हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। ऐसा कहा जाता है कि गाय में सभी हिंदू देवी-देवताओं का वास होता है यानि गाय के दर्शन मात्र से आपको सभी देवी-देवताओं के दर्शन हो जाते हैं और गाय की सेवा करने से सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद आप प्राप्त कर सकते हैं।
ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण को गाय अति प्रिय थीं, इसलिए कहा जाता है कि जो दिन या पर्व भगवान विष्णु को अर्पित किए गए हैं, उनमें गाय की सेवा अवश्य करनी चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण भी विष्णु का ही अवतार हैं, इसलिए अक्षय तृतीया के अवसर पर भी गौ माता की सेवा अनिवार्य है।
3 मई को अक्षय तृतीया का पर्व है। इस त्योहार पर भगवान लक्ष्मीनारायण की पूजा के साथ ही आपको गौ माता की सेवा भी करनी चाहिए। इस सेवा का सबसे प्रमुख भाग है गाय को भोजन कराना। वैसे तो शास्त्रों में गाय को खिलाने के लिए कई सामग्रियों का वर्णन मिलता है। मगर अक्षय तृतीया के दिन यदि आप गाय को हरी सब्जियां या हरी घास खिलाते हैं, तो यह बहुत ही शुभ माना गया है।
इसे जरूर पढ़ें- गाय को नियमित गुड़-रोटी खिलाएं, होंगे ये फायदे
इस विषय में हमारी बात भोपाल के पंडित एंव ज्योतिषाचार्य विनोद सोनी जी से हुई। विनोद जी कहते हैं, 'गाय में वैसे तो सारे देवी-देवता वास करते हैं। मगर गाय बुध ग्रह का प्रतिनिधित्व करती है। ज्योतिष शास्त्रों में बुध ग्रह को बुद्धि, वाणी, तर्क क्षमता और मानसिक योग्यता का ग्रह माना जाता है। बुध ग्रह के अधिदेवता भगवान विष्णु हैं। ऐसे में अक्षय तृतीया के दिन यदि गौ सेवा की जाए तो उसके निश्चित रूप अच्छे फल प्राप्त होते हैं। बुध ग्रह का रंग हरा होता है, इसलिए अक्षय तृतीया के दिन आपको गाय को हरे रंग की सब्जी जैसे पालक, मूली के पत्ते, हरा साग आदि खिलाना चाहिए। कुछ न मिले तो आप हरा चारा यानि ताजी हरी घास ही गाय के आगे डाल दें। ऐसा करने पर गौ माता के आशीर्वाद से आपको बहुत ही शुभ फल प्राप्त होते हैं।'
यह विडियो भी देखें
इसे जरूर पढ़ें- कबूतर को रोज खिलाएं दाना और फिर देखें चमत्कार
गौ माता के गोबर में लक्ष्मी जी का वास होता है। यदि आप चाहते हैं कि आपके घर में लक्ष्मी जी का प्रवेश हो या देवी लक्ष्मी आपसे प्रसन्न रहें, तो इसके लिए आपको अपने घर के आंगन में गाय के गोबर को किसी दीवार पर लगाना चाहिए या फिर रोज सुबह गाय के गोबर से बने कंडों को जला कर उसका धुंआ घर में कुछ वक्त के लिए फैलने दें।
गौ माता की एक आंख में सूर्य व दूसरी आंख में चन्द्र देव का वास होता है। इसलिए कुछ देर नियमित आपको गौ माता की आंखों को निहारना चाहिए। ऐसा करने से कुंडली में सूर्य और चंद्र दोनों ही ग्रह मजबूत होते हैं।
उम्मीद है कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock, Unsplash
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।