बहन ने किया हैवानियत का विरोध तो भाई ने सिलेंडर से वार करके ले ली जान; यूपी, बिहार और राजस्थान, देश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आए ये मामले पूछ रहे हैं कि क्या किसी भी कोने में सुरक्षित नहीं हैं बेटियां?

यूपी के बागपत से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो न केवल घर की चाहरदीवारी के अंदर महिला सुरक्षा पर सवाल उठाता है, बल्कि रिश्तों को तार-तार करने वाला है। यहां एक चचेरे भाई ने अपने 14 साल की बहन पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और मना करने पर उसकी जान ले ली। इसके अलावा भी पिछले कुछ घंटों में देश के अलग-अलग हिस्सों से कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जो महिला सुरक्षा पर सवाल उठाते हैं। कहीं बेटियां दहेज की आग में जल रही हैं, कहीं रेप का शिकार हो रही हैं तो कहीं घर के अंदर ही अपनी सुरक्षा के लिए लड़ रही हैं और मानो बार-बार यही पूछ रही हैं कि आखिर हम कहां सुरक्षित हैं?
यूपी के बागपत में बहन ने किया हैवानियत का विरोध तो भाई ने सिलेंडर से वार करके ले ली जान
यूपी के बागपत में एक चचेरे भाई ने अपनी बहन की सिलेंडर से वार करके हत्या कर दी। घटना छपरौली थाना क्षेत्र की है। यहां एक महिला अपने पति और बच्चों के साथ रहती थी। महिला के पति की 4 महीने पहले मौत हो गई थी।
महिला किसी कारण से घर से बाहर गई थी और पीछे उसकी 14 साल की लड़की घर पर अकेली थी। तभी उसका चचेरा भाई घर पर आया और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। जब युवती ने विरोध किया, तो युवक ने सिलेंडर किशोरी के सिर पर मारा और फिर फावड़े से किशोरी पर कई वार किए। इससे वह घायल हो गई और फिर उसकी जान चली गई। आरोपी ने फावड़े से गड्ढा खोदकर शव को दबाने की भी कोशिश की। लेकिन, उससे पहले युवती की मां आई और वह पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि युवक, अपनी चचेरी बहन से एकतरफा प्यार करता था।
पिछले कुछ घंटों में देश के अलग-अलग कोनों से सामने आए ये मामले दिखाते हैं महिला सुरक्षा की असल तस्वीर
- पटना में एक महिला नग्न और जख्मी हालत में मिली। उसके शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं। महिला पिछले कुछ दिनों में घर से गायब थी और फिलहाल कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस को आशंका है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है।
- पटना से ही एक और ऐसा मामला सामने आया है। यहां एक 40 साल की महिला के साथ रेप हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे की हाल में एक स्लम एरिया में घुसा और इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
- जयपुर में एक परिचित ने लिफ्ट देने के बहाने युवती से रेप किया। आरोपी उसे सूनसान जगह पर ले गया और रेप करने के बाद उसे धमका कर शमशान के पास छोड़कर भाग गया।
- गाजियाबाद में एक युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने उससे दोस्ती करके उसका अश्लील वीडियो बनाया, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया और गर्भपात करवाया। युवक उसे वीडियो को वायरल करने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्यवाही शुरू कर दी है।
क्या देश के किसी कोने में महफूज नहीं हैं बेटियां?
देश के अलग-अलग हिस्सों से रोजाना चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं और ऐसा लग रहा है मानो महिलाओं के खिलाफ होते अपराध रुक ही नहीं रहे हैं। बस जगह, शक्ल और तरीका बदल जाता है। लेकिन, महिलाएं हर दिन इन अपराधों का शिकार हो रही हैं। ऊपर बताए गए मामलों में से कोई यूपी, कोई बिहार तो कोई राजस्थान का है। रोजाना भी देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं और बस एक ही सवाल पूछ रही हैं कि क्या देश के किसी कोने में महफूज नहीं हैं बेटियां?
महिलाओं के खिलाफ होते ऐसे अपराध असल में हमें अंदर से झकझोर कर रख देते हैं। न जाने कितने अपराध तो ऐसे हैं जो दर्ज भी नहीं हो पाते हैं और कितने अपराध दर्ज होते हैं लेकिन महिलाएं सिर्फ इंसाफ की राह देखती रह जाती हैं। इन मामलों में कड़ी सजा तो जरूरी है ही, लेकिन असल में ये मामले सिर्फ तब रुकेंगे, जब हमारी सोच बदलेगी। आप इस बारे में क्या सोचते हैं, हमें कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।