सिंघाड़े के छिलके फेंकें नहीं, करें ये काम

सर्दियों में कई पौष्टिक सब्जियां और फल आती हैं। उन्हीं में एक सिंघाड़ा है। यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें फाइबर की बहुत अच्छी मात्रा होती है। इसे व्रत में भी खूब खाया जाता है, क्योंकि शरीर को गर्म रखने के साथ-साथ किसी तरह की क्रेविंग को भी रोकता है। इसे फल के रूप में खाते हैं, कुछ लोग इससे सब्जी बनाते हैं और कई लोग इसका आटा बनाकर भी सेवन करते हैं। एक सिंघाड़ा कई तरह से आहार में शामिल किया जा सकता है। कई लोग इसका हलवा भी खाते हैं।
मगर आज हम बात इसके छिलके की करते हैं। कई सारे लोगों की तरह आप भी इसे छीलकर एक किनारे कर देते होंगे। क्या आपको पता है कि इसके छिलके में भी एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर को कई लाभ पहुंचाता है। इसके छिलके फेंकने के बजाय उन्हें आप कुकिंग में इस्तेमाल कर सकते हैं। फाइबर युक्त छिलके आपके लिए स्नैक्स का काम कर सकते हैं और आप इसकी चाय भी पी सकते हैं। इसके फायदे तो आपको पता ही होंगे, चलिए आज आपको सिंघाड़े के छिलके का इस्तेमाल बता देते हैं। इनकी अलग-अलग रेसिपीज आप भी जरूर बनाकर देखिएगा।
सिंघाड़े के छिलके की चाय

जी हां, अगर आपने इसे नहीं टेस्ट किया है, तो अब जरूर करें। अगर आपके गले में खराश है, तो सिंघाड़े के छिलके की चाय उसमें राहत दिला सकती है। अगर आपको दूध वाली चाय पीने से मना किया है, तो इस पौष्टिक चाय को बनाना न भूलें।
सिंघाड़े के छिलके की चाय बनाने के लिए सामग्री-
- 1/4 कप सिंघाड़े के छिलके
- 2 कप पानी
- चुटकी भर दालचीनी का पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गुड़
- 1 नींबू
सिंघाड़े के छिलके की चाय बनाने का तरीका-
- सिंघाड़े के छिलके साफ कर लें और फिर उन्हें धोकर अलग रख दें।
- अब एक पैन में पानी को उबालने के लिए रखें और फिर उसमें सिंघाड़े के छिलके डालकर धीमी आंच पर 2 मिनट के लिए पकाएं।
- अब पैन में चीनी या गुड़ डालें और कुछ सेकंड पकाएं। चाय में ऊपर से नींबू का रस और दालचीनी का पाउडर डालकर एक बार हिलाएं।
- आंच को बंद कर दें और चाय को छानकर इसे धीरे-धीरे पिएं।
इसे भी पढ़ें: इन ट्रिक्स से बनाएं और साल भर खाएं सिंघाड़े का अचार
सिंघाड़े के छिलके का सलाद
यह आपको भले ही अजीब लगे, लेकिन कुछ लोग इसे सलाद के तौर पर भी खाते हैं। मेरी सहेली ने पिछले हफ्ते इसका सलाद खिलाया था। तब मेरे साथ उसने इसकी रेसिपी भी शेयर की थी। इसे बनाना आसान है।
सिंघाड़े के छिलके का सलाद बनाने के लिए सामग्री-
- 1/2 कप सिंघाड़े के छिलके
- 1 छोटा खीरा
- 1 टमाटर
- 1 बड़ा चम्मच मूंगफली
- चुटकी भर लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
- नींबू का रस
- काला नमक स्वादानुसार
सिंघाड़े के छिलके का सलाद बनाने का तरीका-
- छिलके को धोकर पानी से भरे पैन में डालकर 1 मिनट गर्म करें।
- पानी को छानकर इसके छिलके निकालकर उन्हें टिश्य पर रख दें।
- अब मूंगफली के छिलके हटा लें। खीरे और टमाटर को क्यूब्स में काटकर एक कटोरे में डालें।
- सिंघाड़े के छिलके भी काटकर कटोरे में डालें और मिलाएं। अब इसमें मूंगफली, चाट मसाला, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और नींबू का रस डालकर मिलाएं।
- आपका हेल्दी सलाद तैयार है, जिसका सेवन लंच में किया जा सकता है।
सिंघाड़े के छिलके से बनाएं चिप्स

कुरकुरे चिप्स खाने हैं, तो हेल्दी और स्वादिष्ट चिप्स खाइए, जो आपकी भूख भी मिटाएंगे और स्वस्थ भी होंगे। इन चिप्स को आप स्नैक्स के रूप में लें या सुबह नाश्ते में भी फाइबरयुक्त इन चिप्स का मजा लिया जा सकता है।
सिंघाड़े के छिलके से बनाएं चिप्स बनाने के लिए सामग्री-
- 2 कप सिंघाड़े के छिलके
- नमक स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर
- चिली फ्लेक्स और ओरेगेनो
- तेल
इसे भी पढ़ें: सिंघाड़ा खरीदते वक्त इन बातों का रखें खास ध्यान, नहीं होगें पैसे बर्बाद
सिंघाड़े के छिलके से बनाने का तरीका-
- सिंघाड़े के छिलके को धोकर अच्छी तरह से सुखा लें।
- इसके बाद इन्हें एक पार्चमेंट पेपर में रखकर कुछ सेकंड के लिए बेक करें।
- एक कटोरी में नमक, लाल मिर्च पाउडर, चिली फ्लेक्स और ओरेगेनो डालकर अच्छी तरह से मिलाएं।
- सिंघाड़े के छिलके पर यह मसाला दोनों तरफ से छिड़कर उन्हें बेक करके क्रिस्पी कर लें।
- इसी तरह इन्हें तेल में फ्राई करने के लिए तेल गर्म करें और मसाले लगे हुए सिंघाड़े के छिलके को तेल में डालकर फ्राई कर लें।
- एक टिश्यू पेपर में निकालकर इन्हें एक-दो दिन के लिए स्टोर भी किया जा सकता है।
- सर्दियों में अदरक वाली चाय के साथ इनका मजा लें।
इन तीन रेसिपीज को आप भी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ शेयर कीजिएगा। अगर आपने सिंघाड़े के छिलके का किसी अन्य तरीके से इस्तेमाल किया है, तो हमें बताना न भूलें।
हमें उम्मीद है कि ये रेसिपीज आपको पसंद आएंगी। अगर आपको हमारा लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।