अगर आप भी कुत्तों को खिलाती हैं बिस्किट, तो दे रही हैं स्लो पॉइजन? जानिए कैसे

सुबह-सुबह पार्क में या गली के मोड़ पर आपने कई बार लोगों को कुत्तों को बिस्किट या आटे की रोटी खिलाते देखा होगा। कुछ लोग ऑफ़िस जाते समय, तो कुछ सुबह की सैर के दौरान इस अच्छे काम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लेते हैं। जानवरों को खाना देना यकीनन एक दयालु और पुण्य का काम है, खासकर जब वे बेसहारा हों। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो चीज इंसानों के लिए ठीक है, वह जानवरों के लिए भी उतनी ही सही है या नहीं?
दरअसल, कुत्तों को आटे की रोटी या मीठे बिस्किट देना उनकी सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। अगर आप कुत्तों को बिस्किट या रोटी खिलाते हैं, तो उनकी पाचन शक्ति, त्वचा और दांतों पर बुरा असर पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि कुत्तों को रोटी या बिस्किट खिलाने से क्या-क्या समस्याएं हो सकती हैं।
पाचन तंत्र में दिक्कत

रोटी गेहूं के आटे से बनती है और इसमें ग्लूटेन होता है। ग्लूटेन वाली रोटी इंसान तो आसानी से पचा लेते हैं, लेकिन कुत्तों को इसे पचाने में परेशानी होती है। आमतौर पर आपने कुत्तों को दूध-रोटी खाते देखा होगा, लेकिन इसे खाने के बाद उन्हें पचाना काफी मुश्किल होता है। कई बार जब ग्लूटेन पच नहीं पाता, तो कुत्तों को दस्त, उल्टी और बालों का झड़ना जैसी समस्याएं होने लगती हैं।
इसे भी पढ़ें- कुत्तों को देखते ही लगता है डर, तो इस तरीकों से उन्हें बनाएं अपना दोस्त
पोषक तत्वों की कमी
अगर आप रोज कुत्तों को रोटी या बिस्किट खिलाते हैं, तो उनके शरीर में जरूरी पोषक तत्व नहीं पहुंच पाते। रोटी और बिस्किट में कार्बोहाइड्रेट तो काफी होता है, लेकिन कुत्तों को स्वस्थ रहने के लिए प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स भी चाहिए होते हैं। अगर आप रोजाना कुत्ते को रोटी या बिस्किट खिलाते हैं, तो समय के साथ वह कमजोर होने लगेगा, उसे खून की कमी हो जाएगी, बाल झड़ने लगेंगे और सुस्ती भी आ सकती है।
मोटापा और बीमारियां
बिस्किट कुत्तों के लिए फायदेमंद नहीं होते, क्योंकि इनमें चीनी और फैट (वसा) होता है। अगर आप रोजाना कुत्तों को बिस्किट खिलाते हैं, तो उनका वजन बढ़ सकता है। मोटापे की वजह से उन्हें डायबिटीज, जोड़ों में दर्द और जल्दी थकान जैसी समस्याएं होने लग सकती हैं।
एलर्जी भी हो सकती है
अगर आप कुत्तों को रोजाना रोटी या बिस्किट खिलाते हैं, तो उन्हें त्वचा की एलर्जी हो सकती है। वहीं, डॉग्स में अक्सर कुछ कॉमन बीमारियां भी पाई जाती हैं, जो उनकी बढ़ती उम्र के साथ आगे बढ़ती जाती हैं।
इंसानों वाले बिस्किट खतरनाक हो सकते हैं

अगर आप इंसानों वाले बिस्किट कुत्तों को खिलाते हैं, तो यह बहुत खतरनाक साबित हो सकते हैं। दरअसल, इंसानों वाले बिस्किट में चीनी, चॉकलेट और किशमिश पड़ा होता है। अगर कुत्ते इसे खाते हैं, तो उन्हें उल्टी या दस्त लग सकते हैं। यहां तक कि उन्हें दौरे भी पड़ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- Pet Care Tips: 4 दिन की ट्रिप का है प्लान और घर पर हैं पेट्स, तो उनकी देखभाल के लिए करें ये काम
अग्नाशयशोथ (Pancreatitis) का खतरा
कुछ बिस्कुट, खासकर जिनमें ज्यादा वसा होती है, कुत्तों में अग्नाशयशोथ (Pancreatitis) का खतरा बढ़ा सकते हैं। अग्नाशयशोथ एक ऐसी बीमारी है जिसमें कुत्ते के अग्नाशय (पेट के पास एक अंग) में सूजन आ जाती है, और यह बहुत दर्दनाक और जानलेवा भी हो सकती है। इस बीमारी के लक्षणों में उल्टी, पेट में दर्द और कमजोरी शामिल होते हैं।
हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।