Sat Sep 12, 2026 | Updated 03:13 AM IST

Magh Mela Daan 2026: माघ मेले में क्यों किया जाता है दान? जानें कौन से पाप हो जाते हैं नष्ट

शास्त्रों के अनुसार, माघ माह में देवलोक के समस्त देवता पृथ्वी पर आते हैं और तीर्थराज प्रयाग में अदृश्य रूप से वास करते हैं। ऐसी मान्यता है कि माघ मेले के दौरान किया गया एक छोटा सा दान भी कई जन्मों के पुण्यों के बराबर फल देता है। 
Updated:- 2026-01-06, 17:02 IST
magh mela 2026 daan niyam

माघ मेला संगम की रेती पर लगने वाला आस्था का वह पावन समागम है, जहां देश-दुनिया से श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगाने आते हैं। हिंदू धर्म में माघ महीने को अत्यंत पवित्र माना गया है और प्रयागराज में संगम तट पर कल्पवास व दान-पुण्य करना मोक्ष का द्वार माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार, इस माह में देवलोक के समस्त देवता पृथ्वी पर आते हैं और तीर्थराज प्रयाग में अदृश्य रूप से वास करते हैं। ऐसी मान्यता है कि माघ मेले के दौरान किया गया एक छोटा सा दान भी कई जन्मों के पुण्यों के बराबर फल देता है। ऐसे में वृंदावन के ज्योतिषाचार्य राधाकांत वत्स से आइये जानते हैं कि माघ मेले में दान करने का क्या महत्व, क्या नियम हैं और कौंन से पापों से छुटकारा मिल जाता है? 

माघ मेले में क्या दान करें?

माघ मेले में ऋतु के अनुसार और आध्यात्मिक लाभ के लिए कुछ विशिष्ट वस्तुओं का दान सबसे उत्तम माना गया है। माघ मास में तिल का दान सबसे प्रमुख है। तिल का दान करने से व्यक्ति के कष्ट दूर होते हैं और सूर्य देव की कृपा बनी रहती है। कड़ाके की ठंड के कारण जरूरतमंदों को कंबल, ऊनी कपड़े और जूते-चप्पल का दान करना महादान कहलाता है।

भूखे को भोजन कराना या कच्चा अनाज जैसे चावल, दाल, आटा आदि का दान करना साक्षात ईश्वर की सेवा मानी जाती है। शरीर को ऊर्जा देने वाली वस्तुओं का दान करना स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए शुभ होता है। अपनी सामर्थ्य के अनुसार स्वर्ण या गाय का दान करने से पितरों को तृप्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

magh mela 2026 daan mahatva

माघ मेले में दान का महत्व

माघ मेले में दान का महत्व केवल भौतिक वस्तुओं के त्याग तक सीमित नहीं है बल्कि इसे 'जन्म-जन्मांतर के दुखों से मुक्ति' का मार्ग माना गया है। माघ के महीने में सूर्य देव मकर राशि में प्रवेश करते हैं जिसे ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।

इस समय दान करने से व्यक्ति के भीतर का अहंकार कम होता है और करुणा का भाव जागृत होता है। पद्म पुराण में कहा गया है कि माघ मास में दान करने वाला व्यक्ति मृत्यु के पश्चात स्वर्गलोक को प्राप्त करता है और उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यह दान दरिद्रता का नाश करता है और जीवन में सुख-समृद्धि लाता है।

यह भी पढ़ें- Magh Mela 2026: त्रिवेणी संगम में स्नान करने का क्या है महत्व? कैसे मिलती है मोक्ष की प्राप्ति

माघ मेले में दान की विधि और नियम

दान करने से पहले संगम या किसी पवित्र नदी में स्नान करें। यदि यह संभव न हो, तो घर पर ही जल में गंगाजल मिलाकर स्नान करें। दान करने से पहले हाथ में जल और अक्षत लेकर संकल्प करें कि आप यह दान किस उद्देश्य से या किस देवता की प्रसन्नता के लिए कर रहे हैं। 

दान हमेशा किसी सुपात्र ब्राह्मण या अत्यंत जरूरतमंद व्यक्ति को ही देना चाहिए। दान देते समय मन में कोई अहंकार नहीं होना चाहिए। 'मैंने दिया है' का भाव पुण्य को नष्ट कर देता है। दान करते समय कम से कम बोलना चाहिए, इसे 'गुप्त दान' की श्रेणी में रखना और भी फलदायी होता है।

magh mela 2026 daan labh

माघ मेले में दान से कौन से पाप दूर होते हैं?

ऐसी मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक दान करने से व्यक्ति के जघन्य पापों जैसे ब्रह्महत्या, बाल हत्या आदि का प्रभाव भी कम हो जाता है। व्यापार या व्यवहार में बोले गए झूठ और किए गए छल से जो दोष लगता है, माघ मास का दान उसे मिटाने में सहायक होता है।

इस माह में दान करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है और पूर्वजों की आत्मा को शांति मिलती है। मन में आए बुरे विचार और शरीर द्वारा की गई गलतियों का प्रायश्चित दान के माध्यम से संभव है। यह व्यक्ति के हृदय को शुद्ध कर देता है जिससे उसे नई ऊर्जा और सकारात्मकता प्राप्त होती है।

यह भी पढ़ें- Magh Mela 2026: त्रिवेणी संगम में स्नान करने का क्या है महत्व? कैसे मिलती है मोक्ष की प्राप्ति

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

image credit: herzindagi

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।