हर बात पर 'सॉरी' बोलने की आदत महिलाओं में ज्यादा क्यों होती है?

'अच्छा ठीक है सॉरी..मेरी गलती है।'
'अच्छा चलो बात खत्म करो..आई एम सॉरी..'
अगर आपमें भी बात-बात पर सॉरी बोलने की आदत है और कई बार आपको लगता है कि आपकी गलती न होने पर भी आप सॉरी बोल देती हैं, तो आप अकेली नहीं हैं। आपकी तरह कई और महिलाएं भी ऐसा करती हैं। कनाडा के ओंटारियो के वाटरलू यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च में भी यह बात सामने आई कि लड़कियां, लड़कों की तुलना में जल्दी और ज्यादा सॉरी बोलती हैं। क्या आपने कभी इसके पीछे की वजह समझने की कोशिश की है? अगर आप सोच रही हैं कि ऐसा बस यूं ही होता है या इसके पीछे कोई खास वजह नहीं है, तो आप गलत है। इसके पीछे महिलाओं की साइकोलॉजी से जुड़े गहरे कारण छिपे हैं। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में Dr. Samant Darshi, Consultant- Psychiatrist, Yatharth Hospitals, Noida जानकारी दे रहे हैं।
महिलाओं में हर बात पर 'सॉरी' बोलने की आदत ज्यादा क्यों होती है?
- डॉक्टर दर्शी का कहना है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं का ज्यादा बार या ज्यादा जल्दी माफी मांग लेना कई कारणों की वजह से होता है। इसमें सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोवैज्ञानिक कारण शामिल है। ऐसा किसी बायोलॉजिकल कारण से नहीं होता है।
- अक्सर बचपन से ही महिलाओं को विनम्र, मिलनसार, सहयोगी और दूसरों का ख्याल रखने वाला बनने की सीख दी जाती है। ऐसे में किसी भी छोटी बात पर सॉरी बोल देना बातचीत का एक जरिया सा बन जाता है, जिससे दूसरे से अच्छे रिश्ते बनाए रखने और झगड़ों से बचने में मदद मिलती है।

- यहां यह समझना जरूरी है कि ज्यादातर स्थितियों में, महिलाएं 'सॉरी' शब्द का इस्तेमाल इसलिए नहीं करतीं कि वे माफी मांगना चाहती हैं, बल्कि इसलिए करती हैं ताकि वे सहानुभूति, विनम्रता और दूसरों का ख्याल रखने की फीलिंग दिखा सकें। उदाहरण के लिए, "आपको परेशानी हुई...उसके लिए मैं माफी चाहती हूं।" जैसी बातें अक्सर सिर्फ दूसरों का सम्मान रखने के लिए कही जाती हैं।
- इसकी एक वजह ये भी है कि महिलाओं की सामाजिक कंडीशनिंग इस तरह की गई है कि उन्हें कई स्थितियों में खुद लगने लगता है कि उन्हें माफी मांग लेनी चाहिए। दूसरों की बात में दखल देना, मदद मांगना या कुछ मिनट की देरी हो जाना...ये कुछ ऐसी चीजें हैं, जिन पर महिलाएं आसानी से खुद को गलत मानते हुए सॉरी बोल देती हैं।
- कई बार महिलाओं को लगता है कि अगर वो बेबाक होकर अपनी बात रखेंगी, तो उन्हें जज किया जाएगा और इस स्थिति में भी वो बात शुरू करने से पहले ही सॉरी कह देती है। मसलन, "सॉरी पर मैं कुछ कहना चाहूंगी।"
यह भी पढ़ें- जब घर भी Safe नहीं लगता... महिलाओं की मेंटल हेल्थ पर क्या पड़ता है असर?
-1784449952134.jpg)
- इसके पीछे एक वजह ये भी है कि महिलाओं में दूसरों को समझने की क्षमता पुरुषों से ज्यादा होती है और इसलिए जब उन्हें लगता है कि उनकी वजह से किसी को ठेस पहुंच रही है, तो वो तुरंत माफी मांग लेती हैं।
- डॉक्टर दर्शी का कहना है कि यह बात सभी महिलाओं पर लागू नहीं होती है। कुछ महिलाएं ऐसी भी होती हैं जो कभी माफी नहीं मांगती हैं और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखती हैं। वहीं कुछ ऐसे पुरुष भी होते हैं, जो बहुत ज्यादा माफी मांगते हैं। यह कई कारकों पर निर्भर कर सकता है।
यह भी पढ़ें- सिक्स्थ सेंस या गहरी समझ, महिलाएं किसी अनजान व्यक्ति के इरादों को इतनी जल्दी कैसे भांप लेती हैं?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific, shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।