Fri Sep 11, 2026 | Updated 06:39 PM IST

क्या बाजार में मिल रही 'स्लीप किट' से दूर होगी अनिद्रा? एक्‍सपर्ट से जानें

तनाव, चिंता, घबराहट या इंसोमनिया, कारण कोई भी क्यों न हो। किसी न किसी वजह से लोग सुकून भरी नींद से वंचित हो रहे हैं। इसी परेशानी को दूर करने का दावा करते हुए बाजार में इन दिनों स्लीपिंग किट बिक रहे हैं। 
Updated:- 2026-09-03, 12:51 IST
is a sleep kit an easy solution for insomnia

स्वस्थ दिनचर्या के लिए 8-9 घंटे की नींद को पर्याप्त माना गया है, लेकिन भागमभाग भरी इस जिंदगी में लोग पूरी नींद कहां ले पा रहे हैं, नतीजा लाइफस्टाइल से जुड़ी कई तरह की बीमारियां उनके शरीर को अपना घर बना रही हैं। ऐसे में लोग दवाइयां और थेरेपी का सहारा ले रहे हैं फिर भी स्थायी समाधान नहीं मिल पा रहा है। इन दिनों बाजार में ऐसी स्लीपिंग किट उपलब्ध हैं, जो लोगों को सुकून भरी नींद देने का दावा कर रहे हैं। इन किट्स में कुछ ऐसी चीजें हैं जो आपको अच्छी नींद लाने में मदद करती हैं। ये किट्स आप ट्रेवल के दौरान भी अपने साथ रख सकते हैं। आइए मनोचिकित्सक से समझें कितने फायदेमंद हैं ये प्रोडक्‍ट्स....

क्या है स्लीप किट?

स्लीप किट एक ऐसा पैकेज या किट है, जिसमें अच्‍छी नींद लेने में मदद करने वाली चीजें शामिल होती हैं। इसमें आमतौर पर आई मास्क, ईयरप्लग्स, व्हाइट नॉइज़ मशीन, रिलैक्सेशन प्रोडक्ट्स जैसी चीजें होती हैं। इस किट का उद्देश्य नींद के लिए शांत और आरामदायक माहौल तैयार करना होता है।

sleep kit for insomnia expert advice

  • आई मास्क: कई लोगों को कमरे में थोड़ी भी रोशनी होने से नींद आने में दिक्कत होती है। इसलिए आई मास्क का प्रयोग किया जाता है। कॉटन से बना यह मास्क अंधेरे को रोकने में मदद करता है।
  • ईयरप्लग्स या व्हाइट नॉइज मशीन: बाहर के शोरगुल को दबाने के लिए इनका प्रयोग होता है। ये दोनों चीजें दिमाग और मन को शांत करने में मदद करती हैं।
  • पिलो मिस्ट या एसेंशियल ऑयल: लैवेंडर या कैमोमाइल की खुशबू वाला पिलो स्प्रे, जो अरोमाथेरेपी के जरिए नर्वस सिस्टम को शांत करता है।
  • वेटेड ब्लैंकेट: यह शरीर पर हल्का और आरामदायक दबाव बनाता है, जिससे सुरक्षा का अहसास होता है और जल्दी नींद आती है।

यह भी पढ़ें- रोज की अधूरी नींद आपके तन और मन को कर रही है बीमार, ऐसे पहचानें Sleep Debt

एक्‍सपर्ट की राय

इहबास दिल्ली के मनोचिकित्सा के विभागाध्यक्ष, डॉक्‍टर ओम प्रकाश कहते हैं कि बाजार में मिलने वाली स्लीप किट्स नींद में सहायक साधन के तौर पर काम कर सकती हैं। रोशनी, शोर और आसपास की बाधाओं को कम करने में मदद कर सकती हैं, आपके लिए सोने का माहौल तैयार कर सकती हैं लेकिन ये सारी चीजें अनिद्रा का इलाज नहीं कर सकती हैं। हां, यात्रा, अस्पताल या फिर किसी नई जगह पर सोने के दौरान इनका प्रयोग भी किया जा सकता है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति लंबे समय से सो ही नहीं पा रहा है, रात में कई बार नींद खुल जाती है या बहुत जल्दी नींद टूट जाती है या फिर पर्याप्त समय सोने के बाद भी दिनभर थकान और नींद बनी रहती है, तो केवल आई मास्क या ईयरप्लग इसका समाधान नहीं हैं।

ऐसी स्थिति में यह समझना जरूरी है कि आखिर नींद खराब क्यों हो रही है। इसके पीछे तनाव, चिंता, अवसाद, अनियमित दिनचर्या, देर रात मोबाइल का इस्तेमाल, कैफीन या अल्‍कोहल, दवाइयां, खर्राटे या फिर स्लीप एपनिया जैसे कारण भी हो सकते हैं। अच्छी नींद के लिए सोने-जागने का सही समय, दिन में पर्याप्त शारीरिक गतिविधि, रात में शांत वातावरण बहुत महत्वपूर्ण हैं। इसलिए कहा जा सकता है कि स्लीप किट नींद के लिए माहौल बेहतर बना सकती है, लेकिन लगातार बनी रहने वाली अनिद्रा में कारण की पहचान और सही उपचार ज्यादा जरूरी है।

is a sleep kit an easy solution for insomnia

घर पर 'स्लीप किट' कैसे बनाएं?

  • सूती चादर और हल्का फुल्का तकिया ले लें।
  • सोने से पहले पैरों में तेल की मालिश करें।
  • रोशनी बहुत धीमी रखें या फिर नाइट लैंप जला सकते हैं।

यह भी पढ़ें- खाना खाने के बाद आपको भी आती है भयंकर नींद? जानिए कारण और बचाव

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Images: magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।