प्रेग्नेंसी में कर रहा है मिठाई खाने का मन? जानिए दिवाली पर कितनी और कौन सी मिठाइयां खाना है सुरक्षित
-1793939501414.webp)
दिवाली के त्योहार पर हर किसी के घर अलग अलग तरीके की मिठाइयां आती हैं। बाजार में रंग-बिरंगी मिठाइयां देखकर हर किसी का मन ललचा जाता है। अगर आप प्रेग्नेंट हैं, तो मनपसंद मिठाई खाने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। इस दौरान खानपान का असर मां की सेहत के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी पड़ता है। ऐसे में सवाल है कि क्या गर्भवती महिलाएं दिवाली पर लड्डू, बर्फी और रसगुल्ला खा सकती हैं? आइए श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट की चीफ डाइटिशिन प्रिया पालीवाल से जानते हैं।
क्या प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए सेफ हैं मिठाइयां
प्रेग्नेंसी के दौरान कई महिलाओं का मीठा खाने का मन करता है। दिवाली जैसे त्योहार पर तो घर में मिठाइयों की भरमार रहती है। ऐसे में खुद को रोक पाना मुश्किल हो जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि गर्भवती महिलाओं को अपनी पसंद की हर मिठाई से दूरी बना लेनी चाहिए। जरूरत है सही मिठाई चुनने और उसकी मात्रा का ध्यान रखने की। अगर आपकी प्रेग्नेंसी सामान्य है, तो कुछ सावधानियों के साथ त्योहार की मिठास का आनंद लिया जा सकता है।
क्या प्रेग्नेंसी में मिठाई खाना सुरक्षित है?
प्रेग्नेंसी में मिठाई खाना पूरी तरह मना नहीं होता है। हालांकि, बहुत ज्यादा चीनी और कैलोरी वाली चीजें बार-बार खाने से इस दौरान बचना चाहिए। नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के मुताबिक, प्रेग्नेंसी में ज्यादा मीठी चीजें चीजें नहीं खानी चाहिए क्योंकि ज्यादातर महिलाओं का इस समय ब्लड शुगर लेवल बढ़ा होता है। साथ ही, मीठा खाने से ज्यादा कैलोरी बढ़ती है, जिससे जरूरत से ज्यादा वजन भी बढ़ जाता है। इसलिए मिठाई खाने का मन हो, तो कम मात्रा में लें और इसे रोज की आदत न बनाएं।

Photo Credit: Magnific
दिवाली पर कौन सी मिठाइयां खा सकती हैं?
अगर आपको डायबिटीज या कोई दूसरी स्वास्थ्य समस्या नहीं है और डॉक्टर ने खानपान को लेकर कोई खास पाबंदी नहीं लगाई है, तो आप सीमित मात्रा में कुछ ऑप्शन चुन सकती हैं।
1. घर पर बने बेसन के लड्डू
घर पर साफ-सफाई से बने बेसन के लड्डू खा सकती हैं। इनमें बेसन और घी होता है, लेकिन चीनी और घी की मात्रा ज्यादा होने पर ये कैलोरी से भरपूर हो सकते हैं। इसलिए, छोटा लड्डू लें और जरूरत से ज्यादा खाने से बचें।
2. सूखे मेवों से बनी मिठाई
बादाम, अखरोट और दूसरे सूखे मेवों से बनी मिठाइयां भी आप खा सकती हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर और अच्छे फैट मिलते हैं। हालांकि, इनमें भी कैलोरी और कई बार चीनी ज्यादा होती है। इसलिए इन्हें भी सीमित मात्रा में ही खाएं।
3. तिल और मूंगफली की मिठाई
तिल और मूंगफली से बनी चिक्की या लड्डू में कुछ जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इन्हें भी थोड़ी मात्रा में खाया जा सकता है। ध्यान रखें कि मिठाई में गुड़ या चीनी ज्यादा न हो।
4. घर पर बनी बर्फी
घर पर साफ-सफाई के साथ तैयार बेसन या नारियल की बर्फी भी खा सकती हैं। दूध या मावे से बनी मिठाई लेते समय यह सुनिश्चित करें कि दूध ताजा हो और मिठाई सही तरीके से रखी गई हो।
कितनी मिठाई खाना है सही?
हर गर्भवती महिला के लिए मिठाई की एक जैसी मात्रा तय नहीं की जा सकती है। यह उसकी सेहत, वजन, ब्लड शुगर और खानपान पर निर्भर करता है। अगर प्रेग्नेंसी सामान्य है, तो कभी-कभार एक छोटा पीस खाना ठीक हो सकता है, लेकिन एक साथ कई तरह की मिठाइयां खाने और बार-बार मीठा खाने से बचें।
यह भी पढ़ें- दिवाली के खाने की वजह से डाइटिंग हो गई है फेल? वजन कम करने के लिए फॉलो करें यह डाइट प्लान
जेस्टेशनल डायबिटीज है तो बरतें ज्यादा सावधानी
कुछ महिलाओं को प्रेग्नेंसी के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज हो जाती है। इसमें ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है। ऐसे में ज्यादा चीनी वाली मिठाइयां शुगर को नियंत्रित करना मुश्किल बना सकती हैं। इस स्थिति में खानपान और ब्लड शुगर की नियमित निगरानी जरूरी है। इसलिए ऐसी महिलाओं को मिठाई खाने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेनी चाहिए।

Photo Credit: Magnific
बाजार की मिठाई खरीदते समय रखें ध्यान
प्रेग्नेंसी में खाने की साफ-सफाई का ध्यान रखना भी जरूरी है।
- खुले में रखी या बासी मिठाई न खाएं।
- मावे और दूध से बनी मिठाई ताजी होनी चाहिए और उसे सही तापमान पर रखा गया हो।
- घर पर मिठाई बनाते समय हाथ, बर्तन और इस्तेमाल होने वाली सामग्री साफ रखें।
दिवाली पर मिठाई खाने के साथ फल, दही, मेवे और पौष्टिक भोजन को भी अपनी डाइट में जगह दें। याद रखें कि त्योहार का आनंद लेने के लिए बहुत ज्यादा मीठा खाना जरूरी नहीं है। थोड़ी सावधानी रखकर आप अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए दिवाली मना सकती हैं।
यह भी पढ़ें- प्रेग्नेंसी में क्या वाकई दो लोगों के बराबर खाना चाहिए? डॉक्टर से जानें पूरा सच
प्रेग्नेंसी में दिवाली की मिठाई से पूरी तरह दूर रहने की जरूरत नहीं है, बस समझदारी से चुनना है। घर की बनी एक छोटी मिठाई, वो भी कभी-कभार, आपकी खुशी और बच्चे की सेहत दोनों को बचा लेगी। त्योहार का असली मजा ज्यादा मीठा खाने में नहीं, बल्कि परिवार के साथ आराम से मनाने में है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- प्रेग्नेंसी में क्या रसगुल्ला खा सकते हैं?
- हां, पर एक से ज्यादा नहीं। रसगुल्ले में चीनी की चाशनी बहुत ज्यादा होती है, इसलिए चाशनी निचोड़कर एक छोटा पीस ही खाएं और उसी दिन और मीठा न खाएं।
- प्रेग्नेंट महिलाओं को मिठाई खाने का सबसे सही समय क्या है?
- खाली पेट मिठाई खाने से शुगर जल्दी बढ़ता है। मिठाई हमेशा खाने के बाद, थोड़ी मात्रा में खाएं और उसके बाद 10-15 मिनट हल्की वॉक कर लें।
- अगर जेस्टेशनल डायबिटीज है तो क्या एक भी मिठाई नहीं खा सकते?
- ऐसी स्थिति में बिना डॉक्टर की सलाह के मिठाई न खाएं। अगर बहुत मन है तो डॉक्टर से पूछकर शुगर-फ्री या ड्राई फ्रूट्स वाली छोटी मिठाई का ऑप्शन ले सकती हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।