रसोई में मौजूद ये 5 मसाले दिलाएंगे आपको दाग-धब्बों से निजात

बिना मसालों के खाने में स्वाद बिल्कुल नहीं आता है, लेकिन क्या आप जानती हैं कि रसोई में मौजूद कुछ मसाले आपकी त्वचा को सुंदर बना सकते हैं। चेहरे और त्वचा पर ब्यूटी प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले आपको स्किन टेस्ट कराने की सलाह दी जाती है, लेकिन घरेलू नुस्खे कभी-भी त्वचा को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। फलों और सब्जियों का रस चेहरे और त्वचा पर लगाना खुद में ही एक घरेलू नुस्खा है, लेकिन मसाले भी आपके लिए काफी फायदेमंद हैं। ऐसा माना जाता है कि मसाले भी आयुर्वेदिक औषधी हैं, जिनका इस्तेमाल करके कई बीमारियों से लड़ा जा सकता है। मसालों के उपयोग से चेहरे पर होने वाले दाग-धब्बों से भी आसानी से निजात पाई जा सकती है।
शहद और दालचीनी

मुंहासों से निजात पाने के लिए हम फेशियल और ब्लीच करना पसंद करते हैं, लेकिन इसमें मौजूद कैमिकल आपकी त्वचा की नमी खत्म कर देते हैं। अगर आप लंबे समय से मुंहासों से परेशान हैं, तो शहद में थोड़ी सी दालचीनी मिलाएं और 5 से 10 मिनट तक के लिए चेहरे पर लगाएं। फेस मास्क के रूप में इसे पूरे चेहरे पर लागाएं और फिर गुनगुने पानी से धो लें। कुछ दिनों तक इस पेस्ट को नहाने से पहले रोजाना अप्लाई करें, आपको जल्द ही फर्क नजर आने लगेगा।
इसे जरूर पढ़ें: Home Remedies: स्किन में बार-बार होती है एलर्जी, तो ये घरेलू नुस्खे आएंगे काम
झुर्रियों और डार्क सर्कल से बचाता है चंदन

चंदन एक आयुर्वेदिक औषधी है और अधिकतर सभी लोग इसका इस्तेमाल पूजा में करते हैं, लेकिन इसमें कई एंटी-एजिंग गुण भी पाए जाते हैं। डार्क सर्कल से बचने के लिए आप चंदन का पेस्ट रात को लगाकर सो जाएं और सुबह गुनगुने पानी से धो लें। यह आपके डार्क सर्कल को जल्द ही खत्म कर देगा और चेहरे पर नया निखार लाने में मदद करेगा। झुर्रियां अक्सर समय से पहले होने लगती हैं, जिसके लिए आप एंटी-एजिंग क्रीम का प्रयोग करती हैं। चंदन का पेस्ट रोजाना कुछ देर लगाने से आपकी झुर्रियां कम दिखाने लगेंगी।
हल्दी है बेहतरीन आयुर्वेदिक औषधी

हल्दी को प्राचीन काल से ही चमत्कारिक औषधी माना जाता है, किसी भी घाव को सही करने के लिए हल्दी का प्रयोग किया जाता है। इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर चेहरे के दाग हटाने तक के लिए हल्दी का इस्तेमाल खूब किया जाता है। अगर आपके चेहरे पर ब्लैक हैड्स और व्हाइट हैड्स होने लगे हैं, तो थोड़े से नींबू के रस में एक हल्दी मिलाकर चेहरे पर फेस मास्क की तरह लगा सकती हैं। हल्दी न सिर्फ आपके दाग-धब्बे कम करने में मदद करेगी, बल्कि त्वचा पर निखार भी लाएगी।
इसे जरूर पढ़ें: 5 में से किसी भी 1 घरेलू नुस्खे को अपनाएं, तुरंत आ जाएगा त्वचा पर निखार
दही और बेसन

दही खाना अधिकतर सभी को पसंद होता है, लेकिन ब्यूटी को बरकरार रखने के लिए दही हमेशा ही काम आती है। अगर आप चेहरे के अनचाहे बालों से परेशान हैं, तो बेसन और दही का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाएं और लगभग 20 मिनट तक लगाए रखें। कुछ देर बाद थोड़े से पानी के उपयोग से उसे धीरे-धीरे हटाना शुरु करें। ब्यूटी प्रोडक्ट के इस्तेमाल से बेहतर है कि आप दही और बेसन का पेस्ट अप्लाई करें, जिसके कोई भी नुकसान नहीं हैं। कुछ दिनों तक लगातार ऐसा करना आपके लिए फायदेमंद साबित होगा।
काली मिर्च और सौंफ

सौंफ स्किन को हेल्दी बनाए रखने के लिए काफी कारगर मानी जाती है, जो चेहरे के पोर्स को साफ करती है। अगर आप थोड़ी-सी सौंफ को पानी में डालकर अच्छी तरह उबाल लें, तो इसे ठंडा करके स्किन टोनर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। काली मिर्च को पीसकर, फेस पैक में मिलाकर इस्तेमाल करना चाहिए और लगभग 20 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लेना चाहिए। इन दोनों ही मसालों में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाते हैं।
इन आसान ब्यूटी टिप्स को एक बार जरूर ट्राई करके देखें। इसी तरह के और भी रोचक लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: freepik.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।