सर्दियों में सूखने लगा है तुलसी का पौधा? किचन का यह एक मसाला प्लांट को फिर से करेगा हरा-भरा

तुलसी का पौधा न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत लाभकारी माना जाता है। भारत के लगभग सभी घरों में तुलसी के पौधे को विशेष स्थान दिया जाता है। जैसे ही सर्दियों का मौसम शुरू होता है, कई लोगों की तुलसी सूखने लगती है या मुरझा जाती है। इसकी सबसे बड़ी वजह ठंड, पाला और देखभाल में होने वाली कुछ आम गलतियां होती हैं। अगर आपकी तुलसी भी सर्दियों में सूख जाती है और इसके पत्ते कमजोर होकर टूटने लगते हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। सही तरीके अपनाकर और किचन में मौजूद एक साधारण मसाले की मदद से आप तुलसी को फिर से हरा-भरा बना सकती हैं। आइए जानें सर्दी के मौसम में तुलसी के पौधे को सूखने से कैसे बचाया जा सकता है।
पाले से बचाना है सबसे जरूरी
सर्दियों में तुलसी के पौधे के मरने की सबसे बड़ी वजह पाला होता है। रात के समय गिरने वाली ओस और अत्यधिक ठंड तुलसी की जड़ों और पत्तियों को नुकसान पहुंचाती है। इसलिए कोशिश करें कि शाम के बाद तुलसी के पौधे को खुले आसमान के नीचे न रखें। अगर आपका पौधा गमले में है, तो उसे शाम से लेकर सुबह तक किसी शेड, बालकनी के कोने या घर के अंदर खिड़की के पास रख दें। जमीन में लगी तुलसी को ठंड से बचाने के लिए उसके चारों ओर कोई शेड लगा दें जिससे उस पर पाले का प्रभाव न पड़े।
तुलसी की सूखी मंजरी को हटा दें
बहुत से लोग यह नहीं जानते कि जब तुलसी में फूल और बीज आने लगते हैं, तो पौधा यह समझ लेता है कि उसका जीवन चक्र पूरा हो चुका है। इसके बाद उसकी ग्रोथ धीमी हो जाती है और पत्तियां झड़ने लगती हैं, इसलिए जैसे ही तुलसी में फूल या सूखी मंजरी दिखे, उन्हें समय-समय पर काटते रहें। इससे पौधे को यह संकेत मिलता है कि उसे अभी और बढ़ना है, जिससे नई पत्तियां आती हैं और पौधा घना बना रहता है।
यह भी पढ़ें- Gardening Tips: ठंड में तुलसी के सिकुड़ते पत्तों की समस्या से पाएं छुटकारा, आपके पौधे को फ्रेश और हरा रखेगा ये स्प्रे
फंगल इन्फेक्शन से बचाव है जरूरी
सर्दियों में नमी ज्यादा होने के कारण तुलसी में फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इससे पौधा सड़ने लगता है और जड़ें कमजोर हो जाती हैं। ऐसे में समय-समय पर आप तुलसी के पौधे के लिए फंगीसाइड का इस्तेमाल करें। आप चाहें तो बाजार में मिलने वाले ऑर्गेनिक फंगीसाइड का प्रयोग करें या फिर नीम तेल को पानी में मिलाकर तुसली की मिट्टी में डालें। इससे फंगस दूर रहता है और पौधा स्वस्थ बना रहता है।
तुलसी को सूखने से बचाने के लिए लौंग का करें इस्तेमाल
अगर सर्दी के मौसम में तुलसी सूख जाए तो इसे फिर से हरा-भरा बनाने के लिए किचन में मौजूद लौंग बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है। लौंग में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो पौधे को बीमारियों से बचाते हैं।
इसके लिए आप 3 से 4 लौंग को पीसकर मिट्टी में हल्के हाथ से मिला दें या 10 से 12 लौंग को पानी में उबालकर ठंडा कर लें और उस पानी को महीने में एक बार मिट्टी में डालें और इसे तुलसी की पत्तियों में भी स्प्रे करें। इससे आपकी सूखी हुई तुलसी फिर से हरी भरी हो सकती है।
अगर आप यहां बताए उपायों को आजमाएंगी तो तुलसी को सर्दी के मौसम में भी हरा-भरा बनाए रख सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसे ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Shutterstock.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।