अगस्त यानी वो महीना, जिसमें भारत को आजादी मिली थी। लेकिन, क्या वाकई हमें आजादी मिल चुकी है। ओह हो...माफ कीजिएगा, आपको मेरा सवाल अजीब लग रहा होगा। चलिए, मैं इसे सही तरीके से पूछती हूं- क्या हमारे देश में महिलाओं को आजादी मिल चुकी है?
यह वो सवाल है जो हर दिन एक लड़की होने के नाते मैं खुद से पूछती हूं या यूं कहूं कि मुझे पूछना पड़ता है। क्या करूं आजाद भारत की नागरिक हूं तो अखबार, न्यूज चैनल और सोशल मीडिया से जुड़ी हूं और यहां जो खबरें आती हैं या पत्रकार होने के नाते जो खबरें मुझे लिखनी पड़ती हैं, वो हर रोज मुझे झकझोर कर रख देती हैं।
चलिए ज्यादा दूर नहीं जाते हैं सिर्फ अगस्त महीने की बात करते हैं। आजादी के इस महीने ने असल में भारत में महिलाओं की आजादी की असल तस्वीर दिखा दी है। इस महीने हमने दहेज की आग में जलती एक लड़की देखी, खुद को दरिंदों से बचाने के लिए सड़क पर दौड़ती एक मूक-बधिर बच्ची देखी, बेटी को गोद में लेकर खुद को आग लगाती दहेज से प्रताड़ित एक महिला देखी और भी न जाने क्या-क्या....। आजादी के इस महीने में न जाने कितने ऐसे मामले सामने आए, जो रोंगटे खड़े करने वाले हैं और महिला सम्मान, सुरक्षा और आजादी के दावों को खोखला साबित करते हैं।
क्या आपको पता है कि साल 2022 के नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, भारत में साल 2022 में 6,516 महिलाओं को दहेज की वजह से अपनी जान गवानी पड़ी। इतना ही नहीं, आंकड़ों के अनुसार हमारे देश में हर 20 मिनट में एक महिला रेप का शिकार होती है।
खैर, ये आंकड़े तो सालों के हैं लेकिन हम यहां आपको सिर्फ अगस्त में हुए कुछ ऐसे मामले बता रहे हैं, जो हमारे देश में महिलाओं की स्थिति की असल तस्वीर दिखाते हैं। ये घटनाएं आपको विचलित कर करती हैं और अगर आप महिला हैं जो आपके मन में लाखों सवाल भी पैदा कर सकती हैं।
अगस्त के महीने में सामने आए दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और हत्या के ये मामले
- ग्रेटर नोएडा में निक्की नाम की एक लड़की को उसके पति और ससुराल वालों ने उसके मासूम बेटे के सामने दहेज के लिए जलाकर मार दिया। घटना का विचलित कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बताया जा रहा है कि निक्की का पति और उसके ससुराल वाले पिछले कई सालों से उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। निक्की के परिवार की तरफ से उनकी कई डिमांड भी पूरी की गई थीं और कार भी दी गई थी। लेकिन फिर वे लोग उस पर 36 लाख रुपयों के लिए दबाव बनाने लगे। निक्की के सोशल मीडिया पर रील बनाने और पार्लर का बिजनेस करने से भी ऐतराज था और इसी को लेकर 21 अगस्त को झगड़ा शुरू हुआ था, जिसके बाद निक्की को जलाकर उसकी जान ले ली गई।
- आज राजस्थान के जोधपुर से भी दहेज से जुड़ा एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां संजू नाम की एक लेक्चरर ने अपनी 3 साल की बेटी के साथ खुद को जिंदा जला लिया। उसने सुसाइड नोट में लिखा कि कैसे उसका पति और ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
- बिहार के वैशाली से भी एक रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां नंदलालपुर के एक गांव में एक पिता ने अपनी बेटी शिवांगी का शव उसके ससुराल की चौखट पर लाकर जलाया। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज में पैसा और गाड़ी की मांग को लेकर उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था और ससुरालवालों ने ही उनकी बेटी की हत्या करके शव को गायब कर दिया था। परिवार वालों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में उनकी कोई मदद नहीं की और उनकी बेटी की बॉडी भी उन्होंने खुद ही ढूंढी।
- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक महिला ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि दहेज में बाइक न मिलने पर उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और उसे घर से निकाल दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने धोखे से उसे गर्भपात की दवाई खिला दी थी, जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई।
- मध्य प्रदेश में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने शराब पीकर उसे मारा और उसके हाथ-पैरों को गर्म चाकू से जलाया। महिला के शरीर पर 50 से भी ज्यादा मार्क्स हैं। महिला ने बताया कि उनकी शादी फरवरी में हुई थी और पति का कहना था कि वह सुंदर नहीं है और इसलिए वह इसे पसंद नहीं करता था। वहीं, लड़की के परिवार वालों ने दहेज उत्पीड़न के भी आरोप लगाए हैं।
महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में क्या कहते हैं आंकड़े?
नेशनल क्राइम ब्यूरो की साल 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में दहेज के कारण 6,516 महिलाओं की मौत हुई थी। यह आंकड़ा, रेप या गैंगरेप के बाद महिलाओं की हत्या के आंकड़ों का 25 गुना है। रिपोर्ट्स की मानें तो एक तिहाई महिलाओं तो इस मामले में शिकायत ही दर्ज नहीं करवा पाती हैं। वहीं, न्याय मिलने की प्रक्रिया भी काफी धीमी है। आंकड़ों के अनुसार, साल 2022 के अंत तक दहेज हत्या के 60,577 कोर्ट में पेंडिंग थे। भारत में हर दिन 87 रेप के मामले सामने आते हैं। साल 2022 के आंकड़ों के अनुसार, रेप के मामलों में 13.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
अगस्त में रेप के इन मामलों ने खड़े कर दिए रोंगटे
- सिर्फ दहेज की नहीं, अगस्त में रेप के भी चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं, जिन्होंने न केवल महिला सुरक्षा पर सवाल किए हैं, बल्कि रिश्तों को भी शर्मसार किया है। दिल्ली में एक बेटे ने चाकू दिखाकर अपनी मां का 2 बार रेप किया और फिर पापा को फोन करके कहा कि मां का कैरेक्टर ठीक नहीं है और उन्हें तलाक दे दें।
- यह घटना आजादी के दिन यानी 15 अगस्त से 2 दिन पहले की है। यूपी के बलरामपुर में दौड़ती-भागती एक मूक-बधिर बच्ची का वीडियो वायरल हुआ था। लड़की अपने मामा के घर से वापिस लौट रही थी और रास्ते में 2 युवकों ने झाड़ियों में ले जाकर उसका रेप किया।
- दिल्ली में नौ साल की दो बच्चियों के साथ स्वीमिंग पूल में गैंगरेप की घटना ने भी इस महीने हमें झकझोर कर रख दिया था। बच्चियों के साथ वहां के ठेकेदार और केयरटेकर ने दरिंदगी की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए किसी को न बताने के लिए कहा। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
- राजस्थान के उदयपुर में 8 साल की मासूम बच्ची से रेप की जघन्य वारदात हुई। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया और लोगों ने इसे लेकर रोष प्रकट किया था।
- गाजियाबाद के लोनी में मानसिक रूप से कमजोर एक मूक-बधिर लड़की के साथ रेप की वारदात हुई थी। परिवार वालों का आरोप है कि मेडिकल करने में पुलिस की तरफ से घंटों की देरी की गई थी। बाद में पीड़िता ने सुसाइड कर लिया।
- भोपाल में एक 15 साल की लड़की के रेप का मामला सामने आया। रिपोर्ट्स में बताया गया कि व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर युवक से बातचीत शुरू की थी और फिर पार्क में बुलाकर उसका रेप किया। जब लड़की प्रेग्नेंट हो गई, तो उसे अबॉर्शन पिल्स दे दीं और बाद में उसकी हालत खराब हो गई।
कभी रेप...कभी दहेज..कभी घरेलू हिंसा तो कभी कुछ और, महिलाओं के साथ हो रहे अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। हम खुद को आजाद भारत का नागरिक कहते हैं, पढ़े-लिखे समाज का हिस्सा बताते हैं, बेटियों को देवी मानने की बात कहते हैं और महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करते हैं। लेकिन, आए दिन ऐसी घटनाएं साबित कर देती हैं कि शायद ये सब सिर्फ एक भ्रम है क्योंकि हकीकत तो वो है, जो महिलाएं हर दिन झेल रही हैं।
आप इस बारे में क्या सोचते हैं, हमें कमेंट बॉक्स में लिख कर बताएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock, Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों