Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:52 PM IST

क्या आप जानती हैं कि गर्मियों में ज्यादा गुस्सा क्यों आता है? दिमाग को शांत करेंगे ये उपाय

क्या आपको लगता है कि गर्मियों में आपका गुस्सा बढ़ जाता है? बता दें कि यह आपका भ्रम नहीं है। वाकई गर्मियों में गुस्सा बढ़ जाता है। इसके पीछे की वजह और दिमाग शांत करने के उपायों के बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं।
Updated:- 2026-05-25, 15:56 IST
 How heat affects mood and anger

क्या आपको भी ट्रैफिक में ज्यादा देर खड़े रहने पर गुस्सा आता है, क्या आप भी इन दिनों छोटी-छोटी बातों पर झुंझला जाते हैं, मूड बिगड़ जाता है, दिमाग काम नहीं करता। ये सारे सीजनल अफेक्टिव डिसआर्डर के लक्षण हैं, गर्मी के दिनों में ऐसा ज्यादातर लोगों के साथ हो रहा है। चलिए इहबास के वरिष्ठ मनोचिकित्सक एवं उप-मेडिकल अधीक्षक डा.ओम प्रकाश से समझते हैं कि इसके पीछे क्या है मनोवैज्ञानिक कारण और कैसे रखें खुद को शांत?
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार गर्मी में जब बाहर का तापमान अत्यधिक होने लगता है तब व्यक्ति का केवल शरीर ही नहीं, दिमाग और मन भी गर्म हो जाता है। इसे सीजनल अफेक्टिव डिसआर्डर कहते हैं। इस दौरान व्यक्ति चिड़चिड़ा, गुस्सैल हो जाता है। हर छोटी बात पर खुद पर नियंत्रण खो बैठता है। उसे खुद समझ नहीं आता कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। इस समस्या पर कई तरह के शोध हुए हैं और उसमें यही सामने आया है कि गर्मी के मौसम में मूड स्विंग्स ज्यादा होते हैं, नतीजा एक्सीडेंट्स, रोडरेज की घटनाएं बढ़ने लगती हैं, लोग अपना धैर्य खो बैठते हैं और फिर रिश्तों में खटास आती है।

गर्मियों में गुस्सा ज्यादा आने के कारण

why hot weather triggers anger

पानी और आक्सीजन की कमी

जैसे अगर गर्मी के मौसम में पारा 45 के पार पहुंचता है, लू के थपेड़े मुंह को जलाते हैं तो सबसे पहले शरीर में पानी और आक्सीजन का स्तर कम होने लगता है। डिहाइड्रेशन की वजह से दिमाग जल्दी गर्म हो जाता है। जब शरीर डिहाइड्रेट होगा तो दिमाग भी अपने सोचने-समझने की शक्ति खोने लगता है।

नींद कम होना

गर्मी के दिनों में आप कितनी भी कोशिश कर लें लेकिन नींद पूरी नहीं हो पाती है। अगर हम सूरज के उगने और डूबने के समय अनुसार देखें तो शाम देर से होती है और सुबह जल्दी होती है। ऐसे में जिनको देर से सोने की आदत है वे सूरज की रोशनी से जल्दी उठ जाते हैं और उनकी नींद अधूरी रह जाती है। जिससे उनका पूरा दिन चिड़चिड़ाहट में गुजरता है।

कोर्टिसल स्तर का बढ़ना

कोर्टिसल तनाव वाला हार्मोन है, जो गर्मी के मौसम में और बढ़ने लगता है। इसकी वजह से व्यक्ति हर छोटी बात पर तनाव में आ जाता हैं। उसे बहुत जल्दी गुस्सा आने लगता है। ट्रैफिक में ज्यादा देर खड़े रहने पर दिमाग संतुलन खो बैठता है।

शारीरिक समस्याएं

ऐसा नहीं है कि सीजन का असर केवल मन पर होता है, बल्कि गर्मी में सिर दर्द, दिल की धड़कन तेज होना और माइग्रेन जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं।

कैसे रहें शांत?

विश्व स्वास्थ्य संगठन ऐसे मौसम में शांत कैसे रहा जाए उसकी सलाह देता है। जैसे अगर आपको किसी पर बहुत तेज गुस्सा आ रहा है, लड़ने का मन कर रहा है, तो सबसे पहले खुद को शांत करके उस जगह या इंसान से दूर चले जाएं, ताकि झगड़ा होने की गुंजाइश खत्म हो जाए। उसके बाद एक गिलास ठंडा पानी पिएं। जिससे आपके दिमाग तक आक्सीजन और पानी पहुंचे और मन शांत हो जाए।

गहरी लंबी सांसों का अभ्यास

breathing-exercise-for-stress-1778998154971

  • जब भी किसी के साथ तनाव की कोई स्थिति पैदा होती है तो पांच मिनट तक गहरी लंबी सांसों का अभ्यास करें।
  • भले ही आप आफिस में हैं या बाजार में या फिर ट्रैफिक सिग्नल पर, आप कहीं पर भी बाक्स ब्रीदिंग कर सकते हैं।
  • इससे दिमाग को शांत रहने का संकेत पहुंचता है और तनाव वाला हार्मोन कम होने लगता है
  • इसके अलावा कड़ी धूप में बाहर जाने से परहेज करें।
  • सुबह और शाम ध्यान जरूर करें और प्रकृति के बीच जाकर एक वाक लें। ट्रैफिक में फंसे रहने के दौरान शांत संगीत सुनें।
  • तेल मसाले और जंक फूड से दूरी बनाकर रखें। हो सके तो ठंडी जगहों पर रहें और खुली हवा में सांस लें।

यह भी पढ़ें- रात को ठीक से नहीं सोएंगी तो दिमाग और मूड दोनों होंगे खराब, जानिए कैसे?

एक्सपर्ट का कहना है कि वैज्ञानिक अध्ययनों में पाया गया है कि अत्यधिक तापमान में चिड़चिड़ापन, गुस्सा, बेचैनी, नींद की समस्या, उदासी और आक्रामक व्यवहार बढ़ सकते हैं। उत्तर भारत में जब तापमान 40–45 डिग्री तक पहुंचता है, तो इसका असर और स्पष्ट दिखने लगता है। बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और मानसिक रोग से पीड़ित व्यक्तियों को गर्मी में विशेष सावधानी रखनी चाहिए। गर्मी में मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है जितनी शरीर की। थोड़ी सावधानी, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और समय पर मदद से गर्मी का मौसम भी सुरक्षित और संतुलित तरीके से बिताया जा सकता है।

यह भी पढ़ें-  तनाव और एंग्जायटी से चाहिए राहत? रोज करें Box Breathing, मिनटों में मिलेगा सुकून

लेखक- सुमन अग्रवाल


इन टिप्स की मदद से आप दिमाग को शांत रख सकती हैं। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।