तोरई के छिलके फेंके नहीं, बनाएं ये रेसिपीज

लौकी, तोरई, टिंडे आदि ऐसी सब्जियां होती है जो अमूमन लोगों को पसंद नहीं आती। आपके घर में भी बच्चे इन सब्जियों को खाने के लिए नाक मुंह सिकोड़ते होंगे। इन सब्जियों का स्वाद भले ही अच्छा न हो लेकिन ये स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी होती हैं।
क्या आपको पता है कि इन सब्जियों के छिलके भी हमारे काम आ सकते हैं? तोरई के छिलके आप भी बाहर फेंक देती होंगी, लेकिन आप इन्हें फेंकने की बजाय कुछ नया तैयार कर सकती हैं।
जी हां, तोरई के छिलकों का इस्तेमाल बड़ी सारी चीजों के लिए किया जा सकता है। आप उससे सब्जी बना सकती हैं, चटनी बना सकती हैं और पकौड़ी आदि भी बना सकती हैं।
कुछ जगहों पर तो असल में इनके छिलकों से भी सब्जी बनाई जाती है। तो फिर क्या आप भी तोरई के छिलकों से नई स्वादिष्ट और लजीज चीजें बनाना चाहेंगी? अगर हां, तो इस आर्टिकल को जरूर पढ़ें और जानें तोरई के छिलकों से आप क्या नया ट्राई कर सकती हैं।
तोरई के छिलके की चटनी
तोरई के छिलके की चटनी बनाना आसान है। इसे वैसे ही बनाना है बस इसमें आप सरसों का तेल और राई का तड़का देकर इसके स्वाद में इजाफा कर सकते हैं। इसे पराठे के साथ, दाल-चावल, पकौड़ों के साथ खाया जा सकता है।
सामग्री-
- 1 कप तोरई के छिलके
- 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया
- 1 छोटा टमाटर क्यूब्स में कटा हुआ
- 1 छोटा प्याज क्यूब्स में कटा हुआ
- 1 चम्मच अदरक
- 2 हरी मिर्च
- 1 लाल मिर्च
- 2 कली लहसुन
- 1 छोटा चम्मच सरसों का तेल
- 1/2 छोटा चम्मच राई
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- नमक स्वादानुसार
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले तोरई के छिलके, हरा धनिया,टमाटर और प्याज को धोकर रख लें।
- अब एक ब्लेंडर में नींबू का रस छोड़कर सारी सामग्री डालें और ब्लेंड कर लें।
- अगर आपको जरूरत महसूस हो तो इसमें थोड़ा सा पानी डाल सकते हैं।
- एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई डालकर थोड़ा चटखने दें। इसे गैस से उतारें और चटनी में ऊपर से डालें।
- नींबू का रस डालकर मिक्स करें और आपकी तोरई की चटपटी और तीखी चटनी तैयार है।
इसे भी पढ़ें : तोरई के छिलके को फेंके नहीं, बनाएं ये स्वादिष्ट और झटपट बनने वाली सब्ज़ी
तोरई के छिलके के पकौड़ी
तोरई के छिलके पकौड़ी का आनंद आप भी लीजिए। पिछली बार हमने आपको लौकी के छिलकों की पकौड़ी बनाना सिखाई थी, इस बार तोरई के छिलकों से पकौड़ी बनाएं और गर्मागर्म चाय के साथ आनंद लें।
सामग्री-
- 1 कप तोरई के छिलके
- 1 स्लाइस्ड प्याज
- 2 कप बेसन
- जरूरत के अनुसार पानी
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च
- 1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
- 1 चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ
- तलने के लिए तेल
- नमक स्वादानुसार
बनाने का तरीका-
- एक कप बेसन में नमक, हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च और पानी डालकर एक गाढ़ी कंसिस्टेंसी वाला घोल बनाएं।
- अब इस घोल में तोरई और प्याज डालकर अच्छी तरह से मिला लें।
- एक कढ़ाही में तेल गर्म करें और तोरई और प्याज को अच्छी तरह इकट्ठा करके गर्म तेल में डालें।
- गोल्डन ब्राउन होने तक दोनों तरफ से पकाएं। आपकी तोरई की पकौड़ी भी तैयार है।
तोरई के छिलके की सब्जी
तोरई के छिलके की अब सब्जी बनाएं। जैसे आप तोरई की सब्जी बनाते हैं इसे भी बिल्कुल वैसे ही बनाया जा सकता है। इसके अलावा आप इसमें प्याज टमाटर डालकर फ्राई कर सकते हैं।
सामग्री-
- 1 कप तोरई के छिलके
- 1 प्याज लंबा कटा हुआ
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 हरी मिर्च
- 1 छोटा टमाटर बारीक कटा
- 2 चम्मच तेल
- नमक
- हरा धनिया
- 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
बनाने का तरीका-
- छिलकों को धोकर एक तरफ रखें और एक कढ़ाही में तेल गर्म कर लें।
- अब इसमें जीरा डालें और उसके बाद अदरक लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट सॉते करें।
- इसमें प्याज डालकर उसे सुनहरा होने तक भून लें और फिर टमाटर डालकर ढक्कन लगाकर पकाएं।
- जब टमाटर गलने लगे तो उसमें नमक और हल्दी डालकर मसाला मिक्स करें।
- इसके बाद इसमें तोरई के छिलके डालकर सभी चीजों को मिला लें। आखिर में हरा धनिया डालकर सर्व करें।
इसे भी पढ़ें : लौकी के छिलकों को फेंके नहीं करें ये काम
इसके अलावा आप इसे तेल में तलकर इसके पापड़ बनाकर खा सकते हैं। तोरई के छिलकों से मिठाई भी बनाई जा सकती है। आप भी इन्हें ट्राई करके देखें और अपने अनुभाव हमारे साथ शेयर करें।
अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करें। आगे आप किस सब्जी के छिलकों की रेसिपी जानना चाहेंगे वो भी हमें कमेंट कर बताएं। ऐसी ही शानदार रेसिपीज पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit : sujatavjoshi, whiskaffair, freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।