सेल्फ-केयर का नया जरिया सोलो ट्रिप, जानें अकेले ट्रैवल करना महिलाओं की मेंटल हेल्थ के लिए क्यों है वरदान?
-1792646392655.webp)
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं घर, ऑफिस और परिवार में इतना उलझ जाती हैं कि खुद के लिए वक्त निकालना भूल जाती हैं। कभी ऑफिस की डेडलाइन तो कभी परिवार के काम; इन सबके बीच अपनी पसंद पर ध्यान देना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सोलो ट्रैवल यानी अकेले घूमने को सेल्फ-केयर के रूप में देखा जा रहा है। अकेले घूमना सिर्फ नई जगहों को देखना या छुट्टियां बिताना नहीं है, बल्कि खुद को समझने, अपनी पसंद से फैसले लेना और मानसिक सुकून पाने का मौका भी होता है।
क्या सोलो ट्रिप है मेंटल हेल्थ के लिए बढ़िया?
अकेले घूमने से कॉन्फिडेंस बिल्ड होता है। हालांकि, हर व्यक्ति का अनुभव अलग होता है, लेकिन सोलो ट्रिप को मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं का इलाज नहीं मानना चाहिए। आइए एम्स दिल्ली की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और BSF की एमिनेंट फैकल्टी डॉक्टर विधि पिलनिया से जानते हैं कि अकेले घूमना महिलाओं के लिए सेल्फ-केयर का अच्छा तरीका क्यों बन सकता है?
Photo Credit: Magnific
1. अपनी मर्जी से फैसले लेने का मिलता है मौका
अक्सर महिलाएं परिवार, पार्टनर या दोस्तों के साथ घूमने जाती हैं, जहां जगह चुनने से लेकर खाने और घूमने का समय तय करने तक; हर फैसले दूसरों के हिसाब से करने पड़ते हैं। सोलो ट्रिप में ऐसा नहीं होता है। सोलो ट्रैवल में महिला अपने हिसाब से दिन की शुरुआत कर सकती है। किसी खूबसूरत जगह पर ज्यादा से ज्यादा समय बिता सकती है या फिर बिना किसी के दबाव के आराम कर सकती है। दरअसल, अकेले घूमने से अपनी जरूरतों को पहचानने में भी मदद होती है कि असल में हमें क्या पसंद है और क्या नहीं?
2. बढ़ता है आत्मविश्वास
अकेले सफर करने के दौरान टिकट बुकिंग से लेकर अनजान जगह पर छोटी-बड़ी परेशानियों को खुद ही समझना पड़ता है। शुरुआत में ये काम मुश्किल लगता है, लेकिन बस अपने ऊपर भरोसा करने की जरूरत होती है। सोलो ट्रैवल के दौरान आने वाली चुनौतियों का सामना करने से व्यक्ति अपने फैसलों पर भरोसा करना चाहिए। यही अनुभव जिंदगी में आत्मविश्वास बढ़ाता है।
3. मिलता है स्ट्रेस से ब्रेक
ऑफिस का काम, घर की जिम्मेदारियां और रिश्तों में तालमेल बैठाने की कोशिश कई बार मानसिक संतुलन को हिलाकर रख देती है। ऐसे में रोज के काम से हटकर भी कुछ अलग करना चाहिए, जो दिमाग को सुकून दे। इसके लिए बेस्ट ऑप्शन है सोलो ट्रिप। सोलो ट्रिप के दौरान महिला अपने मुताबिक कुछ भी कर सकती हैं जैसे टहलना, समुद्र किनारे बैठना, किसी कैफे में किताब पढ़ना या नेचर के बीच कुछ समय शांत बिताना।
Photo Credit: Magnific
4. खुद को समझने में मिलती है मदद
कई बार रोज के कामों में महिलाओं को यह सोचने का समय नहीं मिलता कि वे वास्तव में क्या चाहती हैं, किस बात से परेशान हैं और जिंदगी में आगे क्या करना चाहती हैं? सोलो ट्रिप उन्हें अपने बारे में सोचने का मौका देती है। अकेले समय बिताने से महिलाएं पसंद और उन चीजों के बारे में सोच सकती हैं; जिन्हें वह लंबे समय से नजरअंदाज कर रही थी।
5. दूसरों को खुश रखने के मिलता है ब्रेक
कई महिलाएं परिवार और रिश्तों में अपनी जरूरतों से पहले दूसरों की जरूरतें देखती हैं। वे दूसरों की पसंद का ध्यान रखती हैं, अपनी परेशानियां छुपाती हैं और कई बार अपनी इच्छा के खिलाफ भी फैसले ले लेती हैं। सोलो ट्रिप इस आदत पर विचार करने का मौका देती है। अकेले सफर के दौरान महिला यह तय कर सकती है कि उसे कब आराम करना है, कहां जाना है? उसे हर फैसले अपने आप को खुश करने के लिए लेने चाहिए।
6. अकेले रहने की झिझक होती है कम
अकेले रेस्टोरेंट में खाना खाना, किसी नई जगह पर घूमना या अनजान लोगों से बातचीत शुरू करना कई लोगों को अच्छा नहीं लगता है। खासकर तब, जब उन्हें लगता है कि लोग उन्हें अकेला देखकर क्या सोचेंगे? सोलो ट्रिप के दौरान महिला धीरे-धीरे अपनी कंपनी में खुश रहने लगती है। इस तरह अकेले समय बिताने और नए लोगों से जुड़ने, दोनों चीजें करने का मौका मिलता है।
Photo Credit: Magnific
यह भी पढ़ें- Solo Trip का खर्च नहीं पड़ेगा जेब पर भारी, बस याद रखें ये 7 आसान रूल्स
सोलो ट्रिप पर जाने से पहले महिलाएं इन बातों का रखें ध्यान
सोलो ट्रिप आत्मविश्वास बढ़ाने का अच्छा अनुभव हो सकती है, लेकिन महिलाओं के लिए ट्रिप पर जाने से पहले कुछ बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
- जगह के बारे में पहले रिसर्च करें: ऐसी डेस्टिनेशन चुनें, जहां पहुंचना आसान हो और रहने की अच्छी व्यवस्था हो।
- होटल सोच-समझकर चुनें: होटल बुक करने से पहले लोकेशन और रिव्यू जरूर देखें।
- अपनी ट्रिप की जानकारी परिवार को दें: कहां रुक रही हैं और कब कहां जाने वाली हैं, इसकी जानकारी किसी भरोसेमंद व्यक्ति को जरूर दें।
- इमरजेंसी नंबर अपने पास रखें: स्थानीय पुलिस, होटल और जरूरत पड़ने पर संपर्क किए जाने वाले लोगों के नंबर सेव रखें।
- रात में अनजान जगहों पर अकेले जाने से बचें: अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही घूमने का प्लान बनाएं।
क्या सोलो ट्रिप हर महिला के लिए सही है?
जरूरी नहीं कि हर महिला सोलो ट्रिप करना पसंद करें। कुछ लोगों को दोस्तों या परिवार के साथ घूमना ज्यादा अच्छा लगता है। इसलिए, सोलो ट्रिप को किसी ट्रेंड या सोशल मीडिया के दबाव में आकर चुनने के बजाय अपनी पसंद, बजट और सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही प्लान करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- ट्रैवल के समय ये स्मार्ट और ट्रेंडी चीजें रखें साथ, सफर होगा आसान और स्टाइलिश
आज की व्यस्त जिंदगी में महिलाओं के लिए खुद पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। सोलो ट्रैवल (अकेले घूमना) महिलाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने, तनाव से राहत पाने और अपने फैसले खुद लेने का एक शानदार मौका देता है। हालांकि, किसी भी ट्रेंड को अपनाने से पहले अपनी पसंद और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना चाहिए। आत्म-देखभाल (Self-care) का मतलब सिर्फ घूमना नहीं है, बल्कि वही तरीका चुनना है जो आपको मानसिक और शारीरिक रूप से सबसे ज्यादा खुशी और सुकून दे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या सोलो ट्रैवल सिर्फ घूमने का एक जरिया है या इससे मानसिक सेहत पर भी असर पड़ता है?
- सोलो ट्रैवल सिर्फ घूमना नहीं है, बल्कि यह तनाव से राहत पाने, खुद को बेहतर ढंग से समझने और मानसिक सुकून पाने का एक बेहतरीन जरिया है।
- परिवार और घर की जिम्मेदारियों में उलझी महिलाओं के लिए अकेले सफर पर जाना क्यों फायदेमंद माना जाता है?
- इससे महिलाओं को बिना किसी के दबाव के अपनी मर्जी से फैसले लेने, खुद को वक्त देने और रोजमर्रा के तनाव से ब्रेक पाने का मौका मिलता है।
- सोलो ट्रिप प्लान करने से पहले महिलाओं को मुख्य रूप से किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
- ट्रिप पर जाने से पहले सही डेस्टिनेशन की रिसर्च करना, होटल और सेफ्टी के रिव्यूज देखना, और अपनी यात्रा की जानकारी परिवार को देना बेहद जरूरी है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।