Expert Tips: किचन में इन गलतियों को करने से बचें

किचन में काम करते वक्त ऐसी बहुत चीजें होती हैं, जो किचन रूल्स के हिसाब से बिलकुल गलत होती हैं। मगर हमारा ध्यान कभी भी इस ओर नहीं जाता है। ऐसे में कई बार बड़ा नुकसान भी हो जाता है। इतना ही नहीं, यदि आप इन गलतियों को दोहराती हैं तो इससे स्वाद और सेहत दोनों पर गहरा असर भी पड़ सकता है।
फेमस शेफ कुणाल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर ऐसी ही कुछ किचन मिस्टेक्स को प्वॉइंट आउट किया है और इससे जुड़ी एक पोस्ट भी शेयर की है। इस पोस्ट में कुणाल कपूर ने बताया कि किचन से जुड़ी वो कौन सी गलतियां हैं, जो आम तौर पर सभी से होती हैं, मगर उनके परिणाम बुरे हो सकते हैं।
अंडों को कैसे करें स्टोर
अगर आप अंडे खाने की शौकीन हैं और एक साथ अंडे की पूरी ट्रे घर ले आती हैं तो जाहिर है, आपको अंडे को स्टोर करना पड़ता होगा। ऐसे में अंडो को स्टोर करने का सही तरीका आपको पता होना चाहिए। अमूमन लोग अंडे को फ्रिज के बाहर ही रख देते हैं, मगर यह तरीका सही नहीं है। अगर अंडे ऐसे स्थान पर रखें हैं, जहां बहुत अधिक गर्मी है तो आपको बता दें कि अंडे में ऐसे बैक्टीरिया उत्पन्न होने लगेंगे, जो आपको बीमार कर सकते हैं। इसलिए अंडों को फ्रिज में रखना ही बेहतर होता है। अंडों को फ्रिज में रखने से उनकी शेल्फ लाइफ भी काफी बढ़ जाती है।
इसे जरूर पढ़ें: Easy Hacks: गर्मियों में इन फ्रूट्स को फ्रिज में भूलकर भी न रखें, हो सकते हैं ख़राब
सब्जियों को कैसे करें स्टोर
सब्जियों को बाहर से खरीद कर लाने के बाद अगर आप उन्हें वैसे ही प्लास्टिक बैग में बांध कर रख देती हैं तो इससे सब्जियों के गल कर सड़ने का डर बढ़ जाता है। अगर आप पत्तेदार सब्जियों को स्टोर करना चाहती हैं तो उन्हें कागज में लपेट कर रखें। वहीं आप अन्य सब्जियों के लिए ऑर्गेनाइजर का इस्तेमाल कर सकती हैं।
इस बात का भी ध्यान रखें कि फ्रिज में सब्जियों को ठूसें नहीं। बल्कि सब्जियों के बीच में छोटा सा गैप बना लें और फिर उन्हें रखें। इससे सब्जियों में जरूरत भर का मॉइश्चर बना रहेगा और वह खराब भी नहीं होंगी।
View this post on Instagram
फ्रिज का रखें ध्यान
कई लोगों की आदत होती है कि वह अपनी वॉर्डरोब को खोल कर खड़े हो जाते हैं और फिर सोचते हैं कि आज क्या पहना जाए। हालांकि, ऐसा करने में आपको कोई भी नुकसान नहीं है। मगर यह तरीका कुछ लोग फ्रिज के साथ भी अपनाते हैं और फ्रिज का दरवाजा खोल कर खड़े हो जाते हैं और फिर सोचते हैं कि आज कौन सी सब्जी बनाई जाए। अगर आप भी ऐसा करती हैं तो जान जाएं कि आप अपने ही फ्रिज की शेल्फ लाइफ को कम कर रही हैं। इससे आपका फ्रिज कूलिंग करना कम कर देगा और फ्रिज में रखा सभी सामान खराब होने लगेगा।
खाना बनाते वक्त न करें ये गलतियां
अगर कोई खास रेसिपी बनानी होती है तो जाहिर है, कि आप पहले उस रेसिपी को बनाने का तरीका देखती होंगी। उसे बनाने की विधि पढ़ती होंगी। मगर शेफ कुणाल कपूर कहते हैं कि किसी भी रेसिपी को बनाने से पहले उसकी पूरी विधि जरूर पढ़ें, मगर साथ ही जब आप रेसिपी बना रही हों तब भी रेसिपी को देखती जाएं। इससे आप कोई भी स्टेप मिस नहीं करेंगी।
इतना ही नहीं, शेफ कुणाल की माने तो कभी भी खाना बनाते वक्त आपको हर स्टेप पर उसे चखना नहीं चाहिए। यदि आप हर स्टेप पर रेसिपी को टेस्ट करेंगी तो आपको उसमें कमी ही नजर आएगी। ऐसे में आप रेसिपी को सही तरह से नहीं बना पाएंगी।
खाना बनाने के बाद किचन की सफाई
बहुत से घरों में किचन की सफाई दिन में केवल एक बार ही होती है। मगर सही तरीका तो यह है कि किचन को उतनी बार साफ करें जितनी बार आप उसका इस्तेमाल करें। खास तौर पर गैस टेबल, चिमनी, सिंक और किचन की फर्श को हमेशा साफ रखें। याद रखें अगर आपकी रसोई साफ रहेगी तो आपको स्वादिष्ट और सेहतमंद भोजन करने को मिलेगा।
इसे जरूर पढ़ें: बिना किसी केमिकल या प्लंबर के ऐसे खोलें अपना जाम हुआ किचन सिंक
उम्मीद है कि आपको यह किचन हैक्स बहुत पसंद आए होंगे और अब आप दोबार इन किचन मिस्टेक्स को नहीं दोहराएंगी। यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी किचन से जुड़े रोचक हैक्स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image credit: Kunal kapur/Instagram
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।