Menopause Diary: मेनोपॉज में रात को बार-बार क्यों खुलती है नींद? एक्सपर्ट से समझें वजह

मेनोपॉज में महिलाओं के शरीर में कई बदलाव आते हैं। कई महिलाओं को इस समय नींद मुश्किल से आती है या रात में बार-बार नींद खुल जाती है, चलिए इसके पीछे की वजह डॉक्टर से समझते हैं।
Updated:- 2026-10-30, 14:12 IST
why do women wake up frequently at night during menopause

मेनोपॉज महिलाओं की जिंदगी में आने वाला एक नेचुरल फेज है, जिससे हर महिला को आमतौर पर 45-55 साल के बीच गुजरना पड़ता है। हालांकि, आजकल कई कारणों से चलते कुछ महिलाओं को 40 की उम्र मे भी मेनोपॉज के लक्षण महसूस होने लगते हैं। इस समय पर महिलाओं के शरीर में कई हार्मोनल बदलाव आते हैं, जिनका असर उनकी फिजिकल और मेंटल हेल्थ के साथ नींद पर भी पड़ सकता है। कई महिलाओं को इस समय पर नींद मुश्किल से आती है, तो कई महिलाओं की नींद बार-बार खुल जाती है, ऐसा क्यों होता है और क्या यह नॉर्मल है, चलिए इसका जवाब एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी हम डॉक्टर सोनू खोखर, एमबीबीएस डॉक्टर, हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपर्ट (Dr. Sonu Khokhar, MBBS Doctor, Health and Wellness Expert) संग हुई बातचीत के आधार पर शेयर कर रहे हैं।

मेनोपॉज में रात को बार-बार क्यों खुलती है नींद?

डॉक्टर सोनू का कहना है कि सबसे पहले तो किसी भी महिला के लिए यह समझना बहुत जरूरी है कि मेनोपॉज में मूड स्विंग्स, नींद न आने, रात के समय ज्यादा पसीना आने, हॉट फ्लैशेज, मूड में बदलाव होने, हड्डियों के कमजोर और चिड़चिड़ापन महसूस होने जैसी बातें काफी हद तक नॉर्मल हैं और इनके लिए आपको घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। बेशक अगर इनमें से कोई भी लक्षण आपको बहुत अधिक परेशान कर रहा है या इसकी वजह से आपकी रूटीन पर असर हो रहा है, तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं। इस समय पर नींद न आने या रात को नींद बार-बार खुलने के पीछे कई कारण हो सकते हैं।

1. एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होना

मेनोपॉज के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर घटने लगता है। अक्सर इस हार्मोन को सिर्फ महिलाओं की फर्टिलिटी और रिप्रोडक्टिव हेल्थ से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह शरीर के तापमान, बोन हेल्थ और नींद को कंट्रोल करने में भी अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में इसके स्तर में बदलाव के कारण कुछ महिलाओं की नींद प्रभावित हो सकती है। उन्हें रात में बार-बार जागने या दोबारा सोने में परेशानी होने लगती है।

why do women wake up frequently at night during menopause expert backed answer

2. रात में अचानक गर्मी महसूस होना

मेनोपॉज के दौरान हॉट फ्लैशेज यानी अचानक तेज गर्मी महसूस होना एक आम लक्षण है। इसमें चेहरे, गर्दन और छाती पर गर्मी महसूस हो सकती है। कुछ महिलाओं को इसके साथ पसीना भी आता है। रात में ऐसा होने पर नींद अचानक खुल सकती है और शरीर को सामान्य महसूस होने में समय लग सकता है। यह भी रात में नींद न आने या नींद बार-बार टूटने की वजह सो सकती है।

3. एंग्जायटी और तनाव

मेनोपॉज के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलावों के चलते महिलाओं को कई बार तनाव और एंग्जायटी होने लगती है और इसकी वजह से रात में वे ओवरथिंकिंग करना शुरू कर देती हैं, जिसके चलते नींद नहीं आती है।

4. बार-बार यूरिन आना

कुछ महिलाओं को मेनोपॉज के दौरान रात में बार-बार यूरिन जाने की जरूरत महसूस होती है। एस्ट्रोजन का लेवल कम होने के चलते यूरिनरी ट्रैक्ट के टिश्यूज पर असर होता है और यूरिन से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं। यह भी नींद टूटने का एक कारण होता है।

why do women wake up frequently at night during menopause expert backed answer

यह भी पढ़ें- UTI After Menopause: मेनोपॉज के बाद बार-बार यूरिन इंफेक्शन क्यों होता है? एक्सपर्ट से समझें पूरी बात

मेनोपॉज में अच्छी नींद के लिए क्या करें?

मेनोपॉज के समय कुछ खास बातों का ध्यान रखने से आपकी मुश्किल कम होगी और नींद अच्छी आएगी।

  • सोने और जागने का समय तय करें। रोजाना लगभग एक ही समय पर सोने और उठने की कोशिश करें।
  • कमरे को ठंडा रखें ताकि नींद अच्छे से आए। हल्के कपड़े पहनें।
  • शाम से ही चाय-कॉफी से दूरी बना लें।
  • सोने से पहले मेडिटेशन करें।
  • स्क्रीन टाइम कम करें।

नोट- अगर मेनोपॉज के दौरान आपको नींद न आने की दिक्कत हो रही है या अन्य कोई समस्या बार-बार परेशान कर रही है, तो इसे नॉर्मल समझकर नजरअंदाज न करें। इसे हर बार केवल हार्मोनल बदलावों से जोड़ना सही नहीं है। डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

 

यह भी पढ़ें- मेनोपॉज में खुद से ही परेशान क्यों रहने लगती हैं महिलाएं? समझें मूड और हार्मोन्स का कनेक्शन

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shutterstock

FAQ
मेनोपॉज में कितने घंटे सोना जरूरी है?
किसी भी उम्र में महिलाओं को हर रात लगभग 7-9 घंटे की नींद की जरूरत होती है। मेनोपॉज के दौरान भी पर्याप्त और अच्छी गुणवत्ता वाली नींद जरूरी है।
क्या मेनोपॉज में स्लीप एपनिया की समस्या बढ़ सकती है?
हां, मेनोपॉज के बाद महिलाओं में ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया का खतरा बढ़ सकता है। इसमें सोते समय सांस बार-बार रुकती है और फिर शुरू होती है। इसके कारण नींद टूटती रहती है। तेज खर्राटे, सुबह सिरदर्द और दिन में बहुत ज्यादा नींद आना इसके लक्षण हो सकते हैं।
मेनोपॉज में रात को नींद खुलने पर दोबारा जल्दी कैसे सोएं?
अगर रात में नींद खुल जाए, तो घड़ी देखने या मोबाइल चलाने से बचें। कमरे का तापमान आरामदायक रखें और धीमी गहरी सांसें लें। अगर 15-20 मिनट तक नींद न आए, तो बिस्तर से उठकर हल्की रोशनी में मेडिटेशन करें। नींद आने पर दोबारा बिस्तर पर जाएं।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।