Chhatrapati Shivaji Maharaj Birth Place: खूबसूरत फार्म से लेकर शानदार फोर्ट्स तक, इन चीजों के लिए फेमस है जुन्नर

पिछले हफ्ते महाराष्ट्र टूरिज्म की ओर से हमें पुणे के खूबसूरत जिले जुन्नर को एक्सप्लोर करने का मौका मिला। इस दौरान हमने छत्रपति शिवाजी महाराज और उनसे जुड़े ऐतिहासिक बातों को भी जाना। छत्रपति शिवाजी महाराज की 394 वीं जयंती के अवसर पर शिवनेरी फोर्ट के इतिहास से रू-ब-रू होने का मौका मिलना अपने आप में खास है। वहीं, हिंदवी स्वराज्य महोत्सव के लिए हम जुन्नर के टेंट हाउस में लगभग डेढ़ दिन रुके, जहां से हमें शिवनेरी और यहां पर मौजूद ऐतिहासिक चीजों को एक्सप्लोर करने का मौका मिला।
View this post on Instagram
यह शहर बहुत ही खूबसूरत है। साथ ही, इसका पुरातात्विक महत्व भी है। पुरातत्वविद और जुन्नर पर्यटन विकास संगठन के संस्थापक सिद्धार्थ ने बताया कि जुन्नर हजारों साल पुराना शहर है। कभी यहां सातवाहन का शासन साम्राज्य हुआ करता था। उस समय, उनकी राजधानी जुन्नर शहर में थी।
जुन्नर में भारत की किसी भी शहर से ज्यादा गुफाएं हैं। इंट्रेस्टिंग बात यह है कि ज्यादातर किले पहाड़ों पर हैं, जिन्हें देखने के लिए ट्रैकिंग करना ही एकमात्र तरीका है। जुन्नर आज भी भीड़-भाड़ से कोसों दूर है। यहां मुंबई की तरह बड़ी-बड़ी इमारतें नहीं हैं।
यहां खूबसूरत फार्म, मंदिर और किले हैं। यहां बहुत सुकून है, जो शायद आपको मुंबई के शोर में न मिले। जुन्नर जिले में शिवनेरी भी ऐतिहासिक शहर है। तो आइए जानते हैं कि जुन्नर की क्या खासियत है और यहां कि किन चीजों को एक्सप्लोर किया जा सकता है।
छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़ा हुआ है शिवनेरी फोर्ट

हमने शिवनेरी फोर्ट को एक्सप्लोर किया। यह जुन्नर का ऐतिहासिक फोर्ट है, जिसका धार्मिक महत्व भी है। इस यात्रा के दौरान पुरातत्वविद और जुन्नर पर्यटन विकास संगठन के संस्थापक सिद्धार्थ ने हमें इसके इतिहास के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के यादव साम्राज्य ने इस किले को 1,000 साल पहले बनाया था। हालांकि, इस शिवनेरी फोर्ट के इतिहास से शिवाजी की जिंदगी जुड़ी हुई है।
शिवाजी के जन्म के वक्त जीजाबाई इसी किले में थीं, तो जाहिर है कि शिवाजी का बचपन और शुरुआती जिंदगी इसी किले में गुजरी। जैसा कि हमने बताया है कि इस किले की चढ़ाई करना आसान नहीं है, लेकिन यकीन मानिए पूरे रास्ते आपको कुछ न कुछ देखने को मिलेगा।
इसे जरूर पढ़ें- कितना जानते हैं आप भारत सबसे बड़े डैम्स के बारे में, घूमने के लिए भी हैं बेस्ट
वडज बांध का खूबसूरत नजारा

वडज जुन्नर में स्थित सबसे खूबसूरत बांधों में से एक है। ऊंचे-ऊंचे पहाड़, घने जंगल और कई झीलों के बीच स्थित यह डैम बेहद ही मनमोहक लगता है। मानसून के समय इस डैम के आसपास घूमने के लिए हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। सर्दियों में यहां जेट स्कीइंग, वाटर स्कीइंग, राफ्टिंग और वाटर जोरबिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों को एन्जॉय भी किया जा सकता है।
हमने इन रोमांचक गतिविधियों में भाग लिया। यकीन मानिए ऐसा करते हुए हमें बहुत मजा आया। वहीं, अगर आप चाहें तो वडज बांध के पास की टेंट हाउस लगाकर अपनी ट्रिप को यादगार बना सकते हैं। हम तो इसी बांध के पास टेंट सिटी में रुके थे, वहां से शिवनेरी फोर्ट और फार्म बहुत पास है।
वेद कस्तूरी होम स्टे

जुन्नर की सबसे खूबसूरत जगहों में वेद कस्तूरी एग्रो फार्म एक है। यह पारुंडे गांव में स्थित है, जो जुन्नर से लगभग 8 किलोमीटर दूर है। आपको यहां बॉम्बे होम स्टे की सुविधा के साथ खाने के लिए पारंपरिक महाराष्ट्रीयन व्यंजन भी मिलेंगे।
महाराष्ट्र पर्यटन विभाग के सदस्य और जुन्नर पर्यटन विकास संगठन संस्थापक डॉ.अमोल पुंडे ने बताया कि यह होम स्टे पिछले दो साल से लोगों को सुविधाएं देने का काम कर रहा है। यहां पर रहने के लिए आपको एक दिन का दो हजार रुपये देने होंगे।
एग्रो फार्म को करें एक्सप्लोर
यह फार्म वेद कस्तूरी होम स्टे के पास ही मौजूद है। यहां रहने की सुविधा के साथ-साथ आपको चीकू के फार्म, पारंपरिक वस्तुएं और कई एक्टिविटी करने का भी मौका मिलेगा। इस एग्रो फार्म में आपको खेती का अनुभव मिलेगा।
अगर आप शहर से हैं तो इस जगह को एक्सप्लोर करना आपके लिए एक नया अनुभव हो सकता है। यहां आपको ऑर्गेनिक गन्ने का रस और फलों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। यहां न सिर्फ चीकू, बल्कि अंगूर और आम के खेत भी मिलेंगे। इन फार्म को भी आप एक्सप्लोर करने के लिए जा सकते हैं।
इसे जरूर पढ़ें- मानसून में भारत के इन शानदार डैम को बनाएं अपना ट्रैवल पॉइंट
ब्रह्मनाथ मंदिर

आप ब्रह्मनाथ मंदिर का दीदार करने के लिए भी जा सकते हैं। यह मंदिर पारुंडे में मौजूद है, जिसका इतिहास काफी पुराना है। महाराष्ट्र पर्यटन विभाग के सदस्य और जुन्नर पर्यटन विकास संगठन संस्थापक डॉ.अमोल पुंडे के अनुसार यह मंदिर 9वीं से 10वीं शताब्दी के बीच बनाया गया था। इस मंदिर का निर्माण शिलाहार घराणे ने करवाया था।
उस वक्त शिलाहार घराणे ने 12 शिव मंदिर बनाए थे। यहां पर नाथ सम्प्रदाय का मंदिर भी देखने को मिलेगा। यहां आप पूजा करने के लिए जा सकते हैं। इस मंदिर में पूजा करने के लिए भक्तों की भीड़ लगी रहती है। अगर आप जुन्नर जा रहे हैं, तो एक बार इस जगह को जरूर एक्सप्लोर करें।
मैंने अपने सबसे खूबसूरत पलों को यहां पर जिया। अगर जुन्नर को कवर करने नहीं आती, तो शायद इस जगह से रूबरू नहीं हो पाती। आप भी इस अनुभव को पाने के लिए इस जगह की सैर कर सकते हैं।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।