महिलाओं को हर वक्त थकान क्यों महसूस होती है? शरीर के इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

घर-परिवार और करियर की जिम्मेदारियों व काम के दबाव के चलते महिलाएं अपनी सेहत का ख्याल रखना भूल जाती हैं। दिनभर काम करने के बाद थकान महसूस होना सामान्य है, लेकिन अगर पर्याप्त नींद लेने और आराम करने के बावजूद हर समय थकान बनी रहती है, तो इसे सिर्फ काम का दबाव समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार थकान शरीर में न्यूट्रिशन की कमी, हार्मोनल बदलाव या किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकती है। ऐसे में इस पर समय रहते ध्यान दिया जाना चाहिए। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से विस्तार से जानते हैं। यह जानकारी हम डॉक्टर सोनू खोखर, एमबीबीएस, हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपर्ट (Dr. Sonu Khokhar, MBBS Doctor, Health and Wellness Expert) संग हुई बातचीत के आधार पर शेयर कर रहे हैं।
महिलाओं में लगातार थकान के क्या कारण हो सकते हैं?
1. शरीर में आयरन की कमी
अगर आपको लगातार थकान महसूस हो रही है, तो इसका एक आम कारण आयरन की कमी और एनीमिया हो सकता है। खासकर पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग होने पर महिलाओं में इसका जोखिम बढ़ सकता है। शरीर में आयरन की कमी होने पर हीमोग्लोबिन का स्तर कम हो सकता है, जिससे शरीर के विभिन्न हिस्सों तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचने में परेशानी होती है और थकान महसूस होती है।
इन संकतों पर ध्यान देना है जरूरी
- बार-बार कमजोरी महसूस होना
- थोड़ा काम करने पर सांस फूलना
- चक्कर आना या सिरदर्द होना
- त्वचा का पीला पड़ना
- दिल की धड़कन तेज महसूस होना
2. विटामिन बी12 और विटामिन डी की कमी
हमारे शरीर के सुचारू रूप से काम करने के लिए कई विटामिन्स और मिनरल्स का सही लेवल में होना जरूरी है। इनकी कमी के चलते कई दिक्कतें हो सकती हैं। विटामिन बी12 और विटामिन डी की कमी के कारण कई बार थकान, कमजोरी या मांसपेशियों को दर्द महसूस हो सकता है। इस पर ध्यान देना जरूरी है।
3. थायराइड की समस्या
थायराइड हार्मोन शरीर के मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाता है। हाइपोथायरॉइडिज्म यानी थायराइड ग्लैंड से थायराइड हार्मोन का सीक्रेशन कम होने पर महिलाओं को लहातार थकान महसूस हो सकती है। इसके साथ वजन बढ़ना, कब्ज, ठंड ज्यादा लगना, त्वचा का रूखा होना, बाल झड़ना और पीरियड्स में बदलाव जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
4. नींद की कमी और मानसिक तनाव
पर्याप्त नींद न लेना, काम का दबाव, परिवार की जिम्मेदारियां और लगातार तनाव भी शरीर के एनर्जी लेवल पर असर डाल सकते हैं। तनाव की वजह से मेंटल ही नहीं, बल्कि फिजिकल हेल्थ भी प्रभावित होती है। तनाव की वजह से कई बार घंटों बिस्तर पर लेटे रहने के बावजूद नींद पूरी नहीं हो पाती है, इसकी वजह से दिनभर सुस्ती और चिड़चिड़ापन बना रह सकता है।
5. हार्मोनल बदलाव और स्वास्थ्य समस्याएं
पीरियड्स, प्रेग्नेंसी और मेनोपॉज के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव नींद, मूड और एनर्जी लेवल पर असर डाल सकते हैं। इसके अलावा डायबिटीज, इंफेक्शन और कुछ अन्य बीमारियां भी लगातार थकान का कारण बन सकती हैं।
लगातार थकान होने पर क्या करें?
- संतुलित आहार लें, जिसमें प्रोटीन, आयरन और जरूरी विटामिन शामिल हों।
- तनाव से दूर रहें और पूरी नींद लें।
- शरीर में पानी की कमी न होने दें।
यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले ही नहीं, तनाव में भी सफाई क्यों करने लगती हैं कुछ महिलाएं? जानें इसके पीछे की वजह
कब डॉक्टर से मिलना चाहिए?
अगर कई हफ्तों से थकान बनी हुई है और इसकी वजह से आप अपने डेली रूटीन को फॉलो नहीं कर पा रही हैं या पूरी नींद और आराम के बावजूद आपको थकान में कमी महसूस नहीं हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
यह भी पढ़ें- तारीफ कानों से गुजर जाती है... ताना दिल में क्यों उतर जाता है? Psychology में छुपा है जवाब
हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- लगातार थकान होने पर महिलाओं को कौन से टेस्ट कराने चाहिए?
- लक्षणों के आधार पर डॉक्टर कंप्लीट ब्लड काउंट (CBC), आयरन से संबंधित जांच, विटामिन बी12, विटामिन डी, थायराइड या ब्लड शुगर टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं।
- महिलाओं में थकान के साथ कौन से लक्षण नजरअंदाज नहीं करने चाहिए?
- लगातार कमजोरी, सांस फूलना, चक्कर आना, दिल की धड़कन तेज होना, बिना वजह वजन कम होना और पीरियड्स में बदलाव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
- क्या शरीर में आयरन की कमी से हर समय थकान महसूस हो सकती है?
- हां, शरीर में आयरन की कमी से एनीमिया हो सकता है। इसके कारण कमजोरी, चक्कर आना, सांस फूलना, सिरदर्द और थोड़े काम के बाद भी थकान महसूस हो सकती है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।