क्या ब्रेस्ट में गांठ न होने पर भी हो सकता है कैंसर? इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

ब्रेस्ट में किसी तरह की गांठ को ब्रेस्ट कैंसर का पहला संकेत माना जाता है। कई बार महिलाओं के मन में यह सवाल भी उठता है कि क्या ब्रेस्ट में गांठ न होने पर भी Breast Cancer हो सकता है और इसके अन्य शुरुआती लक्षण क्या हैं? चलिए इसका जवाब एक्सपर्ट से जानते हैं।
Updated:- 2026-10-21, 19:20 IST
image

ब्रेस्ट में किसी तरह की गांठ होने पर सबसे पहले महिलाओं के दिमाग में ब्रेस्ट कैंसर को लेकर डर पैदा हो जाता है। अक्सर इसे ब्रेस्ट कैंसर का शुरुआती लक्षण माना जाता है। हालांकि, ऐसा बिल्कुल जरूरी नहीं है कि ब्रेस्ट में होने वाली हर गांठ ब्रेस्ट कैंसर का संकेत ही हो, लेकिन फिर भी अगर स्तन में किसी तरह की कोई गांठ नजर आए, तो इसे नजरअंदाज बिल्कुल नहीं करना चाहिए। यहां एक बात और समझने की जरूरत है कि ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआत में कई बार कुछ महिलाओं में ब्रेस्ट में किसी तरह की कोई गांठ नजर नहीं आती है। कई महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआत होने पर कई अन्य लक्षण नजर आते हैं। चलिए इनके बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी डॉक्टर सोनू खोखर, एमबीबीएस, हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपर्ट (Dr. Sonu Khokhar, MBBS, Health and Wellness Expert) दे रही हैं।

क्या ब्रेस्ट में गांठ न होने पर भी हो सकता है कैंसर?

डॉक्टर सोनू का कहना है कि ब्रेस्ट में गांठ महसूस न होने के बावजूद भी कई मामलों में ब्रेस्ट में कैंसर हो सकता है। असल में कई बार कैंसर की गांठ इतनी छोटी हो सकती है कि उसे हाथ से महसूस करना मुश्किल हो। वहीं, कुछ प्रकार के ब्रेस्ट कैंसर में शुरुआत में स्पष्ट गांठ नजर नहीं आती। कई बार गांठ की जगह ब्रेस्ट की त्वचा पर लालिमा, सूजन और निप्पल में बदलाव नजर आ सकते हैं। ऐसे में सेल्फ ब्रेस्ट एग्जामिनेशन करते वक्त आपको सिर्फ गांठ ही नहीं, बल्कि अन्य लक्षणों पर भी ध्यान देना चाहिए।

गांठ के बिना दिखने वाले ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती संकेत

1. ब्रेस्ट की त्वचा में बदलाव

अगर ब्रेस्ट की त्वचा पर गड्ढे दिखाई देने लगें, त्वचा सिकुड़ने लगे या उसका टेक्सचर संतरे के छिलके जैसा हो जाए, तो इसे नजरअंदाज न करें। कुछ मामलों में ये ब्रेस्ट कैंसर का संकेत हो सकते हैं।

2. ब्रेस्ट में लालिमा या सूजन

ब्रेस्ट के किसी हिस्से में अचानक लालिमा, सूजन या गर्माहट महसूस होना भी ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा कई महिलाओं को ब्रेस्ट में दर्द भी महसूस होता है।

breast cancer and cyst

3. निप्पल के आकार में बदलाव

अगर निप्पल अचानक से अंदर की ओर मुड़ने लगे या निप्पल के रंग में बदलाव महसूस हो, तो इस पर तुरंत ध्यान दें।

4. निप्पल से असामान्य डिस्चार्ज

अगर निप्पल से अचानक से डिस्चार्ज होने लगे, तो यह भी ब्रेस्ट कैंसर का संकेत हो सकता है। हालांकि, हर तरह का डिस्चार्ज कैंसर का संकेत नहीं होता, लेकिन इसकी जांच जरूरी हो सकती है।

5. ब्रेस्ट के आकार या बनावट में बदलाव

अगर एक ब्रेस्ट का आकार अचानक बदलने लगे या दोनों ब्रेस्ट के बीच पहले से अलग असमानता दिखाई दे, तो इस बदलाव पर ध्यान दें। त्वचा में सिकुड़न या ब्रेस्ट के किसी हिस्से का असामान्य रूप से मोटा होना भी कैंसर का इशारा हो सकता है।

6. बगल में सूजन या गांठ

ब्रेस्ट में गांठ न होने पर भी बगल में सूजन या गांठ महसूस हो सकती है। ऐसा होने पर डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- क्या बड़े ब्रेस्ट साइज वाली महिलाओं में Breast Cancer का खतरा ज्यादा होता है? एक्सपर्ट से जानें सच्चाई

ब्रेस्ट में बदलाव दिखने पर क्या करें?

अगर ब्रेस्ट या निप्पल में कोई नया बदलाव दिखाई दे, तो डॉक्टर से संपर्क करें। याद रखें कि अगर ब्रेस्ट कैंसर शुरुआत में ही पकड़ में आ जाए, तो यह पूरी तरह ठीक हो सकता है।

breast cancer symptoms (2)

यह भी पढ़ें- Breast Cancer: क्या अंडरवायर ब्रा पहनने से हो सकता है ब्रेस्ट कैंसर? जानिए इस बारे में क्या है डॉक्टर का कहना

 

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shutterstock

FAQ
क्या ब्रेस्ट में होने वाली सभी गांठे कैंसर होती हैं?
नहीं, ब्रेस्ट में होने वाली सभी गांठे कैंसर नहीं होती हैं। इसका पता जांच के बाद ही चल सकता है।
ब्रेस्ट कैंसर कितनी उम्र में होता है?
ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) होने का सबसे ज्यादा खतरा 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं में होता है, लेकिन यह किसी भी उम्र में हो सकता है।
क्या ब्रेस्ट कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है?
हां, ब्रेस्ट कैंसर पूरी तरह से ठीक हो सकता है, खासकर तब जब इसका पता शुरुआती चरण में चल जाए।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।