क्या प्राइवेट विंडो से टिकट बुक करने पर बचते हैं पैसे? जानिए फ्लाइट प्राइसिंग का असली सच
-1793279089388.webp)
फेस्टिवल सीजन आते ही लोग एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए हर तरह के ट्रांसपोर्ट को आजमाते हैं। खासकर दिवाली और दशहरा जैसे बड़े त्योहारों पर शहर में रह रहे लोग अपने घर जाने के लिए फ्लाइट और ट्रेन का टिकट बुक करते हैं। हालांकि फेस्टिव सीजन में फ्लाइट्स बहुत ज्यादा महंगी हो जाती हैं। इन महंगी फ्लाइट्स से बचने के लिए अक्सर लोग ब्राउजर की प्राइवेट विंडो या इनकॉग्निटो मोड से ही फ्लाइट टिकट सर्च करते हैं।
फेस्टिवल पर महंगी फ्लाइट
इंटरनेट और सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाता है कि एयरलाइंस और ट्रेवल वेबसाइट्स कुकीज और सर्च हिस्ट्री को ट्रैक करती हैं। जब आप एक ही रूट की फ्लाइट बार-बार सर्च करते हैं, तो वे जानबूझकर किराया बढ़ा देती हैं। क्या यह सच है? अगर आपके मन में भी यह सवाल है, तो इस लेख में हम आपको बताएंगे कि यह इंटरनेट पर फैला एक भ्रम है या फिर सचमुच ऐसा होता है। आइए जानते हैं।
इनकॉग्निटो मोड का सच
इन्कॉग्निटो मोड और सस्ती फ्लाइट टिकट का कनेक्शन दो तरीकों से पता लगाया जा सकता है।
- ब्राउजर का प्राइवेट या इनकॉग्निटो मोड केवल आपके डिवाइस में ब्राउजिंग हिस्ट्री, कुकीज और फॉर्म डेटा को सेव होने से रोकता है। इसका मतलब यह नहीं है कि आप पूरी तरह गायब हो गए हैं। यह आपके आईपी एड्रेस या आपकी असली लोकेशन को एयरलाइंस से नहीं छुपा पाता है।
- टेक विशेषज्ञों और कंज्यूमर ग्रुप्स ने एक ही समय में नॉर्मल ब्राउजर और इनकॉग्निटो मोड पर एक ही फ्लाइट का किराया चेक करके टेस्ट किया। अधिकतर मामलों में दोनों विंडोज पर किराया बिल्कुल एक जैसा आया। इसका मतलब है कि केवल प्राइवेट विंडो खोलने से टिकट के दाम में कोई बदलाव नहीं होता।
यह भी पढ़ें- IRCTC लेकर आया है पहली बार दुबई का फैमिली टूर पैकेज, फ्लाइट टिकट के साथ होटल और घूमने के लिए गाड़ी भी मिलेगी
कैसे काम करता है एयरलाइंस का 'डायनामिक प्राइसिंग मॉडल'?
फ्लाइट की कीमतें आपकी सर्च हिस्ट्री से नहीं, बल्कि एयरलाइंस के ऑटोमेटेड सिस्टम से तय होती हैं -
- एयरलाइंस का सिस्टम पूरी तरह ऑटोमेटेड होता है। जैसे ही किसी खास रूट और तारीख की फ्लाइट की सीटें बुक होने लगती हैं, सिस्टम अपने आप बाकी बची सीटों का किराया बढ़ा देता है।
- एक ही फ्लाइट में सभी सीटों की कीमत एक जैसी नहीं होती। एयरलाइंस सस्ती सीटों का एक शुरुआती कोटा बनाती है। जब वह शुरुआती कोटा खत्म हो जाता है, तो अगला फेयर ब्रैकेट खुल जाता है, जिससे कीमत बढ़ी हुई नजर आती है। इसका आपकी पर्सनल सर्च हिस्ट्री या इनकॉग्निटो मोड से कोई लेना-देना नहीं होता।
- त्योहारों की छुट्टियों, वीकेंड्स और सुबह या शाम के प्राइम टाइम में फ्लाइट्स की डिमांड सबसे ज्यादा होती है, इसी वजह से एयरलाइंस इन समयों पर कीमतें बढ़ा देती हैं।
सस्ती फ्लाइट टिकट बुक करने की 5 असरदार ट्रिक्स
अगर आप फ्लाइट टिकट बुक करते समय पैसे बचाना चाहती हैं, तो इन स्मार्ट ट्रिक्स को आजमा सकती हैं -
- किसी एक एयरलाइन की डायरेक्ट वेबसाइट पर जाने के बजाय गूगल फ्लाइट्स और स्काईस्कैनर जैसे प्लेटफॉर्म्स पर अलग-अलग ऑप्शंस की तुलना करें।
- ट्रेवल ऐप्स पर अपने रूट के लिए प्राइस अलर्ट सेट कर लें। जैसे ही उस रूट का किराया कम होगा, आपको तुरंत नोटिफिकेशन मिल जाएगा और किराया बढ़ने पर भी आप सतर्क हो जाएंगी।
- आखिरी समय पर टिकट बुक करने के बजाय यात्रा की तारीख से कम से कम 2 से 3 हफ्ते या एक महीने पहले टिकट बुक करने की कोशिश करें।
- हफ्ते के बीच में यानी मंगलवार और बुधवार को उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स अक्सर वीकेंड की तुलना में थोड़ी सस्ती होती हैं।
- एयरलाइंस को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स और इक्सिगो जैसे प्लेटफॉर्म्स पर मिलने वाले बैंक डिस्काउंट्स और कूपन कोड्स का इस्तेमाल करके भी आप अच्छी बचत कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- सस्ती फ्लाइट टिकट सेल के ऑफर से टिकट बुक करना पड़ सकता है भारी, अगर इन 5 बातों का नहीं रखा ध्यान
निष्कर्ष:अगर आप भी अभी तक यही सोच रही थीं कि फ्लाइट टिकट को अगर इनकॉग्निटो विंडो से बुक किया जाए तो कीमत आधी हो जाती है, तो यह महज एक मिथ है। एयरलाइंस की कीमतें सीजन, डिमांड और सीटों की उपलब्धता के हिसाब से बदलती रहती हैं। इसका मतलब यह नहीं कि आप सस्ते में सफर नहीं कर सकतीं। इस लेख में बताई गई आसान ट्रिक्स को आजमाकर आप अपने सफर के लिए सस्ती टिकट पा सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
image credit: freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।