रहे हैं, जहां काम के प्रेशर, पर्सनल प्रॉब्लम्स और डिजिटल दुनिया के लगातार इस्तेमाल से मानसिक तनाव बढ़ रहा है। इसका असर बालों की सेहत पर भी दिखता है।

स्ट्रेस को कंट्रोल करना
स्ट्रेस के कारण होने वाले हेयर फॉल को रोकने में कुछ पोषक तत्व आपकी मदद कर सकते हैं।
- अपनी डाइट में प्रोटीन, विटामिन और पोटैशियम व मैग्नीशियम जैसे जरूरी माइक्रोन्यूट्रिएंट्स को शामिल करें।
- पर्याप्त पानी पिएं, अच्छी नींद लें और अपनी पसंद के काम करें।
- स्ट्रेस को सही तरीके से कंट्रोल करने से न सिर्फ आपका मन शांत और पॉजिटिव रहता है, बल्कि आपके हार्मोन बैलेंस रहते हैं और बालों की सेहत पर भी अच्छा असर पड़ता है।
बालों और स्कैल्प की देखभाल
सेहत के साथ आपको बालों की देखभाल पर भी ध्यान देना होगा। अच्छे हेयर केयर रूटीन का पहला और सबसे जरूरी स्टेप स्कैल्प को साफ रखना और बालों को रेगुलर धोना है। इससे स्कैल्प पर जमी गंदगी और ऑयल साफ होता है। ये दोनों चीजें बालों की ग्रोथ में रुकावट पैदा कर सकती हैं। हफ्ते में एक बार बालों की चंपी या तेल मालिश जरूर करें। इससे स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है और बालों को पोषण मिलता है।
गलतफहमी दूर करें: धोने से नहीं झड़ते बाल
ज्यादातर लोगों को लगता है कि शैंपू करने से बाल झड़ते हैं, जबकि ऐसा नहीं है। जब आप 3-4 दिन में बाल धोती हैं, तो इस दौरान जो बाल प्राकृतिक रूप से झड़ चुके होते हैं, वे स्कैल्प पर ही अटके रहते हैं। बाल धोने के समय ये सभी बाल एक साथ निकलते हैं, जिससे लगता है कि शैंपू करने से हेयर फॉल बढ़ गया है।
अगर इस बात को सही तरीके से न समझा जाए, तो हर बार बाल धोते समय ज्यादा बाल झड़ते देखकर तनाव हो सकता है। लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव बालों के झड़ने की समस्या को बढ़ा सकता है। इसलिए, बालों की देखभाल के साथ-साथ मानसिक सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।

हेयर फॉल पैटर्न को समझना
बालों का झड़ना और बालों का टूटना दो अलग-अलग समस्याएं हैं। सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आपको किस तरह की समस्या हो रही है।
- बाल झड़ना आमतौर पर स्कैल्प पर बालों के पतले होने या स्कैल्प ज्यादा दिखाई देने के रूप में नजर आता है।
- बाल टूटने पर वे छोटे-छोटे टुकड़ों, दो-मुंहे बालों या सिरों से पतले होने के रूप में दिखाई देते हैं।
- पतले बालों की तुलना में बाल टूटने की समस्या को सही देखभाल के जरिए सुधारना आसान होता है।
यह भी पढ़ें- मॉनसून में हेयर फॉल और डैमेज को कम करने के लिए अपनाएं ये उपाय
बालों की देखभाल के अन्य तरीके
बालों को नुकसान से बचाने और उन्हें पोषण देने के लिए चार-स्टेप वाला हेल्दी हेयर रूटीन फायदेमंद हो सकता है। इसमें बालों की सफाई, पोषण, सुरक्षा और रिपेयरिंग शामिल हैं।
- हेयर फॉल को कम करने के लिए सही शैंपू, हेयर मास्क के साथ लीव-इन कंडीशनर का इस्तेमाल करना भी जरूरी होता है।
- आप ऐसा कंडीशनर चुनें, जिसमें पैन्थेनॉल (प्रो-विटामिन B5) जैसे पोषक तत्व मौजूद हों।
यह भी पढ़ें- कहीं आप भी तो नहीं लगातीं गलत समय पर नारियल तेल? जानें सही नियम
स्ट्रेस और हेयर फॉल एक-दूसरे से जुड़े हो सकते हैं, लेकिन सही देखभाल से समस्या में सुधार लाया जा सकता है। जब आप अपने शरीर और बालों का अंदर और बाहर से ध्यान रखेंगी, तो आपके बाल हेल्दी, शाइनी और खूबसूरत बने रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: magnific.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।