बेसन के लड्डू बनाते वक्त न करें ये गलतियां

त्योहारों का मौसम आते ही घर की रसोई में तरह-तरह के पकवान बनने लगते हैं। खासतौर पर दिवाली के त्योहार पर मिठाइयां बहुत बनाई जाती हैं, क्योंकि इस पर्व पर घर में मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में सबसे आसान और टेस्टी मिठाई की बात की जाए, तो बेसन के लड्डू से अच्छा और क्या हो सकता है। मगर बहुत सारी महिलाओं की शिकायत होती है कि उनसे बेसन के लड्डू अच्छे नहीं बन पाते हैं।
हालांकि, बेसन के लड्डू बनाना बहुत ही आसान है, मगर छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो आप घर पर ही बाजार जैसे टेस्टी बेसन के लड्डू बना सकती हैं। चलिए आज हम आपको बताते हैं कि वह कौन सी गलतियां हैं, जो आपके बेसन के लड्डू का स्वाद बिगाड़ सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: परफेक्ट पंजीरी लड्डू बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

बेसन को भूनते वक्त न करें ये गलती
बेसन के लड्डू बनाने के लिए आपको सबसे पहले बेसन को अच्छी तरह से भूनना होगा। इसमें थोड़ा सा वक्त लगता है, इसलिए बहुत सी महिलाएं तेज या मीडियम आंच पर बेसन को भूनती हैं लेकिन यह तरीका गलत है। तेज या मीडियम आंच पर यदि आप बेसन को भूनती हैं, तो बेसन कहीं से अच्छी तरह से भुन जाता है तो कहीं से कच्चा रह जाता है। कई बार तेज आंच पर बेसन को भूनने पर वह जल भी जाता है। इससे लड्डू का स्वाद बिगड़ता है, वहीं बेसन अगर कच्चा रह जाए तो लड्डू खाते वक्त वह गले में चिपकता है।(बेसन से बनाई जा सकती हैं ये 5 रेसिपीज)
बेसन में घी मिलाते वक्त न करें ये गलती
अगर आप देसी घी के बेसन के लड्डू बना रही हैं, तो आपको एक साथ पूरा घी कढ़ाई में नहीं डालना चाहिए। पहले थोड़ा सा घी डाल कर बेसन को भूनें, जब आपको जरूरत महसूस हो या फिर बेसन ड्राई नजर आए तो थोड़ा घी उसमें और डालें। बेसन में जब खुशबू आने लगे और वह हल्का ब्राउन कलर का हो जाए, तब समझ लें कि बेसन अच्छी तरह से भुन गया है। बहुत सी महिलाएं बेसन के लड्डुओं को बांधने के लिए ऊपर से घी मिलाती हैं। ऐसा हरगिज न करें, इससे लड्डू का स्वाद बिगड़ सकता है। अगर आपको दानेदार बेसन के लड्डू खाने हैं, तो बेसन को अच्छी तरह से भूनने के बाद उसमें थोड़े से पानी का छिड़काव करें और 2 से 3 मिनट के लिए बेसन को और भून लें ताकि उसका पानी अच्छी तरह से सूख जाए। ऐसा करने से बेसन फूल जाता है और लड्डू दानेदार बनते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: मिठाई खाने का दिल कर रहा है तो घर पर बनाएं 'बेसन पाक'

बेसन में चीनी मिलाते वक्त न करें ये गलतियां
सबसे पहले तो यह जान लें कि आप बेसन के लड्डू में चीनी का बूरा या फिर घर पर खुद से बनाई हुई तगार का इस्तेमाल कर सकती हैं। बेस्ट होगा कि आप घर में खुद से तगार बनाएं। इसके लिए आपको एक पैन में पानी और चीनी को तब तक पकाना है, जब तक चाशनी सफेद हो कर जमने वाली कंसिस्टेंसी में न नजर आने लग जाए। इसमें थोड़ा सा घी भी मिक्स कर दें ताकि चाशनी में गुलठियां न पड़ें और फिर इसे ठंडा होने दें। भूल से भी गरम-गरम तगार को बेसन में न मिलाएं या फिर गरम बेसन में चीनी का बूरा न मिक्स करें। ऐसा करने से तगार या चीनी का बूरा पानी छोड़ देता है और बेसन गीला हो जाता है, जिससे उसे बांधने में दिक्कत होती है।
बेसन के लड्डू को स्टोर करते वक्त न करें ये गलतियां
जब बेसन के लड्डू बन कर तैयार हो जाएं, तो उन्हें प्लास्टिक के डिब्बे में स्टोर करके फ्रिज के अंदर रखने की भूल न करें। आपको बेसन के लड्डू फ्रिज में न रख कर बाहर ही रखने चाहिए, क्योंकि फ्रिज के अंदर रखने से वह हार्ड हो जाते हैं।(टेस्टी सूजी के लड्डू रेसिपीज)
बेसन के लड्डू की रेसिपी
सामग्री
- 2 कप बेसन
- 1 1/2 कप तगार
- 2 कप घी
- 1 चुटकी इलायची पाउडर
- 1 बड़े चम्मच पानी
विधि
- एक कड़ाई में घी डालकर बेसन को हल्का भूरा होने तक भून लें।
- अब एक पैन में तगार तैयार करने के लिए पानी और चीनी डालें।
- चाशनी को तब तक पकाएं जब तक वह सफेद हो कर जमने वाली कंसिस्टेंसी में न नजर आने लग जाए।
- इसके बाद भुने बेसन और तगार को ठंडा होने दें। फिर दोनों को मिक्स करें और इसमें इलायची पाउडर डालें।
- इस मिश्रण से लड्डू तैयार करें और मेहमानों को परोसें।
बेसन का लड्डू बनाने के लिए दादी मां का नुस्खा
बेसन के लड्डू को थोड़ा हेल्दी बनाने के लिए काजू, बादाम, पिस्ता, खरबूजे के बीज को घी में डीप फ्राई करके पीस लें और इस पाउडर को बेसन में मिक्स कर लें। इससे लड्डू स्वादिष्ट और सेहतमंद हो जाते हैं।
अगर आप भी इस दिवाली घर पर बेसन के लड्डू बना रही हैं, तो ऊपर बताई गई बातों पर जरूर ध्यान दें और बाजार जैसे टेस्टी लड्डू बनाएं। यह जानकारी आपको पसंद आई हो तो आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।